Moringa Ke Pakode Recipe: चाहे बारिश का दिन हो या शाम के हल्के-फुल्के नाश्ते की तलब, हर किसी को गरमा-गरम पकौड़ों का स्वाद पसंद आता है. आमतौर पर लोग आलू, प्याज़ या पनीर के पकौड़े बनाते हैं. लेकिन अगर आप कुछ नया और सेहतमंद आज़माना चाहते हैं, तो मोरिंगा के पकौड़े एक बेहतरीन विकल्प हैं. मोरिंगा जिसे ड्रमस्टिक भी कहा जाता है. पोषक तत्वों का खज़ाना माना जाता है. इसकी पत्तियों में प्रोटीन, आयरन, कैल्शियम और एंटीऑक्सीडेंट्स भरपूर मात्रा में पाए जाते हैं. यही वजह है कि मोरिंगा से बने पकौड़ों को एक शानदार विकल्प माना जाता है, जो बेहतरीन स्वाद और अच्छी सेहत का बेजोड़ मेल पेश करते हैं.
मोरिंगा के पकौड़े बाहर से कुरकुरे और अंदर से बेहद स्वादिष्ट होते हैं। सबसे अच्छी बात यह है कि इन्हें घर पर बहुत आसानी से बनाया जा सकता है. आइए जानते हैं इसकी आसान रेसिपी…
आवश्यक सामग्री
1 कप ताज़े मोरिंगा के पत्ते, 1 कप बेसन, 1 बारीक कटा हुआ प्याज़, 1–2 हरी मिर्च, 1 छोटा चम्मच लाल मिर्च पाउडर, ½ छोटा चम्मच हल्दी पाउडर, 1 छोटा चम्मच अजवाइन, स्वादानुसार नमक, थोड़ा सा ताज़ा हरा धनिया, ज़रूरत के अनुसार पानी, तलने के लिए तेल.
बनाने की विधि
स्टेप 1. सबसे पहले मोरिंगा के पत्तों को अच्छी तरह धो लें और पानी निकाल दें. अब, एक बड़े कटोरे में बेसन डालें. इसमें सहजन के पत्ते, प्याज़, हरी मिर्च, ताज़ा धनिया, अजवाइन, हल्दी, लाल मिर्च पाउडर और नमक डालें.
स्टेप 2. अब थोड़ा-थोड़ा पानी डालते हुए गाढ़ा बैटर तैयार करें. ध्यान रखें कि बैटर ज्यादा पतला न हो, ताकि पकोड़े कुरकुरे बनें.
स्टेप 3. इसके बाद कड़ाही में तेल गर्म करें. जब तेल अच्छी तरह गर्म हो जाए, तब छोटे-छोटे हिस्सों में मिश्रण डालकर पकोड़े तलें. इन्हें मध्यम आंच पर सुनहरा और कुरकुरा होने तक पकाएं.
तैयार पकोड़ों को टिश्यू पेपर पर निकालें ताकि अतिरिक्त तेल निकल जाए. अब इन्हें हरी चटनी या टमाटर सॉस के साथ गरमागरम सर्व करें
अगर आप अपने रोज़ाना के पकौड़ों से कुछ अलग बनाना चाहते हैं, तो आपको मोरिंगा के पकौड़े ज़रूर आज़माने चाहिए. यह रेसिपी परिवार में सभी को बच्चों और बड़ों, दोनों को ही जरूर पसंद आएगी.
( Disclaimer : इस खबर में दी गई जानकारी और सलाह विशेषज्ञों से हुई बातचीत पर आधारित है. ये सामान्य जानकारी है, व्यक्तिगत सलाह नहीं. इसलिए किसी भी सलाह को अपनाने से पहले विशेषज्ञ की सलाह जरूर लें. किसी भी नुकसान के लिए न्यूज-18 जिम्मेदार नहीं रहेगा.