Last Updated:
Healthy Snacks: पूर्वांचल की पारंपरिक विरासत ‘भुजा’ आज भी स्वाद और सेहत का बेमिसाल संगम है. गाजीपुर के राजा राम मात्र ₹20 में घर पर तैयार होने वाले इस पौष्टिक नाश्ते के जरिए पैकेट बंद नमकीन और प्रिजर्वेटिव्स के खतरों से आगाह कर रहे हैं. न्यूट्रीशनिस्ट के अनुसार, चना, मूंगफली और सब्जियों से भरपूर यह स्नैक ‘लीन प्रोटीन’ का बेहतरीन स्रोत है, जो वेट लॉस में भी सहायक है. चाय की चुस्की हो या दोस्तों की महफिल, यह देसी स्नैक सेहत के लिए सबसे सुरक्षित विकल्प है.
Healthy Snacks: शाम के 4 बजते ही जब चाय की चुस्कियां शुरू होती हैं, तो पूर्वांचल की गलियों और घरों में एक ही नाम गूंजता है ‘भुजा’. चना, मूंगफली, लाई और चूरा का यह अनूठा मेल सदियों से हमारी सांस्कृतिक विरासत का हिस्सा रहा है. गाजीपुर के सकलेनाबाद के राजा राम आज भी इस परंपरा को न केवल जीवित रखे हुए हैं, बल्कि वह बताते हैं कि कैसे मात्र ₹20 में आप घर पर ही ऐसा नाश्ता तैयार कर सकते हैं जो स्वाद में चटपटा होने के साथ-साथ सेहत के लिए भी बेमिसाल है.
चौपाल और चाय की शान है भुजा
सकलेनाबाद के राजा राम बड़े चाव से चम्मच चलाते हुए पुरानी यादें ताजा करते हैं. वे बताते हैं कि पहले गांवों में घर पर ही भुजा भूंजा जाता था. प्याज, टमाटर, धनिया, हरी चटनी और शुद्ध सरसों का तेल मिलाकर तैयार होने वाला यह नाश्ता आज भी लोगों की पहली पसंद है. राजा राम का कहना है कि आज की पीढ़ी भले ही इसे कोल्ड ड्रिंक के साथ खा ले, लेकिन असली मजा तो चाय और चौपाल के साथ ही आता है, जब चार लोग बैठकर महफिल जमाते हैं.
सरसों तेल का जादू और बाजार की नमकीन से दूरी
राजा राम इस भुजा में कच्चे सरसों तेल को फेंटकर मिलाते हैं. वे बताते हैं कि तेल डालने से भुजा का सूखापन खत्म होता है और मसालों की कोटिंग हर दाने पर अच्छे से बैठ जाती है. सबसे जरूरी सलाह जो वे देते हैं, वह है बाजार की डिब्बाबंद नमकीन से परहेज. उनके अनुसार, बाजार की नमकीन में सीलन होती है और उसे लंबे समय तक सुरक्षित रखने के लिए प्रिजर्वेटिव डाले जाते हैं. उससे कहीं बेहतर है कि आप ₹20 का ताजा दाना, भुजा और मकई लाएं और उसमें ताजी हरी सब्जियां काटकर डालें.
न्यूट्रीशनिस्ट की राय: सेहत का पावरहाउस
इस देसी स्नैक की न्यूट्रीशनल वैल्यू पर मुहर लगाते हुए प्रसिद्ध संस्थान VLCC गाजियाबाद से प्रशिक्षित न्यूट्रीशनिस्ट निधि पाठक कहती हैं कि यह एक संतुलित आहार है. उनके अनुसार, जहां बाजार की नमकीन ‘एम्प्टी कैलोरीज’ (खाली कैलोरी) मात्र है, वहीं यह भुजा कॉम्प्लेक्स कार्ब्स और ‘लीन प्रोटीन’ का बेहतरीन कॉम्बो है. इसमें डलने वाला प्याज-टमाटर शरीर को हाइड्रेट रखता है और चना-मूंगफली मांसपेशियों को मजबूती देते हैं.
देसी स्नैक के चौंकाने वाले फायदे
- सरसों तेल के फायदे: कच्चा सरसों का तेल (सीमित मात्रा में) ओमेगा-3 और ओमेगा-6 फैटी एसिड प्रदान करता है, जो पाचन क्रिया को दुरुस्त रखता है.
- वेट लॉस में मददगार: हाई फाइबर होने के कारण थोड़ी सी मात्रा में ही पेट भरा महसूस होता है, जो वजन कम करने वालों के लिए एक शानदार विकल्प है.
- केमिकल फ्री डाइट: घर का बना भुजा पाम ऑयल और प्रिजर्वेटिव्स से मुक्त होता है, जो इसे पैकेट बंद नमकीन से बेहतर बनाता है.
हर पीढ़ी की पसंद
आज जहां बुजुर्ग इसे चाय के साथ चौपाल पर पसंद करते हैं, वहीं नई पीढ़ी इसे ‘देसी नाचोस’ की तरह अपना रही है. राजा राम का बस एक ही संदेश है, ‘चाहे जैसे खाओ, बस घर का बना खाओ.’
About the Author
राहुल गोयल न्यूज़ 18 हिंदी में हाइपरलोकल (यूपी, उत्तराखंड, हरियाणा और हिमाचल प्रदेश) के लिए काम कर रहे हैं. मीडिया इंडस्ट्री में उन्हें 16 साल से ज्यादा का अनुभव है, जिसमें उनका फोकस हमेशा न्यू मीडिया और उसके त…और पढ़ें