Last Updated:
Apple iPhone Price Hike : ऐपल सीईओ टिम कुक ने कहा है कि कंपनी अपने प्रोडक्ट्स के रेट बढ़ाने जा रही है. हालांकि, उन्होंने यह स्पष्ट नहीं किया है कि दामों में कितनी बढ़ोतरी होगी और कौन-कौन से मॉडल इससे सबसे प्रभावित होंगे.
ऐपल इसी साल सितंबर में अपना पहला फोल्डेबल iPhone लॉन्च कर सकता है.
नई दिल्ली. आप नया आईफोन खरीदने की योजना बना रहे हैं तो आपको अपनी जेब ज्यादा ढीली करनी पड़ सकती है. इसकी वजह है कि ऐपल जल्द ही अपने प्रोडक्ट्स की कीमतें बढ़ाने वाली है. कंपनी के सीईओ (CEO) टिम कुक ने खुद यह जानकारी दी है. वॉल स्ट्रीट जर्नल को दिए एक इंटरव्यू में टिम कुक ने उन मजबूरियों का खुलासा किया, जिनकी वजह से कंपनी को रेट बढ़ाने होंगे.
आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) आधारित डेटा सेंटरों की बढ़ती मांग के कारण मेमोरी चिप्स की मांग में जबरदस्त उछाल आया है. इससे उपभोक्ता इलेक्ट्रॉनिक्स कंपनियों को इन कंपोनेंट्स की आपूर्ति सीमित हो गई और चिप्स के दाम बढ़ गए हैं. इसी वजह से ऐपल को दाम बढ़ाने पड़ रहे हैं. टिम कुक ने कहा, “दुर्भाग्यवश, कीमतों में बढ़ोतरी अब टाली नहीं जा सकती. हम अपनी ओर से लागत वृद्धि को कम करने की पूरी कोशिश कर रहे थे, लेकिन अब स्थिति नियंत्रण से बाहर हो गई है.”
ऐपल कब बढ़ाएगी रेट
टिम कुक ने रेट बढ़ने की बात जरूर कही लेकिन यह स्पष्ट नहीं किया है कि दामों में कितनी बढ़ोतरी होगी और कौन-कौन से मॉडल इससे सबसे प्रभावित होंगे. टिम कुक के अनुसार, विशेष रूप से डायनेमिक रैंडम एक्सेस मेमोरी (DRAM) बाजार पर इस समय सबसे ज्यादा दबाव है, जिससे इसकी लागत आसमान छूने लगी है. इलेक्ट्रॉनिक्स कंपनियों के बीच इन कंपोनेंट्स को खरीदने की होड़ मची है, जिसके चलते ऑटोमोबाइल से लेकर स्मार्टफोन इंडस्ट्री तक की सप्लाई चेन प्रभावित हो रही है.
ऐपल खुद की फैक्ट्रियां नहीं लगाएगी
टिम कुक ने साफ कर दिया कि ऐपल अपनी खुद की मेमोरी या स्टोरेज चिप फैक्ट्रियां स्थापित नहीं करेगा. कुक ने यह संकेत जरूर दिए कि ऐपल चिप्स की आपूर्ति बढ़ाने और उत्पादन क्षमता को मजबूत करने के लिए अपने कैश रिजर्व का इस्तेमाल करने को तैयार है.जब टिम कुक से पूछा गया कि क्या ऐपल इस संकट से निपटने के लिए चीन की घरेलू मेमोरी कंपनियों से मदद लेगा, तो उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय सुरक्षा नियमों और प्रतिबंधों के बावजूद वे सभी संभावित आपूर्ति स्रोतों पर विचार करने के लिए तैयार हैं.
सितंबर में ऐपल लॉन्च करेगा फोल्डेबल आईफोन
ऐपल इसी साल सितंबर में अपना पहला फोल्डेबल iPhone लॉन्च कर सकता है. इसके साथ ही iPhone 18 Pro और iPhone 18 Pro Max को भी पेश किए जाने की संभावना है. अब देखना यह होगा कि नई चिप कीमतों का असर इन अपकमिंग आईफोन्स के लॉन्च प्राइस पर कितना पड़ता है.