Last Updated:
मुरादाबाद अपनी पीतल की कारीगरी के साथ-साथ खास खानपान के लिए भी जाना जाता है. यहां मूंग दाल और बिरयानी के अलावा इन दिनों पनीर टिक्का रोल भी लोगों को खूब पसंद आ रहा है. तंदूर में पनीर, प्याज, टमाटर और शिमला मिर्च को सेंककर इसे रुमाली रोटी में लपेटा जाता है. ₹150 में मिलने वाले इस रोल के साथ हरी चटनी और दो तरह के खास सलाद भी परोसे जाते हैं.
Moradabad Paneer Tikka Roll: यूपी का मुरादाबाद पूरी दुनिया में पीतल नगरी के नाम से मशहूर है. यहां पीतल के उत्पादों के साथ-साथ खाने-पीने की भी कई खास चीजें लोकप्रिय हैं. मुरादाबाद की मूंग की दाल और बिरयानी का स्वाद तो लोगों को पसंद आता ही है, लेकिन इन दिनों शहर में एक खास रोल भी लोगों के बीच चर्चा में है. यह है पनीर टिक्का रोल, जिसका स्वाद लोगों को खूब पसंद आ रहा है. एक बार खाने के बाद लोग इसे बार-बार खाने पहुंच रहे हैं.
पनीर टिक्का रोल बनाने वाले भरत सिंह ने बताया कि इस रोल को तैयार करने का तरीका खास है. सबसे पहले अच्छी क्वालिटी का ताजा पनीर लिया जाता है. इसके बाद पनीर को छोटे-छोटे बराबर आकार के टुकड़ों में काटा जाता है. फिर इसमें स्पेशल मसाले लगाए जाते हैं, जिसमें उनका सीक्रेट नूरी मसाला सबसे खास है.
मसाला लगाने के बाद पनीर के टुकड़ों को प्याज, टमाटर और शिमला मिर्च के साथ सींक में पिरोया जाता है. इसके बाद इसे तंदूर में अच्छी तरह से सेका जाता है. तंदूर में सिकने के बाद पनीर में बेहतरीन स्मोकी फ्लेवर आता है.
Add News18 as
Preferred Source on Google
तंदूर से निकलने के बाद पनीर के टुकड़ों को छोटे-छोटे हिस्सों में काट लिया जाता है. इसके बाद गरमा-गरम रूमाली रोटी में पनीर को लपेटकर रोल तैयार किया जाता है. स्वाद बढ़ाने के लिए इसमें मसाले और प्याज भी डाले जाते हैं.
भरत सिंह के मुताबिक, एक पनीर टिक्का रोल की कीमत 150 रुपये है. उनका कहना है कि इस रोल को खाने के लिए सिर्फ मुरादाबाद ही नहीं, बल्कि बिजनौर, संभल और रामपुर जैसे आसपास के जिलों से भी लोग पहुंचते हैं. रोल के साथ ग्राहकों को हरी चटनी और दो तरह का स्पेशल सलाद दिया जाता है. इसमें एक कच्ची प्याज और दूसरी सिरके वाली खट्टी-मीठी प्याज होती है. ये दोनों रोल के स्वाद को और बढ़ा देती हैं.
यह पनीर टिक्का रोल मुरादाबाद के लाइनपार क्षेत्र में प्रकाश नगर चौराहे पर मिलता है. 150 रुपये की कीमत वाला यह रोल इन दिनों लोगों के बीच काफी पसंद किया जा रहा है और इसकी अच्छी डिमांड देखने को मिल रही है.