Last Updated:

Milk Powder Barfi Recipe: अगर घर में खोया या चाशनी बनाने का समय नहीं है, तो सिर्फ मिल्क पाउडर से 10 मिनट में स्वादिष्ट बर्फी तैयार की जा सकती है. यह आसान रेसिपी कम सामग्री में बनती है और स्वाद में हलवाई जैसी लगती है. त्योहार, मेहमानों के स्वागत या अचानक मीठा खाने की इच्छा होने पर यह झटपट बनने वाली मिठाई एक बेहतरीन विकल्प है.

Zoom

मिल्क पाउडर से झटपट टेस्टी बर्फी बना सकते हैं. इसकी रेसिपी बहुत आसान है.

Easy Milk Powder Barfi Recipe: अगर आपका मीठा खाने का मन है, लेकिन घर में ज्यादा सामान नहीं है, तो टेंशन लेने की जरूरत नहीं है. बिना खोया और चाशनी के भी फटाफट टेस्टी बर्फी बना सकते हैं. आपको जानकर हैरानी होगी कि सिर्फ मिल्क पाउडर की मदद से मात्र 10 मिनट में हलवाई जैसी स्वादिष्ट बर्फी तैयार कर सकते हैं. इस रेसिपी की खास बात यह है कि इसमें न तो चाशनी बनाने का झंझट है और न ही ज्यादा सामग्री की जरूरत पड़ती है. इस मिठाई का स्वाद आपको दीवाना बना देगा.

बर्फी बनाने के लिए जरूरी सामग्री

इस टेस्टी बर्फी को बनाने के लिए आपको 2 कप मिल्क पाउडर, आधा कप फुल क्रीम दूध, 2 से 3 बड़े चम्मच घी, आधा कप पिसी हुई चीनी, आधा छोटा चम्मच इलायची पाउडर और सजावट के लिए बारीक कटे पिस्ता या बादाम की जरूरत पड़ती है. चाहें तो केसर के कुछ धागे भी डाल सकते हैं, जिससे स्वाद और खुशबू दोनों बढ़ जाएंगे.

इस रेसिपी से बनाएं स्वादिष्ट बर्फी

सबसे पहले एक नॉन-स्टिक पैन में घी गर्म करें. अब इसमें दूध डालें और हल्का गर्म होने दें. इसके बाद मिल्क पाउडर को धीरे-धीरे मिलाते हुए लगातार चलाएं, ताकि गांठें न बनें. जब मिश्रण एकसार हो जाए, तब इसमें पिसी हुई चीनी और इलायची पाउडर डालकर 4 से 5 मिनट तक धीमी आंच पर पकाएं. मिश्रण जब पैन छोड़ने लगे और हल्का गाढ़ा हो जाए, तब गैस बंद कर दें.

अब एक प्लेट या ट्रे को हल्का-सा घी लगाकर चिकना कर लें. तैयार मिश्रण को इसमें फैलाकर स्पैचुला की मदद से बराबर कर दें. ऊपर से कटे हुए पिस्ता, बादाम या केसर डालकर हल्का दबाएं. इसे 20 से 30 मिनट तक सामान्य तापमान पर या जल्दी सेट करने के लिए फ्रिज में रखें. सेट होने के बाद अपनी पसंद के अनुसार चौकोर या डायमंड शेप में काट लें.

अगर बर्फी को और ज्यादा रिच बनाना चाहते हैं, तो इसमें एक चम्मच कंडेंस्ड मिल्क भी मिला सकते हैं और मिठास उसी के अनुसार कम या ज्यादा कर सकते हैं. मिश्रण को बहुत ज्यादा देर तक न पकाएं, वरना बर्फी सख्त हो सकती है. वहीं कम पकाने पर यह ठीक से सेट नहीं होगी. सही कंसिस्टेंसी मिलने पर ही मिश्रण को ट्रे में फैलाएं.

अगर कम समय में बिना ज्यादा मेहनत के स्वादिष्ट मिठाई बनानी हो, तो मिल्क पाउडर से बनने वाली यह इंस्टेंट बर्फी एक शानदार विकल्प है. बिना खोया और बिना चाशनी के तैयार होने वाली यह रेसिपी स्वाद में किसी हलवाई की बर्फी से कम नहीं लगती. अगली बार मीठा खाने का मन हो, तो इस आसान रेसिपी को जरूर ट्राई करें.

सेहत, रिलेशनशिप, लाइफ या धर्म-ज्योतिष से जुड़ी है कोई निजी उलझन तो हमें करें WhatsApp, आपका नाम गोपनीय रखकर देंगे जानकारी.

About the Author

अमित उपाध्याय

अमित उपाध्याय News18 हिंदी की लाइफस्टाइल टीम के अनुभवी पत्रकार हैं, जिनके पास प्रिंट और डिजिटल मीडिया में 9 वर्षों से अधिक का अनुभव है। वे हेल्थ, वेलनेस और लाइफस्टाइल से जुड़ी रिसर्च-बेस्ड और डॉक्टर्स के इंटरव्…और पढ़ें



Source link

Write A Comment