कई बार घर में सब्जी और दाल बच जाती है, जिसे दोबारा खाने का मन नहीं करता है। ऐसे में कुछ लोग रात की सब्जी दाल को फेंक देते हैं। लेकिन अब आपको सब्जी या दाल को फेंकने की जरूरत नहीं है। आप इसे आटे में गूंथकर इससे स्वादिष्ट खस्ता मसाला पूरी बनाकर खा सकते हैं। आप इस तरह पूरी बनाकर खाएंगे को किसी को पता भी नहीं चलेगा कि इसमें रात की बची दाल और सब्जी डालकर इन्हें तैयार किया गया है। कुछ लोग रात की बची दाल के पराठे बनाकर भी खाते हैं। लेकिन इस बार आप मसाला पूरी बनाकर खाएं, इससे स्वाद भी मिलेगा और सेहत भी अच्छी रहेगी। सबसे खास बात कि बची सब्जी दाल का भी उपयोग भी हो जाएगा। फटाफट नोट कर लें रेसिपी।
रात की सब्जी और दाल से बनाएं मसाला पूरी
पहला स्टेप- सबसे पहले दाल और सब्जी को विस्कर की मदद से हल्का फेंट लें। अगर आपको एक भी सब्जी या दाल के बीज नहीं दिखने चाहिए तो इसके लिए अच्छा ऑप्शन है कि बची दाल सब्जी को पीसकर पेस्ट जैसा बना लें। अब इसे किसी बाउल में निकाल लें।
दूसरा स्टेप- अब पिसी सब्जी और दाल के घोल के हिसाब से इसमें आटा और 2 चम्मच बेसन मिला दें। अब स्वादानुसार नमक, लाल मिर्च, बारीक कटा हरा धनिया, हरी मिर्च और कद्दूकस किया अदरक डाल दें। इसमें क्रश करके अजवाइन मिलाएं। आटे में 1-2 चम्मच तेल डालें और मुलायम आटा गूंथ लें। आटे को ढककर 10 मिनट के लिए सेट होने के लिए रख दें।
तीसरा स्टेप- कड़ाही में तेल गर्म करें और आटे से लोई तोड़कर पूरियां बेल लें। अब एक-एक पूरी को मीडियम फ्लेम पर करारा सेंक लें। एकदम खस्ता पूरी बनकर तैयार हो जाएंगी। इन पूरियों को चाय के साथ खा सकते हैं। आप इन्हें अचार और चटनी के साथ इंजॉय कर सकते हैं। बच्चों को टिफिन में ये पूरी बनाकर दे सकते हैं। सभी को इनका स्वाद बहुत पसंद आएगा।
अगर पूरी को और भी खस्ता बनाना है तो आप इसमें चावल का आटा या आधा कप पके हुए रात के चावल भी मिला सकते हैं। चावल को पीसकर आटे में मिलाने से पूरी और भी करारी बनेंगी। आप इन पूरियों को आलू टमाटर की रसेदार सब्जी के साथ खाएंगे तो बेड़मी पूरी जैसा स्वाद मिलेगा।