Last Updated:
Arbi Patta Besan Gravy Sabzi: रोज-रोज आलू, गोभी, भिंडी और बैंगन की सब्जी खाकर अगर स्वाद फीका लगने लगा है तो अरबी के पत्तों से बनने वाली देसी बेसन ग्रेवी की सब्जी ट्राई कर सकते हैं. भीलवाड़ा की दुर्गा देवी के मुताबिक यह सब्जी स्वादिष्ट होने के साथ घर पर आसानी से तैयार हो जाती है. इसके लिए अरबी के ताजे पत्ते, बेसन, दही और सामान्य मसालों की जरूरत होती है. पहले पत्तों पर मसालेदार बेसन का घोल लगाकर रोल तैयार किए जाते हैं और उन्हें भाप में पकाकर छोटे टुकड़ों में काट लिया जाता है. इसके बाद जीरा, हींग, अदरक-लहसुन और मसालों से ग्रेवी तैयार कर इसमें अरबी के रोल डाले जाते हैं. रोटी, पराठे या चावल के साथ इसे परोसा जा सकता है.
भीलवाड़ा. हर दिन वही आलू, गोभी, भिंडी और बैंगन की सब्जी खाकर अगर स्वाद कुछ फीका-फीका लगने लगा है तो इस बार रसोई में कुछ देसी और हटकर ट्राई कीजिए. अरबी के पत्तों से बनने वाली बेसन ग्रेवी की सब्जी स्वाद में इतनी लाजवाब होती है कि खाने वाला बार-बार इसकी तारीफ किए बिना नहीं रह पाएगा. मसालेदार बेसन की गाढ़ी ग्रेवी और अरबी के पत्तों का अनोखा मेल इस सब्जी को खास बना देता है. अच्छी बात यह है कि इसे बनाने के लिए महंगी या ढेर सारी सामग्री की जरूरत नहीं होती. तो चलिए जानते हैं इसकी आसान और स्वादिष्ट रेसिपी.
भीलवाड़ा शहर के आर के कॉलोनी निवासी दुर्गा देवी ने बताया कि आमतौर पर देखा जाता है कि घर पर नॉर्मली हरि और देसी सब्जियां बनाई जाती है. देखने में यह भी आता है कि घर और फैमिली वाले भी रोज-रोज एक जैसी सब्जियां खाकर बोर हो जाते हैं. ऐसे में घर पर देसी अरबी के पत्ते की सब्जी सबसे बढ़िया और टेस्टी सब्जी बन सकती है. इसके लिए अरबी के ताजे पत्ते, बेसन, तेल, दही, हल्दी, लाल मिर्च पाउडर, धनिया पाउडर, जीरा, हींग, नमक और थोड़े से गरम मसाले की जरूरत होगी. स्वाद बढ़ाने के लिए इसमें अदरक-लहसुन का पेस्ट और हरी मिर्च भी डाली जा सकती है.
ऐस बनाएं अरबी के पत्तों से बेसन ग्रेवी की सब्जी
ग्रेवी को अपनी पसंद के अनुसार गाढ़ा या पतला रखा जा सकता है. सबसे पहले अरबी के पत्तों को अच्छी तरह धोकर साफ कर लें. पत्तों की मोटी डंडी और सख्त हिस्से निकाल दें. अब एक बर्तन में बेसन लें और उसमें थोड़ा नमक, हल्दी, लाल मिर्च और धनिया पाउडर मिलाएं. इसमें थोड़ा पानी डालकर गाढ़ा घोल तैयार करें. इसके बाद अरबी के पत्तों पर बेसन का मिश्रण अच्छी तरह लगाकर उन्हें रोल कर लें. इन रोल को भाप में या हल्का उबालकर नरम कर लें. ठंडा होने के बाद इन्हें छोटे-छोटे टुकड़ों में काट लें. कड़ाही में तेल गर्म करें. इसमें जीरा और हींग डालें. इसके बाद अदरक-लहसुन का पेस्ट और हरी मिर्च डालकर हल्का भूनें.
रोटी, पराठे या चावल के साथ ले सकते हैं मजा
अब इसमें दही और मसालों का मिश्रण डालकर अच्छी तरह चलाएं. मसाला भुनने के बाद आवश्यकतानुसार पानी डालें और ग्रेवी को उबाल आने दें. अब कटे हुए अरबी के पत्तों के रोल ग्रेवी में डाल दें. धीमी आंच पर कुछ मिनट तक पकाएं, ताकि मसालों का स्वाद अच्छी तरह सब्जी में मिल जाए. आखिर में थोड़ा गरम मसाला डालकर गैस बंद कर दें. गरमा-गरम अरबी के पत्ते की बेसन ग्रेवी वाली सब्जी रोटी, पराठे या चावल के साथ परोसी जा सकती है. कम मेहनत में तैयार होने वाली यह सब्जी खाने की थाली में अलग स्वाद जोड़ सकती है.
About the Author
दीपरंजन सिंह लगभग एक दशक से पत्रकारिता के फिल्ड से जुड़े हुए हैं. वह अभी न्यूज18 हिंदी के राजस्थान डिजिटल डेस्क से जुड़े हैं, जहां वे बतौर कंटेंट प्रोड्यूसर अपनी सेवाएं दे रहे हैं. पिछले लगभग एक दशक से सक्रिय पत…
और पढ़ें