Last Updated:

Chapra Famous Pedha Sweets: छपरा के देवरिया बाजार का पेड़ा कोलकाता की मिठाइयों को टक्कर दे रहा है. राजकुमार सिंह की दुकान का यह पेड़ा शुद्ध दूध, इलायची, काजू और पिस्ता से बनता है. इसकी कीमत ₹350 प्रति किलो है और इसकी मांग सऊदी अरब व कोलकाता तक है. यह कोयले की आंच पर घंटों पकता है.

छपरा: स्वाद और शुद्धता के मामले में यूं तो कोलकाता की मिठाइयां पूरे देश में मशहूर हैं. लेकिन बिहार के छपरा जिले के एक छोटे से ग्रामीण बाजार में तैयार होने वाला पेड़ा मिठास के मामले में कोलकाता को भी टक्कर दे रहा है. छपरा के मशरख प्रखंड स्थित देवरिया बाजार की एक छोटी सी दुकान का पेड़ा आज सिर्फ स्थानीय लोगों की पसंद ही नहीं, बल्कि कोलकाता और सऊदी अरब तक रहने वाले प्रवासियों की पहली पसंद बन चुका है. जानें इसको बनाने की विधि.

कोयले की आंच पर घंटों पकता है शुद्ध दूध
इस दुकान के संचालक राजकुमार सिंह बताते हैं कि वे ग्रामीण इलाकों से शुद्ध दूध मंगवाते हैं. पेड़ा तैयार करने के लिए किसी भी तरह की मिलावट या केमिकल का इस्तेमाल नहीं होता. कोयले की भट्ठी पर घंटों दूध को चलाकर शुद्ध मावा (खोआ) निकाला जाता है. स्वाद और सुगंध को दोगुना करने के लिए इसमें हल्की चीनी के साथ इलायची, काजू और पिस्ता मिलाया जाता है. यही पारंपरिक तरीका इसे खास बनाता है.

₹350 प्रति किलो है कीमत, परदेस में भी मांग
राजकुमार सिंह बतलाते हैं कि उनकी दुकान पर मुख्य रूप से पेड़ा और चाय ही मिलती है. एक बार जो इस स्वाद को चख लेता है, वह बार-बार खिंचा चला आता है. वे पेड़ा 350 रुपये प्रति किलो या 10 रुपये प्रति पीस के हिसाब से बेचते हैं. सऊदी अरब में काम करने वाले स्थानीय लोग और कोलकाता में बसे प्रवासी जब भी गांव आते हैं, तो भारी मात्रा में यह पेड़ा साथ ले जाना नहीं भूलते.

कोलकाता की मिठाइयों से भी बेहतर स्वाद
दुकान पर आई ग्राहक लीलावती देवी ने बताया कि उनका पूरा परिवार कोलकाता में रहता है. वहां एक से बढ़कर एक मिठाइयां मिलती हैं. इसके बावजूद उनके बेटी-दामाद और रिश्तेदार जब भी छपरा आते हैं, तो खास तौर पर यहां से पेड़ा खरीदकर कोलकाता ले जाते हैं. शुद्धता और देसी स्वाद की वजह से इस पेड़े की साख दूर-दूर तक फैली हुई है.

About the Author

Amit Ranjan

अमित रंजन वर्तमान में News18 में बिहार, झारखंड और दिल्ली से जुड़ी खबरों के समन्वय और संपादन का कार्य देख रहे हैं. खोजी पत्रकारिता उनकी विशेष रुचि का क्षेत्र है. राजनीति, शिक्षा, खेल, क्राईम और मौसम जैसे विषयों …

और पढ़ें



Source link

Write A Comment