Sawan Vrat Recipe: सावन का महीना आते ही घर-घर में व्रत और उपवास की रौनक शुरू हो जाती है. खासकर सावन सोमवार के दिन लोग पूरे श्रद्धा भाव से व्रत रखते हैं और सात्विक भोजन करते हैं, लेकिन हर बार उबले आलू, दही या फलाहार खाकर कई लोगों का मन भर जाता है. ऐसे में अगर व्रत की थाली में कुछ नया, स्वादिष्ट और पेट भरने वाला मिल जाए तो पूरा दिन भी आसानी से निकल जाता है. यही वजह है कि इन दिनों कुट्टू के आटे की पूड़ी और व्रत वाली आलू-टमाटर की सब्जी लोगों की पसंदीदा रेसिपी बन रही है. यह कॉम्बिनेशन स्वाद के साथ पेट भी भरता है और व्रत के नियमों के मुताबिक भी तैयार किया जाता है.

अगर इस सावन सोमवार आप अपने परिवार के लिए कुछ अलग बनाना चाहते हैं तो यह आसान रेसिपी जरूर ट्राई करें. कम सामग्री में तैयार होने वाली यह डिश खाने में इतनी स्वादिष्ट लगती है कि व्रत न रखने वाले लोग भी इसे बार-बार मांगकर खाते हैं.

व्रत में क्यों पसंद की जाती है कुट्टू की पूड़ी?
सावन के व्रत में गेहूं का आटा नहीं खाया जाता, इसलिए कुट्टू का आटा सबसे अच्छे विकल्पों में माना जाता है. इससे बनी पूड़ियां बाहर से हल्की कुरकुरी और अंदर से नरम रहती हैं, अगर इसे चटपटी आलू-टमाटर की सब्जी के साथ परोसा जाए तो स्वाद कई गुना बढ़ जाता है. कई घरों में सावन सोमवार पर यही पारंपरिक भोजन बनाया जाता है क्योंकि यह जल्दी तैयार हो जाता है और लंबे समय तक पेट भरा हुआ महसूस कराता है.

आलू-टमाटर की सब्जी के लिए सामग्री
1. 4 उबले हुए आलू
2. 3 बारीक कटे टमाटर
3. 2 बड़े चम्मच घी या मूंगफली का तेल
4. 1 छोटी चम्मच जीरा
5. 2 बारीक कटी हरी मिर्च
6. 1 इंच कद्दूकस किया अदरक
7. सेंधा नमक स्वादानुसार
8. आधा छोटी चम्मच काली मिर्च पाउडर
9. बारीक कटा हरा धनिया
10. जरूरत के अनुसार पानी

(इमेज AI)

कुट्टू की पूड़ी बनाने के लिए सामग्री
1. 2 कप कुट्टू का आटा
2. आधा कप सिंघाड़े का आटा या मैश किया हुआ उबला आलू
3. सेंधा नमक स्वादानुसार
4. गुनगुना पानी
5. तलने के लिए घी या तेल

ऐसे तैयार करें स्वादिष्ट आलू-टमाटर की सब्जी
सबसे पहले एक कड़ाही में घी या मूंगफली का तेल गर्म करें. उसमें जीरा डालें और चटकने दें. अब हरी मिर्च और कद्दूकस किया हुआ अदरक डालकर कुछ सेकंड तक भूनें. इसके बाद कटे हुए टमाटर डालें और उन्हें अच्छी तरह गलने दें. अब सेंधा नमक और काली मिर्च पाउडर मिलाएं. जब मसाला तैयार हो जाए तो हाथ से तोड़े हुए उबले आलू डालें और अच्छी तरह मिलाएं. जरूरत के मुताबिक पानी डालकर कुछ मिनट तक पकाएं. आखिर में ऊपर से हरा धनिया डाल दें. आपकी व्रत वाली आलू-टमाटर की सब्जी तैयार है.

सेहत, रिलेशनशिप, लाइफ या धर्म-ज्योतिष से जुड़ी है कोई निजी उलझन तो हमें करें WhatsApp, आपका नाम गोपनीय रखकर देंगे जानकारी.

फूली-फूली कुट्टू की पूड़ी बनाने का आसान तरीका
आटा गूंथते समय रखें यह ध्यान
एक बड़े बर्तन में कुट्टू का आटा लें. उसमें सेंधा नमक और सिंघाड़े का आटा या मैश किया हुआ उबला आलू मिला दें. आलू मिलाने से आटा अच्छी तरह बंध जाता है और पूड़ियां तलते समय टूटती नहीं हैं. अब थोड़ा-थोड़ा गुनगुना पानी डालते हुए सख्त आटा गूंथ लें. इसे ज्यादा देर तक खुला न छोड़ें.

(इमेज AI)

बेलने और तलने की सही विधि
आटे की छोटी-छोटी लोइयां बनाएं. हथेली, पॉलीथिन शीट या बटर पेपर पर हल्का घी लगाकर पूड़ी बेलें. कुट्टू का आटा चिपक सकता है, इसलिए यह तरीका आसान रहता है. अब कड़ाही में घी या तेल गर्म करें. पूड़ी डालते ही कलछी से हल्का दबाएं. इससे पूड़ी अच्छी तरह फूल जाएगी. दोनों तरफ सुनहरा होने तक तलें और निकाल लें.

घर के स्वाद में मिलेगा व्रत का आनंद
अक्सर लोग व्रत में स्वाद की कमी महसूस करते हैं, लेकिन कुट्टू की गरमा-गरम पूड़ी और हल्की मसालेदार आलू-टमाटर की सब्जी इस कमी को दूर कर देती है. बच्चों से लेकर बड़े तक इसे पसंद करते हैं, अगर घर में मेहमान आए हों या परिवार के सभी सदस्य व्रत रख रहे हों तो यह रेसिपी आसानी से सभी के लिए बनाई जा सकती है.

इन छोटी बातों से स्वाद होगा दोगुना
अगर आप पूड़ियों को ज्यादा कुरकुरा बनाना चाहते हैं तो आटा गूंथने के बाद तुरंत पूड़ियां बेलें. सब्जी में टमाटर अच्छी तरह गलने दें, इससे ग्रेवी का स्वाद और रंग दोनों बेहतर आते हैं. ऊपर से ताजा हरा धनिया डालकर परोसने से खुशबू भी बढ़ जाती है.



Source link

Write A Comment