Radhaballabhi Puri Recipe: सुबह सुबह नाश्ते में कुछ गरमा-गरम, कुरकुरा और थोड़ा हटकर मिल जाए, तो खाने की मेज पर हर किसी का मूड बन जाता है. रोज की रोटी, पराठे या साधारण पूड़ी से अगर मन भर गया है, तो इस बार बंगाल की मशहूर राधावल्लभी पूड़ी बनाकर देखिए. बाहर से सुनहरी और कुरकुरी, जबकि अंदर से मसालेदार उड़द दाल की भरपूर स्टफिंग वाली यह पूड़ी नाश्ते को खास बना देती है. खास बात यह है कि इसे घर पर बनाने के लिए किसी बहुत मुश्किल तकनीक की जरूरत नहीं पड़ती.

सही तरीके से आटा तैयार करने और दाल की स्टफिंग को अच्छी तरह भूनने से इसका स्वाद काफी बढ़ जाता है. मशहूर कुकिंग क्रिएटर निशा मधुलिका की बताई विधि से इसे बनाना और भी आसान हो जाता है. तो चलिए जानते हैं रविवार के स्पेशल नाश्ते के लिए राधावल्लभी पूड़ी बनाने का आसान तरीका.

राधावल्लभी पूड़ी के लिए खास मसाला

इस पूड़ी का स्वाद उसकी मसालेदार दाल की स्टफिंग से आता है. सबसे पहले एक पैन में करीब 2 चम्मच जीरा और 2 चम्मच सौंफ डालकर धीमी आंच पर भूनें. मसालों से खुशबू आने लगे तो गैस बंद कर दें. ठंडा होने के बाद इन्हें पीसकर पाउडर बना लें. इसमें थोड़ी सी हींग मिलाने से खुशबू और स्वाद दोनों बढ़ जाते हैं.

उड़द दाल को ऐसे करें तैयार

आधा कप उड़द दाल को कुछ घंटे पानी में भिगो दें. दाल अच्छी तरह फूल जाए तो पानी निकालकर इसे मिक्सर में डालें और बहुत कम पानी के साथ महीन पीस लें. ध्यान रखें कि पेस्ट ज्यादा पतला न हो, वरना बाद में स्टफिंग तैयार करने में परेशानी हो सकती है.

मैदे से तैयार करें नरम आटा

अब एक बड़े बर्तन में 2 कप मैदा लें. इसमें थोड़ा नमक, 1 चम्मच तैयार सौंफ-जीरा मसाला, 1 चम्मच अदरक-मिर्च का पेस्ट, 2 चम्मच पिसी उड़द दाल और 1 चम्मच चीनी डालें. इसके बाद तेल का मोयन डालकर सभी चीजों को अच्छी तरह मिलाएं. अब धीरे-धीरे पानी डालते हुए नरम आटा गूंथें. आटा बहुत कड़ा या बहुत ढीला नहीं होना चाहिए. ऊपर से थोड़ा तेल लगाकर इसे ढक दें और कुछ देर के लिए रख दें. यह छोटा सा ब्रेक पूड़ी की बनावट को बेहतर बनाने में मदद करता है.

दाल की मसालेदार स्टफिंग बनाएं

अब कड़ाही में थोड़ा तेल गर्म करें. इसमें अदरक-मिर्च का पेस्ट डालकर हल्का भूनें. इसके बाद बची हुई पिसी उड़द दाल और सौंफ-जीरा मसाला डाल दें. मिश्रण को लगातार चलाते हुए भूनें. दाल का पानी सूखने लगे और मिश्रण गाढ़ा होकर एक साथ इकट्ठा होने लगे, तो समझिए स्टफिंग तैयार है. इसे प्लेट में निकालकर ठंडा होने दें. स्टफिंग पूरी तरह ठंडी होने पर ही पूड़ी में भरें, इससे बेलते समय दिक्कत कम होगी.

सेहत, रिलेशनशिप, लाइफ या धर्म-ज्योतिष से जुड़ी है कोई निजी उलझन तो हमें करें WhatsApp, आपका नाम गोपनीय रखकर देंगे जानकारी.

लोई में भरें दाल और बेलें पूड़ी

तैयार आटे को दोबारा हल्के हाथों से मसलें और बराबर आकार की लोइयां बना लें. एक लोई लेकर बीच में हल्की जगह बनाएं और उसमें दाल की स्टफिंग रखें. अब किनारों को उठाकर स्टफिंग को पूरी तरह बंद कर दें.

इसके बाद इसे हल्के हाथों से दबाकर पूड़ी के आकार में बेलें. बहुत ज्यादा पतला बेलने से स्टफिंग बाहर निकल सकती है, इसलिए पूड़ी को मध्यम मोटाई का रखें.

तेज गर्म तेल में करें फ्राई

कड़ाही में तेल अच्छी तरह गर्म करें. अब एक पूड़ी सावधानी से तेल में डालें. कलछी की मदद से ऊपर से हल्का दबाने पर पूड़ी फूलने लगेगी. इसे पलटकर दोनों तरफ से सुनहरा और कुरकुरा होने तक तलें. इसी तरह बाकी पूड़ियां भी तैयार कर लें. गरमा-गरम राधावल्लभी पूड़ी को आलू की रसेदार सब्जी, छोले या किसी पसंदीदा सब्जी के साथ परोस सकते हैं. रविवार के नाश्ते में इसका स्वाद परिवार को साधारण पूड़ी से कहीं ज्यादा खास लग सकता है.

पूड़ी को कुरकुरा बनाने के लिए ध्यान रखें

राधावल्लभी पूड़ी बनाते समय सबसे जरूरी बात है कि दाल की स्टफिंग में नमी ज्यादा न रहे. गीली स्टफिंग पूड़ी बेलते समय बाहर निकल सकती है. इसी तरह आटा बहुत सख्त होने पर पूड़ी अच्छी तरह नहीं फूलेगी.

तेल भी पर्याप्त गर्म होना चाहिए. बहुत ठंडे तेल में पूड़ी डालने पर वह ज्यादा तेल सोख सकती है, जबकि जरूरत से ज्यादा गर्म तेल में बाहर की परत जल्दी रंग पकड़ सकती है. इसलिए मध्यम से तेज आंच के बीच तापमान संभालकर पूड़ी तलना बेहतर रहता है.



Source link

Write A Comment