मोमोज की चटनी सिर्फ मोमोज के साथ ही नहीं, बल्कि पकौड़े, समोसे, पराठे और स्नैक्स के साथ भी बेहद स्वादिष्ट लगती है. इसकी तीखी, खट्टी और हल्की मीठी फ्लेवर इसे बेहद खास बनाता है. अगर आप घर पर रेस्टोरेंट जैसी चटपटी मोमोज चटनी बनाना चाहते हैं, तो यह आसान रेसिपी जरूर ट्राई करें.
मोमोज चटनी की खासियत
मोमोज की चटनी का स्वाद मुख्य तौर पर टमाटर, लाल मिर्च और लहसुन से आता है. इसमें तीखापन और खट्टापन का जबरदस्त संतुलन होता है, जो हर तरह के स्नैक्स के साथ जम जाता है.
आवश्यक सामग्री
4–5 पके हुए टमाटर
6–8 सूखी लाल मिर्च
6–7 लहसुन की कलियां
1 छोटा टुकड़ा अदरक
1 चम्मच सिरका या नींबू का रस
नमक स्वादानुसार
1 छोटा चम्मच चीनी
1 चम्मच तेल
1/2 चम्मच सोया सॉस
बनाने की विधि
1. टमाटर और मिर्च तैयार करें
सबसे पहले एक बर्तन में पानी गर्म करें और उसमें टमाटर और सूखी लाल मिर्च डालकर 5–7 मिनट तक उबाल लें. इससे टमाटर नरम हो जाएंगे और मिर्च भी फूल जाएगी. फिर टमाटर को ठंडा करके उसका छिलका उतार लें.
2. पीसने की प्रक्रिया
अब उबले हुए टमाटर, लाल मिर्च, लहसुन और अदरक को मिक्सी में डालकर एक स्मूद पेस्ट बना लें. अगर आपको ज्यादा तीखा पसंद है, तो मिर्च की मात्रा बढ़ा सकते हैं.
3. चटनी को पकाएं
एक पैन में एक चम्मच तेल गर्म करें. इसमें तैयार पेस्ट डालें और मध्यम आंच पर 5–7 मिनट तक पकाएं. इससे चटनी का कच्चापन खत्म हो जाएगा और स्वाद और भी बेहतर हो जाएगा.
4. फ्लेवर एड करें
अब इसमें नमक, सिरका या नींबू का रस और थोड़ा सा सोया सॉस डालकर अच्छी तरह मिलाएं. यदि आपको हल्का मीठापन पसंद है, तो एक चुटकी चीनी भी डाल सकते हैं.
5. ठंडा करके परोसें
चटनी को ठंडा होने दें, फिर इसे एक बाउल में निकालकर सर्व करें. तैयार है आपकी स्वादिष्ट मोमोज चटनी.
चटनी को और खास बनाने के टिप्स
अगर आपको धुआंदार फ्लेवर पसंद है, तो टमाटर को सीधे गैस पर भूनकर भी इस्तेमाल कर सकते हैं.
ज्यादा तीखा स्वाद चाहिए तो लाल मिर्च के साथ हरी मिर्च भी डाल सकते हैं.
चटनी को स्टोर करना हो, तो इसे एयरटाइट कंटेनर में फ्रिज में रखें, यह 3–4 दिन तक आसानी से चल जाती है.
किन-किन चीजों के साथ खाएं?
यह चटनी सिर्फ मोमोज के लिए ही नहीं, बल्कि समोसे, ब्रेड पकोड़े, आलू टिक्की, सैंडविच और पराठे के साथ भी जबरदस्त लगती है. इसका तीखा और खट्टा स्वाद हर डिश को और मजेदार बना देता है.