Sabudana Cheese Balls Recipe: सावन का महीना आते ही घर-घर में व्रत के लिए खास व्यंजन बनने लगते हैं, लेकिन हर दूसरे दिन साबूदाना खिचड़ी, वड़ा या खीर खाते-खाते स्वाद एक जैसा लगने लगता है. ऐसे में अगर आप इस बार कुछ नया, स्वादिष्ट और बच्चों से लेकर बड़ों तक सभी को पसंद आने वाला स्नैक बनाना चाहते हैं, तो क्रिस्पी साबुदाना बॉल्स एक बेहतरीन विकल्प हो सकते हैं. बाहर से सुनहरे और कुरकुरे, जबकि अंदर से मुलायम और चीज़ से भरे ये बॉल्स खाने में बिल्कुल चीज़ बॉल्स जैसा अहसास देते हैं.

अच्छी बात यह है कि इन्हें बनाने के लिए बहुत ज्यादा मेहनत नहीं करनी पड़ती और ज्यादातर सामग्री घर में आसानी से मिल जाती है, अगर आपके घर में सावन के व्रत रखे जा रहे हैं और आप कुछ अलग परोसना चाहते हैं, तो यह आसान रेसिपी जरूर आजमाएं. एक बार बनाने के बाद परिवार के लोग इसे बार-बार बनाने की फरमाइश कर सकते हैं.

साबुदाना बॉल्स क्यों बन रहे हैं लोगों की पहली पसंद?
साबूदाना लंबे समय से व्रत के खाने का अहम हिस्सा रहा है. इसमें आलू, मूंगफली और हल्के मसालों का साथ मिल जाए तो इसका स्वाद और भी बढ़ जाता है. अब लोग पारंपरिक रेसिपी के साथ नए प्रयोग भी पसंद कर रहे हैं. यही वजह है कि चीज़ स्टफ्ड साबुदाना बॉल्स तेजी से लोकप्रिय हो रहे हैं, अगर घर में बच्चे साबूदाना खिचड़ी खाने से मना करते हैं, तो उन्हें यह स्नैक जरूर पसंद आ सकता है. शाम की चाय के साथ या व्रत खोलने के समय भी इसे परोसा जा सकता है.

साबुदाना बॉल्स बनाने के लिए जरूरी सामग्री
एक कप साबूदाना, दो उबले हुए आलू, आधा कप दरदरी पिसी हुई मूंगफली, दो बारीक कटी हरी मिर्च, एक छोटा चम्मच कद्दूकस किया हुआ अदरक, दो बड़े चम्मच बारीक कटा हरा धनिया, स्वादानुसार सेंधा नमक, आधा छोटा चम्मच काली मिर्च पाउडर, आधा छोटा चम्मच जीरा, आधा कप कद्दूकस किया हुआ चीज़ और तलने के लिए घी या तेल.

ऐसे तैयार करें स्वादिष्ट मिश्रण
सबसे पहले भीगे हुए साबूदाने का अतिरिक्त पानी पूरी तरह निकाल दें, अगर साबूदाना गीला रह जाएगा तो बॉल्स बनाते समय मिश्रण चिपचिपा हो सकता है और तलते समय टूटने का डर रहता है. अब एक बड़े बर्तन में साबूदाना, मैश किए हुए आलू, दरदरी मूंगफली, हरी मिर्च, अदरक, हरा धनिया, सेंधा नमक, काली मिर्च और जीरा डालकर अच्छी तरह मिला लें. ध्यान रखें कि आलू जरूरत से ज्यादा न डालें, क्योंकि इससे बॉल्स का बाहरी हिस्सा ज्यादा नरम हो सकता है.

चीज़ भरकर तैयार करें बॉल्स
अब तैयार मिश्रण से छोटी-छोटी लोइयां बनाएं. हर लोई के बीच में थोड़ा-सा कद्दूकस किया हुआ चीज़ या छोटा चीज़ क्यूब रखें. इसके बाद चारों तरफ से अच्छी तरह बंद करके गोल आकार दें. अगर सभी बॉल्स का आकार लगभग एक जैसा होगा तो तलते समय वे समान रूप से पकेंगे और उनका टेक्सचर भी बेहतर आएगा.

सेहत, रिलेशनशिप, लाइफ या धर्म-ज्योतिष से जुड़ी है कोई निजी उलझन तो हमें करें WhatsApp, आपका नाम गोपनीय रखकर देंगे जानकारी.

सही तरीके से तलने का रखें ध्यान
एक कड़ाही में घी या तेल मध्यम आंच पर गर्म करें. तेल बहुत ज्यादा गर्म नहीं होना चाहिए. तेज गर्म तेल में डालने पर बॉल्स बाहर से जल्दी ब्राउन हो जाएंगे लेकिन अंदर तक ठीक से नहीं पकेंगे. बॉल्स को धीरे-धीरे तेल में डालें और मध्यम आंच पर सुनहरा होने तक तलें. बीच-बीच में हल्के हाथ से पलटते रहें. बार-बार चलाने से बॉल्स टूट सकते हैं, इसलिए थोड़ा धैर्य रखें. जब बॉल्स सुनहरे और कुरकुरे हो जाएं तो उन्हें टिश्यू पेपर पर निकाल लें, ताकि अतिरिक्त तेल निकल जाए.

इन छोटी-छोटी टिप्स से मिलेगा बेहतरीन स्वाद
अगर साबूदाना अच्छी तरह फूला हुआ होगा तो बॉल्स का स्वाद और टेक्सचर दोनों बेहतर होंगे. मूंगफली को हल्का भूनकर दरदरा पीसने से खुशबू बढ़ जाती है. चीज़ की मात्रा अपनी पसंद के अनुसार कम या ज्यादा रख सकते हैं.

इन्हें व्रत वाली मूंगफली की चटनी, दही या हरे धनिये की चटनी के साथ गर्मागर्म परोसें. कई लोग इन्हें एयर फ्रायर में भी हल्के तेल के साथ बनाना पसंद करते हैं, जिससे तेल की मात्रा कम हो जाती है और स्वाद भी बना रहता है. अगर इस सावन आप व्रत के खाने में थोड़ा बदलाव चाहते हैं तो क्रिस्पी साबुदाना बॉल्स जरूर ट्राई करें. यह रेसिपी आसान है, स्वाद शानदार है और घर के हर सदस्य को पसंद आ सकती है. एक बार बनाकर देखेंगे तो यह आपकी पसंदीदा व्रत रेसिपी में शामिल हो सकती है.



Source link

Write A Comment