Last Updated:

Quick Paneer Bhurji Recipe: अगर सब्जी बनाने के लिए ज्यादा समय नहीं है, तो पनीर भुर्जी एक बेहतरीन विकल्प हो सकती है. प्याज, टमाटर, मसालों और ताजे पनीर से तैयार होने वाली यह रेसिपी कुछ ही मिनटों में बन जाती है. इसे रोटी, पराठे, ब्रेड या पाव के साथ परोसकर स्वादिष्ट और पौष्टिक खाने का आनंद लिया जा सकता है.

Zoom

आप महज कुछ मिनट में टेस्टी पनीर भुर्जी तैयार कर सकते हैं.

Simple Paneer Bhurji Recipe: सब्जी बनाने में टाइम लगता है और इस वजह से कई लोग झटपट तैयार होने वाली डिशेज की तलाश में रहते हैं. रोज-रोज एक जैसी सब्जियां बनाते-बनाते अगर आप बोर हो गए हैं और झटपट कुछ बनाना चाहते हैं, तो पनीर भुर्जी एक बेहतरीन विकल्प हो सकती है. यह रेसिपी कम समय में तैयार हो जाती है और स्वाद में भी किसी रेस्टोरेंट डिश से कम नहीं लगती. नरम पनीर, प्याज, टमाटर और मसालों का शानदार मेल इसे हर उम्र के लोगों की पसंद बना देता है. इसे रोटी, पराठा, ब्रेड या पाव के साथ भी परोसा जा सकता है. इसे बनाने में सिर्फ 10 मिनट का वक्त लगता है.

पनीर भुर्जी बनाने के लिए सामग्री

कद्दूकस या हाथ से मैश किया हुआ 250 ग्राम पनीर, बारीक कटा हुआ 1 बड़ा प्याज, बारीक कटे हुए 2 टमाटर, 2 हरी मिर्च, 1 छोटा चम्मच अदरक-लहसुन का पेस्ट, आधा छोटा चम्मच हल्दी, 1 छोटा चम्मच लाल मिर्च पाउडर, 1 छोटा चम्मच धनिया पाउडर, आधा छोटा चम्मच गरम मसाला, स्वादानुसार नमक, 2 बड़े चम्मच तेल या घी और बारीक कटा हरा धनिया. इन सभी चीजों से आप झटपट पनीर भुर्जी तैयार कर सकते हैं.

पनीर भुर्जी बनाने की आसान विधि

सबसे पहले एक कड़ाही में तेल या घी गर्म करें. इसमें बारीक कटा प्याज डालकर सुनहरा होने तक भून लें. अब अदरक-लहसुन का पेस्ट और हरी मिर्च डालकर एक मिनट तक पकाएं. इसके बाद कटे हुए टमाटर डालें और उन्हें अच्छी तरह गलने दें. अब हल्दी, लाल मिर्च, धनिया पाउडर और नमक डालकर मसालों को 2 से 3 मिनट तक भूनें.

जब मसाला अच्छी तरह तैयार हो जाए, तब उसमें मैश किया हुआ पनीर डालें और अच्छी तरह मिला दें. धीमी आंच पर 3 से 4 मिनट तक पकाएं. आखिर में गरम मसाला और हरा धनिया डालकर गैस बंद कर दें. अगर आप रेस्टोरेंट जैसा स्वाद चाहते हैं, तो आखिर में थोड़ा-सा मक्खन डाल सकते हैं. इसके अलावा आधा छोटा चम्मच कसूरी मेथी हथेलियों के बीच मसलकर डालने से पनीर भुर्जी की खुशबू और स्वाद दोनों बढ़ जाते हैं.

गरमा-गरम पनीर भुर्जी को रोटी, पराठा, नान, ब्रेड, पाव या टोस्ट के साथ परोसा जा सकता है. इसे सैंडविच या रैप की फिलिंग के रूप में भी इस्तेमाल किया जा सकता है. पनीर भुर्जी कम समय में बनने वाली ऐसी रेसिपी है, जो स्वाद और पोषण दोनों का अच्छा मेल है. पनीर प्रोटीन का अच्छा स्रोत माना जाता है, इसलिए यह डिश बच्चों से लेकर बड़ों तक सभी के लिए एक अच्छा विकल्प हो सकती है.

सेहत, रिलेशनशिप, लाइफ या धर्म-ज्योतिष से जुड़ी है कोई निजी उलझन तो हमें करें WhatsApp, आपका नाम गोपनीय रखकर देंगे जानकारी.

About the Author

अमित उपाध्याय

अमित उपाध्याय News18 हिंदी की लाइफस्टाइल टीम के अनुभवी पत्रकार हैं, जिनके पास प्रिंट और डिजिटल मीडिया में 9 वर्षों से अधिक का अनुभव है। वे हेल्थ, वेलनेस और लाइफस्टाइल से जुड़ी रिसर्च-बेस्ड और डॉक्टर्स के इंटरव्…और पढ़ें



Source link

Write A Comment