Last Updated:
Jau Ka Daliya Recipe: जौ का दलिया गांव-देहात की तरफ काफी खाया जाता है और इसके गुणों के कारण अब यह शहरी लोगों के बीच भी काफी लोकप्रिय हो रहा है. सब्जियां डालकर इसे बनाएं और नाश्ते या लंच में खाएं. इसमें खूब प्रोटीन होता है और दूसरे पोषक तत्व भी जो लंबे समय तक भूख नहीं लगने देते. यह वजन कंट्रोल करने के लिए और शुगुर पेशेंट्स के लिए भी बेहतरीन होता है.
रांची. रांची के लोकल आदिवासी खासतौर पर एक दलिया बनाते हैं, जिसको जौ का दलिया कहते हैं. दरअसल, जौ के दलिया में प्रोटीन का गजब का सोर्स होता है. इसके अलावा और भी जरूरी मिनरल्स होते हैं. आदिवासी यही दलिया खाकर अपने दिन की शुरुआत करते हैं. उनका कहना है कि इससे वे कभी बीमार नहीं पड़ते. दिनेश उरांव बताते हैं, हम गांव-देहात में रहते हैं और इसी को खाकर दिन की शुरुआत करते हैं.
इससे पेट इतना अच्छा साफ होता है कि अगर आपको लंबे समय से कब्ज है और आप इसे बस एक दिन, एक समय खाकर देख लीजिए. अगर आपका पेट पूरी तरह साफ न हो तो कहिएगा. इसमें फाइबर उच्च मात्रा में होता है और वजन कभी नहीं बढ़ता, बढ़ते हुए वजन को कंट्रोल कर देता है. इसे शुगर पेशेंट्स के लिए भी अच्छा माना जाता है. सब्जी और दाल के साथ यह कंप्लीट मील होती है. लो ग्लाइसेमिक इंडेक्स के कारण इससे आमतौर पर शुगर भी नहीं बढ़ती.
ऐसे बनता है जौ का दलिया
दिनेश ने बताया, जौ का दलिया बनाने के लिए सबसे पहले आपको कई सारी सब्जियां लेनी होंगी. आपके घर में जो सब्जी है, कद्दू, लौकी, कुंदरु मतलब कुछ भी है, वह सब ले लीजिए. साथ में प्याज और मिर्च भी. इन सभी को थोड़े से तेल में डालकर अच्छे से फ्राई कर लीजिए. अच्छे से फ्राई हो जाए तो उसमें हल्दी, नमक और थोड़ा सा धनिया पाउडर डाल दीजिए. इससे अधिक और कुछ नहीं डालना है.
जब इसे डाल देंगे और हल्का सा फ्राई हो जाए, तो आपको दलिया डालना है. ये बाजार में आसानी से मिल जाता है. अब दलिया को थोड़ी देर फ्राई करना है और इसके बाद आपको दो गिलास भरकर पानी डाल देना है. फिर एकदम सिम आंच में इसको छोड़ दें. आप देखेंगे 15 मिनट में ही यह बनकर तैयार हो जाएगा और खाने में भी काफी स्वादिष्ट लगता है.
वजन को भी करें कंट्रोल
वहीं, आयुर्वेदिक डॉक्टर वीके पांडे बताते हैं, इसे डेली खाने से वजन भी काफी हद तक कंट्रोल होता है. यह आपके वजन को बढ़ने नहीं देगा. क्योंकि, ये एंटी इन्फ्लेमेटरी और कम कैलोरी व उच्च फाइबर वाला होता है. इसमें विटामिन A, B, C जैसे जरूरी पोषक तत्व भी होते हैं. इसलिए अगर वजन घटाना है, तो आप इसे ब्रेकफास्ट में या फिर लंच में निश्चित तौर पर शामिल कर सकते हैं. यह प्रोटीन का भी अच्छा सोर्स है, लंबे समय तक पेट भरा रहेगा.
About the Author
बुंदेलखंड यूनिवर्सिटी से मास कम्यूनिकेशन एंड जर्नलिज़्म में मास्टर्स, गोल्ड मेडलिस्ट. पत्रकारिता का सफर दैनिक जागरण से शुरू हुआ, फिर प्रभात खबर और ABP न्यूज़ से होते हुए News18 Hindi तक पहुंचा. करियर और देश की …और पढ़ें