Last Updated:
Veg Biryani Recipe: बारिश के मौसम में अगर आप घर पर कुछ स्पेशल बनाना चाहते हैं तो वेज बिरयानी ट्राई कर सकते हैं. चावल, सोयाबीन, प्याज और मसालों से तैयार होने वाली यह बिरयानी करीब 30 से 35 मिनट में बनकर तैयार हो जाती है और स्वाद में रेस्टोरेंट जैसी लगती है.
अक्सर कई लोग बारिश के इस मौसम में लोग घर पर नई-नई डिश बनाकर खाने के शौकीन होते हैं. अगर आप भी अपने घर पर रेस्टोरेंट जैसी वेज बिरयानी बनाना चाहते हैं, तो आसान रेसिपी से इसे तैयार कर सकते हैं. इसके लिए आपको कुछ सामान बाजार से लाना होगा.
घर पर वेज बिरयानी बनाने के लिए सबसे पहले आपको पुलाव वाला चावल लेना होगा. उसे अच्छी तरह से धोकर करीब 15 से 20 मिनट के लिए पानी में भिगो दें. इसके बाद प्याज और हरी मिर्च को अच्छी तरह से बारीक काट लें.
सोयाबीन को भी नमक वाले पानी में भिगो दें, ताकि वह अच्छी तरह फूलकर मुलायम हो जाए. इसके बाद कुकर या किसी अन्य बर्तन में तेल गर्म करें और उसमें प्याज, हरी मिर्च, कुछ खड़े गरम मसाले और सोयाबीन डाल दें.
Add News18 as
Preferred Source on Google
जैसे ही ये सभी चीजें थोड़ी लाल हो जाएं, इसमें अदरक-लहसुन का पेस्ट, बिरयानी मसाला, नमक, धनिया पाउडर और स्वाद के अनुसार लाल मिर्च डालें. इसके बाद मसाले को कम से कम 5 से 10 मिनट तक भूनें. इसे तब तक भूनना है, जब तक मसाले से तेल अलग होता हुआ दिखाई न देने लगे.
रेसिपी एक्सपर्ट निहारिका ने बताया कि जैसे ही मसाला अच्छी तरह भुनकर महकने लगे, इसमें पानी में भिगोए हुए चावल डाल दें. चावल को पहले पानी से अच्छी तरह निकाल लें. इसके बाद चावल को मसाले के साथ करीब 5 मिनट तक अच्छी तरह मिलाते रहें, ताकि चावल के हर दाने में मसाला अच्छी तरह मिल जाए.
जब चावल और मसाला अच्छी तरह मिक्स हो जाए, तो इसमें आवश्यकता के अनुसार पानी डाल दें. इसके बाद इसे धीमी आंच पर करीब 20 से 25 मिनट तक पकने दें. चावल के मुलायम होने और पानी पूरी तरह खत्म होने तक इसे पकाएं. जब चावल अच्छी तरह पक जाएं, तो इसमें हल्का सा गरम मसाला डालकर बर्तन को ढक दें.
गरम मसाला डालने के करीब 5 मिनट बाद बिरयानी को अच्छी तरह से मिक्स कर दें. इसके बाद ऊपर से हरा धनिया डालें. आपकी स्वादिष्ट वेज बिरयानी बनकर तैयार है. इसे आप परिवार के साथ बैठकर गरमा-गरम सर्व कर सकते हैं. इस आसान रेसिपी की मदद से आप घर पर ही रेस्टोरेंट जैसी वेज बिरयानी बना सकते हैं. इसे तैयार करने में करीब 30 से 35 मिनट का समय लगेगा.