पटना. बनारस की गलियों में मिलने वाली गरमा-गरम टमाटर चाट का स्वाद लेने के लिए आपको वाराणसी जाने की जरूरत नहीं है. पटना में एक ऐसा चाट हब है, जहां मसालेदार टमाटर चाट का स्वाद आपको बनारस की गलियों की याद दिला देगा. खास बात यह है कि इस ठेले का नाम भी ‘काशी चाट हब’ है. यहां टमाटर, मसालों और चटपटे स्वाद का ऐसा मेल मिलता है कि पहली ही बाइट में बनारसी टमाटर चाट का स्वाद महसूस होगा. आपको बता दें कि यह चाट हब सिर्फ चाट प्रेमियों का ही अड्डा नहीं है, बल्कि कंटेंट क्रिएटरों का भी ठिकाना है. यहां मिलने वाले चाट के हजारों रील्स सोशल मीडिया पर मिल जाएंगे. इसीलिए भीड़ इतनी अधिक होती है कि पूछिए ही मत.

कुल्हड़ वाली बनारस स्पेशल चाट
राजधानी पटना के बेली रोड स्थित पुनाइचक में टेक्नोलॉजी भवन के बगल में यह चाट की दुकान हर रोज लगती है. यूं तो यहां कई तरह की चाट मिलती है, लेकिन इन दिनों टमाटर चाट का क्रेज खूब देखने को मिल रहा है. इसकी खास वजह यह है कि बनारस की तर्ज पर पटना में इस चाट की शुरुआत की गई है. नई चीज का स्वाद चखने के लिए यहां लोगों की खूब भीड़ उमड़ रही है. आलम यह है कि अभी टमाटर चाट शुरू हुए महज दो-तीन दिन ही हुए हैं, लेकिन हर रोज 150 से 200 कुल्हड़ टमाटर चाट बिक रही है. बाकी आइटम काफी पहले से बिकते थे पर यह आइटम नया जुड़ा है.

ऐसे तैयार होती है टमाटर चाट
टमाटर चाट बनाने वाले शेखर के मुताबिक, इस चाट को तैयार करने में ब्रांडेड और शुद्ध घी का इस्तेमाल किया जाता है. सबसे पहले टमाटर और आलू को पकाकर इसका बेस तैयार किया जाता है. इसके बाद इसे कुल्हड़ में परोसा जाता है और ऊपर से कई तरह के मसाले, नमकीन, पनीर, चाशनी, हरा धनिया और हरी चटनी समेत अलग-अलग सामग्री डाली जाती है. इन सभी चीजों के मेल से तैयार होती है खास कुल्हड़ वाली टमाटर चाट.

शेखर बताते हैं कि इसका आइडिया भले ही बनारस से लिया गया है, लेकिन स्वाद में बिहारी अंदाज जोड़ने की कोशिश की गई है. अपने तरीके से तैयार की गई इस चाट को ग्राहकों का अब तक अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है. शुरुआती फीडबैक से साफ है कि लोगों को इसका स्वाद खूब पसंद आ रहा है.

यहां मिलती है कई और चाट भी
यहां टमाटर चाट के अलावा, घी में बनी टिक्की से चाट बनाई जाती है. साथ ही घर का बना गाढ़ा दही और गुड़-धनिया की चटनी चाट का स्वाद ही नहीं, बल्कि रंग-रूप भी निखार देती है. आखिरी में अनार दाना से गार्निश तो सबका दिल जीत लेती है.

यहां मिक्स चाट, समोसा चाट, टिक्की चाट, पापड़ी चाट, दही टिक्की चाट, दही पापड़ी चाट और दही समोसा चाट की कीमत मात्र 50 रुपये प्रति प्लेट है, जबकि स्पेशल जायका मिक्स 60 रुपये प्रति प्लेट है. इसके अलावा, शुद्ध घी की चाट 80 रुपये प्रति प्लेट है. इसी तरह टमाटर चाट की कीमत फिलहाल 60 रुपये है.

पूरे बिहार के लोग खा चुके हैं चाट
काशी चाट हब की लोकेशन ऐसा है कि सरकारी बाबू से लेकर आम लोग रोजाना स्वाद चखते हैं. इस एरिया के आसपास न्यू सचिवालय, सूचना भवन, टेक्नोलॉजी भवन, विश्वेश्वरैया भवन सहित कई विभाग के ऑफिस हैं. यहां काम करवाने के लिए पूरे बिहार से लोग पहुंचते हैं. काम खत्म होने के बाद लोग चाट का स्वाद चखना नहीं भूलते.

शेखर का कहना है कि 2022 में यह दुकान खुली और अब तक सभी जिलों के लोग चाट खा चुके हैं. डिजिटल क्रिएटरों की इतनी भीड़ रहती है कि एक आदमी तो सिर्फ रील्स के लिए रहता है. लोग ठेले को चारों तरफ से घेरकर अपनी प्लेट का इंतजार करते हैं. कह सकते हैं कि यह पटना की सबसे वायरल चाट दुकान है.



Source link

Write A Comment