Last Updated:
Watsapp New Feature : वॉट्सऐप ने पिछले दिनों अपना नया फीचर लॉन्च किया था, जिसके बाद से ही इसे लेकर विवाद चल रहा है. सरकार ने भी इस फीचर को लेकर जांच शु्रू की है और कहा है कि जब तक प्रक्रिया पूरी नहीं हो जाएगी इसे उपयोग में नहीं लाया जा सकता है. अब वॉट्सऐप ने अपने नए फीचर को लेकर एफएक्यू जारी किया है.
वॉट्सऐप ने यूजरनेम फीचर को लेकर एफएक्यू जारी किया है.
नई दिल्ली. मेटा के स्वामित्व वाले मैसेजिंग प्लेटफॉर्म वॉट्सऐप ने अपने विवादित ‘यूजरनेम फीचर’ को लेकर अक्सर पूछे जाने वाले सवालों (एफएक्यू) का विस्तृत दस्तावेज जारी किया है. कंपनी ने यह कदम सरकार की ओर से इस फीचर पर जांच शुरू किए जाने के बीच उठाया है और उसका कहना है कि यह फीचर धोखाधड़ी रोकने में काफी कारगर साबित हो सकता है. वॉट्सऐप ने अपने एफएक्यू में बताया है कि ‘यूजरनेम’ का उपयोग किसी और का रूप धारण करने या धोखाधड़ी के लिए न हो इसके लिए कंपनी कौन-कौन से कदम उठाएगी.
यह ‘एफएक्यू’ ऐसे समय जारी किया गया है, जब केंद्र सरकार ने मेटा को नोटिस भेजकर संभावित धोखाधड़ी और किसी अन्य व्यक्ति का रूप धारण करने (इम्पर्सनेशन) के जोखिमों पर चिंता जताई है. सरकार ने कहा है कि इन मुद्दों पर उसकी संतुष्टि होने और परामर्श प्रक्रिया पूरी होने से पहले इस सेवा को लागू नहीं किया जाना चाहिए. सरल शब्दों में कहें तो नया ‘फीचर’ यूजर्स को ऐसा विशिष्ट (यूनिक) ‘यूजरनेम’ बनाने की सुविधा देगा, जिसके जरिये वे अपना मोबाइल नंबर साझा किए बिना व्हाट्सऐप पर दूसरों से जुड़ सकेंगे. इससे धोखाधड़ी बढ़ने की आशंका पैदा हो सकती है.
एफएक्यू में क्या है खास
एफएक्यू के अनुसार, ‘यूजरनेम’ रखना वैकल्पिक होगा. अजनबी लोग ‘यूजरनेम’ खोज नहीं सकेंगे. यूजर चाहें तो अतिरिक्त सुरक्षा के लिए ‘यूजरनेम की’ को भी जोड़ सकते हैं, जिससे किसी को संपर्क करने के लिए ‘यूजरनेम’ के साथ यह ‘की’ (कोड आदि) भी पता होनी चाहिए. व्हाट्सऐप ने कहा कि सार्वजनिक हस्तियों, मशहूर व्यक्तियों, सरकारी संस्थाओं और मेटा से सत्यापित (वेरिफाइड) खातों के प्रसिद्ध नाम पहले से सुरक्षित रखे गए हैं, ताकि उन्हें केवल वास्तविक मालिक ही प्राप्त कर सकें.
फेसबुक-इंस्टा से जुड़ेगा वॉट्सऐप
कंपनी ने यह भी कहा कि जो यूजर अपने इंस्टाग्राम या फेसबुक खाते को व्हाट्सऐप से जोड़ेंगे, वे उसी नाम का ‘यूजरनेम’ प्राप्त कर सकेंगे. इससे वास्तविक स्वामित्व की पुष्टि होगी. बाद में वे चाहें तो इन खातों को अलग भी कर सकते हैं. संदेश मंच ने कहा कि वह ‘ब्लॉक’ और ‘रिपोर्ट’ की लगातार निगरानी करेगा और धोखेबाजों के खिलाफ कार्रवाई करेगा. साथ ही उसने आगाह किया कि लोकप्रिय या चर्चित ‘यूजरनेम’ रिजर्व कराने के दावे झूठे हैं. ऐसे सुरक्षित नाम केवल वास्तविक खाताधारकों को ही दिए जाएंगे.
