Last Updated:
How to Make Tomato Sauce at Home: बाजार में मिलने वाले टोमेटो सॉस में क्या-क्या इस्तेमाल हुआ है, इसे लेकर अगर आपको भी चिंता रहती है, तो घर पर इसे बनाना बेहद आसान है. खास बात यह है कि इसके लिए महंगी या ज्यादा सामग्री की जरूरत नहीं पड़ती. टमाटर के साथ रसोई में मौजूद कुछ चीजों की मदद से आप स्वादिष्ट और गाढ़ा टोमेटो सॉस तैयार कर सकते हैं. चुकंदर का इस्तेमाल इसे बिना किसी अलग रंग के गहरा लाल रंग भी देता है. अगर आप भी बाजार का सॉस छोड़कर घर पर बनाना चाहते हैं, तो इसे बनाने का तरीका काफी आसान है. आइए जानते हैं.
टोमेटो सॉस बच्चों से लेकर बड़ों तक सभी को पसंद आता है. समोसा, पकौड़े, फ्रेंच फ्राइज, नूडल्स, मैगी, सैंडविच और बर्गर जैसे कई स्नैक्स के साथ इसका स्वाद और बढ़ जाता है. बाजार में अलग-अलग तरह के सॉस मिलते हैं, लेकिन अगर आप घर पर ताजा सॉस बनाना चाहते हैं तो इसे आसानी से तैयार किया जा सकता है. घर पर सॉस बनाने का फायदा यह है कि इसमें इस्तेमाल होने वाली सामग्री आप खुद चुन सकते हैं.
घर पर टमाटर सॉस बनाने के लिए बहुत ज्यादा सामान की जरूरत नहीं होती. इसके लिए पके हुए टमाटर, थोड़ा चुकंदर, अदरक, लहसुन, नमक, चीनी, काली मिर्च और सिरका लिया जा सकता है. टमाटर सॉस को खट्टा और स्वादिष्ट बनाता है, जबकि चीनी खट्टेपन को संतुलित करती है. चुकंदर डालने से सॉस को प्राकृतिक रूप से गहरा लाल रंग मिलता है.
टमाटर सॉस का मुख्य स्वाद टमाटर से आता है. पके टमाटरों में प्राकृतिक खट्टापन और उमामी स्वाद होता है, जिससे सॉस स्वादिष्ट बनती है. इसमें थोड़ी मात्रा में चुकंदर मिलाने से रंग और भी गहरा हो जाता है. चुकंदर सॉस में हल्की मिठास भी जोड़ता है. अगर आप चाहें तो अपनी पसंद के अनुसार इसकी मात्रा कम या ज्यादा कर सकते हैं.
Add News18 as
Preferred Source on Google
सबसे पहले टमाटरों को साफ पानी से अच्छी तरह धो लें. चुकंदर को भी धोकर उसकी मिट्टी और गंदगी साफ करें. इसके बाद चुकंदर को छीलकर छोटे टुकड़ों में काट लें और टमाटरों को भी बड़े टुकड़ों में काट लें. अगर टमाटर ज्यादा खट्टे हैं तो स्वाद के अनुसार चीनी की मात्रा थोड़ी बढ़ाई जा सकती है. सॉस बनाने से पहले मिक्सर जार, पैन, चम्मच और जिस बोतल में सॉस रखनी है, उसे अच्छी तरह साफ करके पूरी तरह सुखा लें.
अब एक पैन में कटे हुए टमाटर डालें. इसमें चुकंदर, थोड़ा अदरक और लहसुन डालकर धीमी से मध्यम आंच पर पकाएं. बीच-बीच में मिश्रण को चलाते रहें, ताकि टमाटर नीचे से चिपके नहीं. कुछ देर पकाने के बाद टमाटर नरम हो जाएंगे और अपना पानी छोड़ने लगेंगे. जब टमाटर अच्छी तरह गल जाएं और उनका कच्चापन खत्म हो जाए तो गैस बंद कर दें.
पके हुए टमाटर और चुकंदर के मिश्रण को थोड़ा ठंडा होने दें. बहुत गर्म मिश्रण को तुरंत बंद मिक्सर जार में डालने से बचें. ठंडा होने के बाद इसे मिक्सर में अच्छी तरह पीस लें. अब तैयार पेस्ट को छलनी से छान लें, ताकि टमाटर के बीज और रेशे अलग हो जाएं और सॉस एकदम चिकनी बने. इसके बाद इसे वापस पैन में डालें.
अब पैन को धीमी आंच पर रखें और सॉस को लगातार चलाते हुए पकाएं. टमाटर में पानी ज्यादा होता है, इसलिए सॉस को गाढ़ा होने में थोड़ा समय लग सकता है. इस दौरान इसमें नमक, चीनी और काली मिर्च डालें. स्वाद को संतुलित करने के लिए जरूरत के अनुसार सिरका भी मिलाया जा सकता है. सॉस को तब तक पकाएं जब तक उसका अतिरिक्त पानी कम न हो जाए और वह चम्मच पर ज्यादा पतली न लगे.