Last Updated:
Cabbage Pakora Recipe: कोडरमा में पत्ता गोभी की क्रिस्पी पकौड़ी लोगों के बीच खास पसंद की जाती है. इसे घर में आसानी से उपलब्ध सामग्री से तैयार किया जा सकता है. इसके लिए पत्ता गोभी, प्याज और हरी मिर्च को काटकर बेसन, हल्दी, नमक, जीरा पाउडर, गोलकी पाउडर और थोड़ा बेकिंग सोडा की जरूरत होती है. इसे बनाने की विधि भी बहुत आसान है, तो आइए जानते हैं पूरी रेसिपी.
कोडरमा: बाजारों में आसानी से मिलने वाली पत्ता गोभी से आपने सब्जी, चाउमिन या कई तरह के व्यंजन जरूर खाए होंगे. लेकिन कोडरमा में इसे एक अलग अंदाज में भी तैयार किया जाता है. यहां पत्ता गोभी की बेहद क्रिस्पी और स्वादिष्ट पकौड़ी बनाने का चलन भी लोगों को खूब पसंद आता है. खास बात यह है कि इसे घर में मौजूद सामान्य सामग्री से आसानी से तैयार किया जा सकता है. गृहणी राधिका प्रजापति ने बताया कि पत्ता गोभी की पकौड़ी बनाने के लिए सबसे पहले पत्ता गोभी को अच्छी तरह साफ किया जाता है. इसके बाद इसे लंबा-लंबा काट लिया जाता है. चार से पांच प्याज भी काट लिए जाते हैं. स्वाद बढ़ाने के लिए तीन से चार हरी मिर्च को बारीक काट लिया जाता है.
इस तरीके से तैयार करें पकौड़ी का घोल
राधिका प्रजापति के मुताबिक, अब एक बड़े बर्तन में कटी हुई पत्ता गोभी, प्याज और हरी मिर्च डालकर अच्छी तरह मिला लिया जाता है. इसके बाद इसमें बेसन मिलाया जाता है. मिश्रण में स्वादानुसार हल्दी और नमक डाला जाता है. इसके साथ थोड़ा जीरा पाउडर, गोलकी पाउडर और थोड़ी मात्रा में बेकिंग सोडा भी मिलाया जाता है. सभी सामग्री को अच्छी तरह मिलाने के बाद इसमें थोड़ा-थोड़ा पानी डाला जाता है. इसके बाद पकौड़ी के लिए मिश्रण तैयार किया जाता है. इस दौरान ध्यान रखा जाता है कि मिश्रण बहुत ज्यादा पतला न हो. पत्ता गोभी, प्याज और बेसन का मिश्रण इस तरह तैयार किया जाता है कि उसे आसानी से पकौड़ी के आकार में तेल में डाला जा सके.
चटनी और चाय के साथ बढ़ जाता है स्वाद
इसके बाद कड़ाही में तेल गर्म किया जाता है. जब तेल मीडियम गर्म हो जाए, तो तैयार मिश्रण को थोड़ा-थोड़ा लेकर एक-एक करके कड़ाही में डाला जाता है. पकौड़ियों को मध्यम आंच पर धीरे-धीरे पकाया जाता है. इससे वे अंदर से अच्छी तरह पक जाती हैं और बाहर से कुरकुरी बनती हैं. जब पकौड़ियों का रंग सुनहरा-भूरा हो जाए और उनकी सतह अच्छी तरह क्रिस्पी हो जाए, तो उन्हें कड़ाही से निकालकर अलग बर्तन में रख लिया जाता है. इसी तरह बचे हुए मिश्रण से भी पकौड़ियां तैयार कर ली जाती हैं. पत्ता गोभी की इन गर्मागर्म पकौड़ियों को हरी चटनी, टमाटर की चटनी या गर्म चाय के साथ परोसा जा सकता है. शाम के नाश्ते के लिए यह एक स्वादिष्ट और आसान विकल्प है.
About the Author
न्यूज़18इंडिया में कार्यरत हैं. आजतक से रिपोर्टर के तौर पर करियर की शुरुआत फिर सहारा समय, ज़ी मीडिया, न्यूज नेशन और टाइम्स इंटरनेट होते हुए नेटवर्क 18 से जुड़ी. टीवी और डिजिटल न्यूज़ दोनों विधाओं में काम करने क…
और पढ़ें