शाम की चाय के साथ अगर कुछ चटपटा, करकरा और जायकेदार मिल जाए, तो पूरे दिन की थकान मिनटों में दूर हो जाती है। ऐसी ही एक डिश है जो आपके मूड को बेहतर बना सकता है वो है पापड़ी चाट। स्ट्रीट फूड की जब भी बात होती है, तो कुरकुरी पापड़ी, मीठी दही, तीखी हरी चटनी और खट्टी-मीठी इमली की चटनी का नाम सबसे पहले आता है। अक्सर लोगों की शिकायत होती है कि घर पर बनी पापड़ी बाजार जैसी खस्ता नहीं बनती, लेकिन सही माप और कुछ आसान टिप्स के साथ आप घर पर ही ठेले से भी ज्यादा टेस्टी पापड़ी चाट तैयार कर सकते हैं। यहां हम आपके लिए पापड़ी चाट की रेसिपी लेकर आए हैं।
सामग्री
पापड़ी बनाने के लिए
- मैदा – 1 कप
- सूजी – 2 चम्मच (अतिरिक्त खस्तेपन के लिए)
- अजवाइन – ½ छोटा चम्मच
- तेल – 2 चम्मच (मोयन के लिए) + तलने के लिए
- नमक – स्वाद अनुसार
चाट असेंबल करने के लिए
- उबले आलू – 2 (छोटे टुकड़ों में कटे हुए)
- उबले काले चने या मटरा – ½ कप
- ताजा गाढ़ा दही – 1 कप (1 चम्मच चीनी डालकर फेंटा हुआ)
- हरी चटनी (धनिया-पुदीना) – ½ कप
- इमली की खट्टी-मीठी चटनी – ½ कप
- भुना जीरा पाउडर – 1 चम्मच
- लाल मिर्च पाउडर – ½ चम्मच
- चाट मसाला – 1 चम्मच
- काला नमक – स्वाद अनुसार
- बारीक वाले सेव/भुजिया, हरा धनिया और अनार के दाने – सजावट के लिए
बनाने का तरीका
खस्ता पापड़ी तैयार करें
एक बर्तन में मैदा, सूजी, अजवाइन, नमक और 2 चम्मच तेल डालकर अच्छी तरह मिलाएं। जब मैदा मुट्ठी में बंधने लगे, तो समझें मोयन सही है। अब थोड़ा-थोड़ा गुनगुना पानी डालकर थोड़ा सख्त आटा गूंथ लें। इसे 15 मिनट के लिए ढककर रख दें। इसके बाद आटे की छोटी-छोटी लोइयां बनाकर पतली पूरियां बेलें। कांटे से पूरियों में छेद कर दें ताकि तलते समय ये फूले नहीं। अब धीमी आंच पर तेल गर्म करें और पापड़ियों को हल्का सुनहरा और कुरकुरा होने तक तल लें।
चाट असेंबल करें
अब एक बड़ी प्लेट में 6 से 8 बनी हुई पापड़ियों को फैलाएं। इसके ऊपर कटे हुए उबले आलू और उबले चने डालें।
चटनियां और मसाले डालें
अब इसके ऊपर फेंटा हुआ मीठा दही अच्छी तरह डालें। फिर स्वादानुसार तीखी हरी चटनी और खट्टी-मीठी इमली की चटनी डालें। ऊपर से भुना जीरा पाउडर, चाट मसाला, लाल मिर्च और थोड़ा सा काला नमक डालें।
गार्निशिंग करें
आखिर में ढेर सारे बारीक वाले सेव, कटा हरा धनिया और अनार के दानों से इसे सजाएं, इसका आनंद लें।