मोमोज यंग लोगों के बीच सबसे पॉप्युलर स्ट्रीट फूड्स में से एक हैं. हालांकि, पारंपरिक मोमोज मैदा से तैयार किए जाते हैं, इसलिए हेल्दी डाइट फॉलो करने वाले कई लोग इन्हें खाने से बचते हैं. ऐसे में सोशल मीडिया पर एक नई और अनोखी रेसिपी तेजी से वायरल हो रही है, जिसे “नो-मैदा मोमोज” कहा जा रहा है.
खास बात यह है कि इसमें मोमोज की बाहरी परत के लिए मैदा का इस्तेमाल नहीं किया जाता. इसकी जगह सब्जियों और पनीर से तैयार मिश्रण का उपयोग किया जाता है. इससे मोमोज न केवल स्वादिष्ट बनते हैं, बल्कि हल्के और पौष्टिक भी होते हैं. अगर आप भी मोमोज खाना पसंद करते हैं लेकिन मैदा से बचना चाहते हैं, तो यह रेसिपी आपके लिए एक बेहतरीन विकल्प हो सकती है. आइए जानते हैं इसे घर पर बनाने का आसान तरीका.
नो-मैदा मोमोज बनाने की सामग्री
इस रेसिपी के लिए आपको बारीक कटी हुई पत्तागोभी, गाजर, पनीर, हरा धनिया, अदरक, लहसुन, हरी मिर्च, नमक, काली मिर्च और लाल मिर्च पाउडर की जरूरत होगी. इसके अलावा थोड़े से चावल के आटे और चीज का भी इस्तेमाल किया जा सकता है.
बनाने की विधि
सबसे पहले एक बाउल में बारीक कटी पत्तागोभी और गाजर डालें. इसमें थोड़ा नमक मिलाकर अच्छी तरह मिक्स करें और कुछ मिनट के लिए छोड़ दें. नमक की वजह से सब्जियों से पानी निकलने लगेगा. इसके बाद इस मिश्रण को मलमल के कपड़े में डालकर अतिरिक्त पानी निचोड़ लें.
अब सब्जियों में पनीर के टुकड़े, हरा धनिया, अदरक, लहसुन, हरी मिर्च, नमक, काली मिर्च और लाल मिर्च पाउडर डालकर अच्छी तरह मिलाएं. तैयार मिश्रण से छोटे-छोटे बॉल्स बनाएं. अगर आप चीज पसंद करते हैं तो हर बॉल के बीच में चीज का छोटा टुकड़ा रख सकते हैं.
इसके बाद इन बॉल्स को पहले पानी में डुबोएं और फिर चावल के आटे में लपेटें. यह प्रक्रिया दो बार दोहराएं ताकि बाहरी परत अच्छी तरह तैयार हो जाए.
अब एक गहरे बर्तन में पानी उबालें और तैयार मोमोज को 3 से 6 मिनट तक पकाएं. जब मोमोज सख्त लेकिन हल्के स्पंजी महसूस होने लगें, तो समझिए वे तैयार हैं.
क्यों हैं ये ज्यादा हेल्दी?
नो-मैदा मोमोज में रिफाइंड फ्लोर यानी मैदा का इस्तेमाल नहीं होता, इसलिए ये सामान्य मोमोज की तुलना में हल्के माने जाते हैं. इनमें सब्जियां और पनीर होने से फाइबर, प्रोटीन और अन्य पोषक तत्व भी मिलते हैं. साथ ही इन्हें डीप फ्राई करने के बजाय स्टीम किया जाता है, जिससे यह हेल्दी स्नैक का अच्छा विकल्प बन सकते हैं.