Last Updated:
Rakhi Sweets Recipes: त्योहार के दिनों में बाजार में मिलने वाली मिठाइयों की क्वालिटी पर भरोसा करना बहुत मुश्किल हो जाता है. आपके त्योहार की मिठास बाजार की मिलावटी मिठाइयों से कहीं खराब न हो जाए, इसलिए यहां हम आपको ऐसे स्वीट्स की रेसिपी बता रहे हैं जिन्हें आप बहुत ही आसानी से घर पर बना सकते हैं.
भारतीय घरों में त्योहारों के दौरान मिठाइयां बनाने की परंपरा काफी पुरानी है. पहले लोग खास अवसरों पर घर में ही लड्डू, बर्फी, पेड़ा और दूसरी पारंपरिक मिठाइयां तैयार करते थे. हालांकि आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में समय की कमी के कारण ज्यादातर लोग बाजार से मिठाइयां खरीदना आसान समझते हैं. लेकिन बाजार में मिलने वाली मिठाइयों की शुद्धता को लेकर अक्सर सवाल उठते रहते हैं. ऐसे में रक्षाबंधन जैसे खास त्योहार पर घर में बनी मिठाइयां एक बेहतर विकल्प हो सकती हैं. कम सामग्री और आसान रेसिपी की मदद से आप स्वादिष्ट पारंपरिक मिठाइयां बनाकर त्योहार की मिठास को और बढ़ा सकते हैं.
नारियल के लड्डू झटपट बनने वाली मिठाइयों में शामिल हैं. इन्हें बनाने के लिए नारियल बुरादा, दूध और चीनी की जरूरत होती है. सबसे पहले दूध में चीनी मिलाकर गर्म करें. फिर इसमें नारियल बुरादा डालकर गाढ़ा होने तक पकाएं. मिश्रण ठंडा होने पर छोटे-छोटे लड्डू बना लें.
कलाकंद काफी पसंद की जाने वाली मिठाई है. इसे दूध, पनीर और चीनी से तैयार किया जाता है. इसे बनाने के लिए दूध को गाढ़ा होने तक पकाएं, फिर इसमें मसल हुआ पनीर और चीनी डालें. मिश्रण तैयार होने पर इसे घी लगी ट्रे में फैलाकर सेट होने दें और फिर टुकड़ों में काट लें.
Add News18 as
Preferred Source on Google
मिल्क पेड़ा बनाने के लिए मिल्क पाउडर, दूध और चीनी काफी होते हैं. इसे बनाने के लिए एक पैन में सभी चीजों को मिलाकर धीमी आंच पर पकाएं. जब मिश्रण गाढ़ा होकर आटे जैसा हो जाए, तो उसे ठंडा करें और छोटे-छोटे पेड़े बना लें. ऊपर से इलायची पाउडर डालकर स्वाद बढ़ाया जा सकता है.
गुलाब जामुन त्योहारों की शान माने जाते हैं. इन्हें बनाने के लिए गुलाब जामुन गिस्ट,मावा, दूध और चीनी की जरूरत होती है. इसे तैयार करने के लिए गिस्ट में मावा मिलाकर दूध की मदद से नरम आटा तैयार करें. फिर छोटी गेंदें बनाकर तल लें और फिर चीनी की चाशनी में डाल दें. कुछ देर बाद मुलायम और रसदार गुलाब जामुन तैयार हो जाएंगे.
गुजिया सिर्फ होली ही नहीं, रक्षाबंधन पर भी बनाई जा सकती है. इसके लिए मैदा, खोया और चीनी की जरूरत होती है. मैदा का आटा तैयार करें, उसमें खोया और चीनी का मिश्रण भरें और किनारों को बंद कर दें. फिर सुनहरा होने तक तल लें.