Last Updated:

Fish Dish Recipe: मिक्स मछली की लजीज सब्जी बनाने के लिए सबसे पहले मछलियों को अच्छी तरह साफ कर लें. इसके बाद इनमें नमक और हल्दी मिलाकर कुछ देर के लिए रख दें ताकि मसाला अच्छी तरह मछलियों में समा जाए.

बिलासपुर. छत्तीसगढ़ में बारिश का मौसम सिर्फ हरियाली ही नहीं बल्कि पारंपरिक खानपान की खुशबू भी लेकर आता है. जैसे ही नदियों और तालाबों का पानी खेतों तक पहुंचता है, कोतरी, लपची, टेंगना समेत कई तरह की छोटी मछलियां खेतों में चढ़ने लगती हैं. ग्रामीण इन्हें पकड़कर घर लाते हैं और पारंपरिक छत्तीसगढ़िया मसालों के साथ स्वादिष्ट मिक्स मछली की सब्जी तैयार करते हैं. खास बात यह है कि इस रेसिपी में स्थानीय स्वाद के लिए आमा खोईला (अमचूर) का उपयोग किया जाता है, जो इसके स्वाद को और भी लाजवाब बना देता है. बरसात के दिनों में यह व्यंजन गांव-गांव में बड़े चाव से भात के साथ खाया जाता है.

बरसात के दौरान जब नदी और तालाबों का पानी खेतों में फैलता है, तब कोतरी, लपची, टेंगना जैसी छोटी मछलियां खेतों तक पहुंच जाती हैं. ग्रामीण पारंपरिक तरीके से इन्हें पकड़ते हैं और ताजी मछलियों से घर में स्वादिष्ट सब्जी बनाते हैं. यह छत्तीसगढ़ की ग्रामीण संस्कृति और खानपान का अहम हिस्सा है.

सबसे पहले करें अच्छी तरह सफाई
मिक्स मछली की सब्जी बनाने के लिए सबसे पहले मछलियों को अच्छी तरह साफ किया जाता है. इसके बाद इनमें नमक और हल्दी मिलाकर कुछ देर के लिए रख दिया जाता है ताकि मसाला अच्छी तरह मछली में समा जाए.

कुरकुरी होने तक तलें मछली
एक तवे या कड़ाही में पर्याप्त तेल गर्म करें और मछलियों को धीमी से मध्यम आंच पर सुनहरा और कुरकुरा होने तक तलें. तलने के बाद इन्हें अलग बर्तन में निकालकर रख लें.

इस तरह तैयार करें छत्तीसगढ़िया मसाला
अब एक कड़ाही में तेल गर्म करें. इसमें जीरा और हरी मिर्च का तड़का लगाएं. इसके बाद आमा खोईला (अमचूर) डालकर हल्का भूनें. फिर पिसा हुआ टमाटर डालें और ऊपर से कसूरी मेथी मिलाएं. इसके बाद स्वादानुसार नमक, हल्दी, लाल मिर्च पाउडर और गरम मसाला डालकर मसाले को अच्छी तरह पकाएं.

आखिर में डालें तली हुई मछली
जब मसाला अच्छी तरह पक जाए, तब उसमें जरूरत के अनुसार पानी डालें और उबाल आने दें. इसके बाद तली हुई मछलियां डालकर 5 से 7 मिनट तक धीमी आंच पर पकाएं. इससे मछली में मसालों का स्वाद अच्छी तरह समा जाता है और सब्जी तैयार हो जाती है.

भात के साथ मिलता है असली स्वाद
छत्तीसगढ़ के गांवों में यह मिक्स छोटी मछली की सब्जी गरमागरम भात के साथ परोसी जाती है. बरसात के मौसम में यह पारंपरिक व्यंजन लोगों की पहली पसंद माना जाता है और आज भी ग्रामीण इलाकों में इसका स्वाद और परंपरा बरकरार है.

About the Author

Rahul Singh

राहुल सिंह पिछले 10 साल से खबरों की दुनिया में सक्रिय हैं. टीवी से लेकर डिजिटल मीडिया तक के सफर में कई संस्थानों के साथ काम किया है. पिछले चार साल से नेटवर्क 18 समूह में जुड़े हुए हैं.



Source link

Write A Comment