कंपनी के एफएक्यू में क्या हैं खास सवाल
- क्या ‘यूजरनेम’ रखना अनिवार्य होगा?
नहीं, यह पूरी तरह वैकल्पिक होगा.
अगर मेरी पसंद का ‘यूजरनेम’ उपलब्ध नहीं है तो?
इसके कई कारण हो सकते हैं— - वह पहले से किसी इंस्टाग्राम या फेसबुक खाते का ‘यूजरनेम’ हो, जिसे उसके मालिक के लिए सुरक्षित रखा गया है.
- सार्वजनिक हस्तियों, मशहूर व्यक्तियों, सरकारी संस्थाओं और मेटा-वेरिफाइड खातों जैसे प्रसिद्ध नाम और उनके कुछ रूप पहले से सुरक्षित रखे गए हैं. यदि आप ऐसा नाम लेने का प्रयास करेंगे तो सिस्टम बताएगा कि वह उपलब्ध नहीं है.
- यदि कोई सामान्य नाम पहले ही किसी अन्य उपयोगकर्ता ने ले लिया है, तो आप ‘यूजरनेम जनरेटर’ सुविधा का उपयोग कर सकते हैं.
यदि कोई मेरे जैसा ‘यूजरनेम’ बनाकर मेरा रूप धारण करे या धोखाधड़ी करे तो उसे कैसे रोका जाएगा?
अभी ‘यूजरनेम’ के माध्यम से संदेश भेजने की सुविधा शुरू नहीं हुई है. जब यह सुविधा शुरू होगी और कोई नया व्यक्ति आपको संदेश भेजेगा, तो व्हाट्सऐप उसके देश की जानकारी और पहली बार संपर्क करने संबंधी चेतावनी दिखाएगा. सार्वजनिक हस्तियों के प्रसिद्ध नाम और उनके विभिन्न रूप सत्यापित मालिकों के लिए सुरक्षित रखे गए हैं. साथ ही कंपनी ‘ब्लॉक’ और ‘रिपोर्ट’ के मामलों पर नजर रखकर धोखेबाजों के खिलाफ कार्रवाई करेगी.
यदि किसी को मेरा ‘यूजरनेम’ पता चल जाए या वह उसका अनुमान लगा ले, तो क्या वह मुझे संदेश भेज सकेगा?
जिस तरह व्हाट्सऐप पर किसी फोन नंबर को खोजा नहीं जा सकता, उसी तरह ‘यूजरनेम’ भी खोजा नहीं जा सकेगा. अनचाहे संपर्क से बचने का सबसे अच्छा तरीका है कि आप ‘यूजरनेम की’ जोड़ें और ऐसा ‘यूजरनेम’ चुनें जो केवल व्हाट्सऐप के लिए विशिष्ट हो.
‘यूजरनेम की’ क्या है?
यह अतिरिक्त सुरक्षा उपाय है. यदि आप इसे सक्रिय करते हैं, तो किसी व्यक्ति को संपर्क करने के लिए आपका ‘यूजरनेम’ और ‘यूजरनेम की’ दोनों की जानकारी होनी चाहिए. आप किसी भी समय इस ‘की’ को बदल सकते हैं, जिससे पुराने विवरण के जरिये नया संपर्क संभव नहीं होगा.
क्या मैं बाद में अपना ‘यूजरनेम’ बदल सकता हूं?
हां, यदि नया ‘यूजरनेम’ उपलब्ध होगा तो आप उसे बदल सकेंगे.
About the Author
प्रमोद कुमार तिवारी को शेयर बाजार, इन्वेस्टमेंट टिप्स, टैक्स और पर्सनल फाइनेंस कवर करना पसंद है. जटिल विषयों को बड़ी सहजता से समझाते हैं. अखबारों में पर्सनल फाइनेंस पर दर्जनों कॉलम भी लिख चुके हैं. पत्रकारि…और पढ़ें