Last Updated:
व्रत के लिए मखाने की खीर हल्का, पौष्टिक और ऊर्जा देने वाला विकल्प, मखाना कैल्शियम, प्रोटीन और एंटीऑक्सीडेंट से भरपूर, हड्डियों और पाचन के लिए फायदेमंद
व्रत के दौरान हल्का, स्वादिष्ट और पौष्टिक भोजन लेना बहुत जरूरी होता है. ऐसे में मखाने की खीर एक बेहतरीन विकल्प है. यह न केवल बनाने में आसान है, बल्कि शरीर को ऊर्जा भी देती है. मखाना कैल्शियम, प्रोटीन और एंटीऑक्सीडेंट से भरपूर होता है, इसलिए व्रत में इसका सेवन बहुत लाभकारी माना जाता है.
सामग्री:
मखाने – 2 कप
फुल-फैट दूध – 1 लीटर
देसी घी – 1 बड़ा चम्मच
चीनी या गुड़ – ½ कप (स्वादानुसार)
काजू – 10-12 (कटे हुए)
बादाम – 10 (कटे हुए)
किशमिश – 1 बड़ा चम्मच
इलायची पाउडर – ½ छोटा चम्मच
केसर – 8-10 धागे
बनाने की विधि:
1.सबसे पहले एक कढ़ाई को गैस पर गरम करें और उसमें देसी घी डालें. अब मखानों को घी में धीमी आंच पर हल्का सुनहरा और कुरकुरा होने तक भून लें. भुने हुए मखाने ठंडे होने पर उनमें से आधे मखानों को हल्का-सा तोड़ लें या मोटा-मोटा कूट लें. इससे खीर की बनावट और स्वाद दोनों बेहतर होंगे.
2. अब एक गहरे बर्तन में दूध डालकर उसे मध्यम आंच पर उबालने के लिए रखें. जब दूध उबलने लगे तो आंच धीमी कर दें और उसे 8-10 मिनट तक पकने दें, ताकि दूध थोड़ा गाढ़ा हो जाए. बीच-बीच में चलाते रहें, ताकि दूध तले में न लगे.
3. अब उबलते हुए दूध में कुटे हुए मखाने और पूरे मखाने डालें. इन्हें दूध में 10-15 मिनट तक पकने दें, ताकि मखाने नरम हो जाएं और दूध का स्वाद अच्छी तरह अपने अंदर सोख लें. इसके बाद चीनी या गुड़ डालें और अच्छी तरह मिलाएं. अगर आप गुड़ डाल रहे हैं, तो दूध थोड़ा ठंडा करके डालें ताकि दूध फटे नहीं.
4. अब इसमें कटे हुए काजू, बादाम और किशमिश डालें. साथ ही इलायची पाउडर और केसर भी मिलाएं. इसे 5-7 मिनट तक और पकने दें, ताकि खीर अच्छी तरह गाढ़ी हो जाए. यदि आपको खीर ज्यादा गाढ़ी लग रही हो तो थोड़ा दूध और मिलाया जा सकता है.
परोसने का तरीका:
मखाने की खीर को आप गरम या ठंडा दोनों तरह से परोस सकते हैं. ऊपर से थोड़े सूखे मेवे डालकर सजाएं. व्रत या त्योहार के अवसर पर यह खीर आपके भोजन में मिठास और पौष्टिकता दोनों बढ़ा देती है.
फायदे:
मखाने हल्के होते हैं और आसानी से पच जाते हैं. इनमें कैल्शियम और मैग्नीशियम भरपूर मात्रा में होता है, जो हड्डियों को मजबूत बनाता है. व्रत के दौरान यह शरीर को ऊर्जा प्रदान करते हैं और लंबे समय तक पेट भरा हुआ रखते हैं.