Ripe Jackfruit Halwa Recipe : ज्यादातर लोग कटहल का इस्तेमाल सिर्फ मसालेदार सब्जी, अचार या फिर कटहल के कोवे (गुदे) को सीधे खाने के लिए करते हैं. लेकिन क्या आप जानते हैं कि दक्षिण भारत में पके कटहल के कोवे से एक ऐसी पारंपरिक मिठाई बनाई जाती है, जिसे खाकर हर कोई इसका दीवाना हो जाता है? हम बात कर रहे हैं साउथ इंडिया की बेहद मशहूर और पसंदीदा डिश ‘चक्का वरत्ती’ (Chakka Varatti) यानी जैकफ्रूट हलवे की. यह डिश केरल और तमिलनाडु के घरों में बेहद चाव से बनाई और खाई जाती है. आइए जानते हैं पके कटहल के कोवे से ‘चक्का वरत्ती’ बनाने का सबसे आसान और सीक्रेट तरीका.

चक्का वरत्ती (कटहल का हलवा)

चक्का वरत्ती (कटहल का हलवा) के लिए जरूरी सामग्री-

पके कटहल के कोवे: 3 कप (बीज निकाले हुए और बारीक कटे हुए)
गुड़: 1.5 से 2 कप (कद्दूकस किया हुआ)
देशी घी: 4 से 5 चम्मच
सोंठ (सूखा अदरक) पाउडर: आधा छोटा चम्मच
छोटी इलायची पाउडर: 1 छोटा चम्मच
पानी: आधा कप (गुड़ पिघलाने के लिए)

‘चक्का वरत्ती’ बनाने की सबसे आसान विधि-

कटहल के कोवे को पकाएं: सबसे पहले पके हुए कटहल के कोवे से बीज निकाल लें और उन्हें छोटे-छोटे टुकड़ों में काट लें. अब एक कुकर में इन कटे हुए कोवों को आधा कप पानी डालकर 2 से 3 सीटी आने तक मध्यम आंच पर पका लें. जब कुकर ठंडा हो जाए, तो इसे निकालकर मिक्सी में हल्का दरदरा या स्मूथ पेस्ट बना लें.

गुड़ की चाशनी तैयार करें: एक अलग पैन या कढ़ाई में कद्दूकस किया हुआ गुड़ और 3-4 चम्मच पानी डालकर धीमी आंच पर पिघलाएं. जब गुड़ पूरी तरह से पिघल जाए, तो इसे छान लें ताकि गुड़ की सारी गंदगी बाहर निकल जाए.

पेस्ट और गुड़ को मिलाएं: अब एक भारी तले की कढ़ाई में 2 चम्मच घी गर्म करें. इसमें पके हुए कटहल का पेस्ट डालें और मध्यम आंच पर 5 से 7 मिनट तक लगातार चलाते हुए भूनें. इसके बाद इसमें छाना हुआ गुड़ का सिरप धीरे-धीरे मिलाएं.

गाढ़ा होने तक पकाएं: मिश्रण को धीमी से मध्यम आंच पर तब तक पकाएं जब तक कि यह गाढ़ा होकर कढ़ाई का तला न छोड़ने लगे. इस दौरान बीच-बीच में एक-एक चम्मच घी डालते रहें.

मसाले और सीक्रेट टच: जब हलवा एकदम गाढ़ा और डार्क ब्राउन (गहरे भूरे) रंग का हो जाए, तो इसमें सोंठ पाउडर और इलायची पाउडर डालकर अच्छी तरह मिला लें. 1-2 मिनट और पकाने के बाद गैस बंद कर दें.

सर्विंग और स्टोरेज टिप्स-
आपकी गरमा-गरम और खुशबूदार ‘चक्का वरत्ती’ तैयार है! इसे आप सीधे हलवे की तरह खा सकते हैं, या फिर डोसे और पूरी के साथ भी सर्व कर सकते हैं.

इस हलवे की सबसे बड़ी खासियत यह है कि अगर आप इसे एयरटाइट कांच के जार में भरकर फ्रिज में रखें, तो यह 3 से 6 महीने तक बिल्कुल भी खराब नहीं होता है.



Source link

Write A Comment