Last Updated:
Crispy and Puffy Puri Recipe: अगर आपकी पूरियां तलने के बाद पिचक जाती हैं, तो आटा गूंथने से लेकर तेल के तापमान तक कुछ छोटी-छोटी बातों का ध्यान रखना जरूरी है. हलवाई जैसी फूली-फूली और खस्ता पूरियां बनाने का तरीका आसान है. इसे अपनाने से आपकी पूरियां ठंडी होने के बाद भी कई घंटों तक फूली रह सकती हैं.
फूली-फूली पूरियां बनाने के लिए आटा गूंथते समय उसमें 2 चम्मच सूजी मिला दें.
Perfect Puri Recipe in Hindi: घर पर पूरियां बनाने के बाद कुछ देर तक फूली-फूली रहती हैं, लेकिन बाद में पिचक जाती हैं. यह एक कॉमन समस्या है, जिसका सामना अधिकतर लोगों को करना पड़ता है. जबकि शादी-ब्याह और हलवाई वाली पूरियां कई घंटों तक फूली रहती हैं. फंक्शन में मिलने वाली पूरियां लंबे समय तक फूली हुई, खस्ता और स्वादिष्ट बनी रहती हैं. अगर आप भी जानना चाहते हैं कि हलवाई आखिर ऐसा क्या करते हैं कि उनकी पूरियां ठंडी होने के बाद भी नरम और फूली-फूली रहती हैं, तो कुछ आसान किचन टिप्स आपकी मदद कर सकते हैं.
सही आटा सबसे बड़ा सीक्रेट
परफेक्ट पूरियों की शुरुआत सही आटे से होती है. पूरियों के लिए आटा हमेशा थोड़ा सख्त गूंथना चाहिए. अगर आटा ज्यादा नरम होगा, तो पूरियां तेल ज्यादा सोख सकती हैं और जल्दी पिचक सकती हैं. आटा गूंथते समय उसमें एक या दो चम्मच सूजी मिला दें. इससे पूरियों में हल्की खस्तापन आता है और वे लंबे समय तक अपनी बनावट बनाए रख सकती हैं. कई लोग पूरियों का आटा घंटों पहले गूंथकर रख देते हैं. इससे आटा ढीला पड़ सकता है और पूरियां मनचाही नहीं बनतीं. बेहतर रिजल्ट के लिए आटा गूंथने के 15 से 20 मिनट बाद पूरियां बेलना शुरू करें. इससे उनकी बनावट बेहतर रहती है.
इन बातों का भी रखें ध्यान
पूरी न ज्यादा मोटी होनी चाहिए और न ही बहुत पतली. अगर पूरी बहुत पतली होगी तो फूलने में परेशानी हो सकती है, जबकि ज्यादा मोटी पूरी अंदर से कच्ची रह सकती है. सभी पूरियों का आकार और मोटाई लगभग एक जैसी रखने की कोशिश करें. इससे तलते समय सभी पूरियां समान रूप से फूलेंगी.
फूली हुई पूरियों का सबसे बड़ा राज तेल का सही तापमान होता है. अगर तेल पर्याप्त गर्म नहीं होगा, तो पूरी तेल सोखने लगेगी और अच्छी तरह नहीं फूलेगी. तेल इतना गर्म होना चाहिए कि पूरी डालते ही वह तुरंत ऊपर आ जाए. हालांकि तेल अत्यधिक गर्म भी नहीं होना चाहिए, वरना पूरी बाहर से जल सकती है और अंदर से सही नहीं पक पाएगी.
जैसे ही पूरी तेल में डालें, कलछी की मदद से उसे हल्के हाथों से दबाएं. इससे गर्म तेल पूरी के ऊपर पहुंचता है और पूरी तेजी से फूलने लगती है. जब पूरी पूरी तरह फूल जाए, तो उसे पलटकर दूसरी तरफ भी सुनहरा होने तक तल लें. कई हलवाई पूरियों के आटे में थोड़ा-सा सूजी या एक चम्मच गर्म तेल मिलाते हैं. इससे पूरियां ज्यादा खस्ता बनती हैं और देर तक कुरकुरी बनी रह सकती हैं.
About the Author
अमित उपाध्याय News18 हिंदी की लाइफस्टाइल टीम के अनुभवी पत्रकार हैं, जिनके पास प्रिंट और डिजिटल मीडिया में 9 वर्षों से अधिक का अनुभव है। वे हेल्थ, वेलनेस और लाइफस्टाइल से जुड़ी रिसर्च-बेस्ड और डॉक्टर्स के इंटरव्…और पढ़ें