बॉलीवुड एक्ट्रेस करीना कपूर खान अक्सर किसी न किसी वजह से चर्चा में बनी रहती हैं। हाल ही में एक्ट्रेस विदेश में लंबी छुट्टियों के बाद मुंबई लौटी हैं और अब वह अपनी अपनी तीसरी प्रेग्नेंसी की अफवाहों के कारण चर्चा में हैं। हाल ही में करीना का एक वीडियो सामने आया, जिसे देखने के बाद उनकी प्रेग्नेंसी के कयास लगाए जाने लगे। हालांकि, करीना की टीम और ननद सबा पटौदी ने साफ तौर पर इन अफवाहों को खारिज कर दिया। वहीं अब एक्ट्रेस ने एक इंस्टाग्राम स्टोरी शेयर की है, जिसके जरिए इशारों-इशारों में उन्होंने अपनी तीसरी प्रेग्नेंसी की अफवाहों को खारिज कर दिया है।
करीना कपूर खान की पिज्जा की चाहत
करीना ने एक यूज़र की इंस्टाग्राम पोस्ट को री-शेयर किया, जिसमें वह अपना पेट दिखाते हुए पोज़ दे रहा है और इसके बैकग्राउंड में ‘हम आपके हैं कौन..’ का गाना ‘चॉकलेट, लाइम जूस’ जोड़ा गया है। वीडियो के कैप्शन में तो कुछ नहीं लिखा है, लेकिन पिज्जा और लाफिंग इमोजी जरूर बनाए गए हैं। ये वीडियो मितेश रजानी ने शेयर किया है, जो एक सेलिब्रिटी हेयर और मेकअप आर्टिस्ट हैं। ये मिरर सेल्फी अब करीना ने री-पोस्ट की है और कैप्शन में लिखा, ‘हट ना बे’। करीना ने यह पोस्ट हंसने वाले और पिज़्ज़ा वाले इमोजी के साथ शेयर किया।
करीना कपूर का पोस्ट।
पहले भी फैल चुकी है थर्ड प्रेग्नेंसी की अफवाहें
इससे पहले न्यूयॉर्क में छुट्टियों के दौरान भी एक्ट्रेस को ऐसी ही अफवाहों का सामना करना पड़ा था। दरअसल, वेकेशन के दौरान करीना ने एक इंस्टाग्राम स्टोरी शेयर की थी, जिसका सोशल मीडिया यूजर कुछ और ही मतलब निकाल बैठे और उनकी तीसरी प्रेग्नेंसी की अफवाहें जंगल में आग की तरह फैलने लगीं। हालांकि, एक्ट्रेस ने साफ किया था कि वह पिज्जा और वाइन था, जिसके चलते उनका पेट फूला हुआ लग रहा था और इसी के साथ उन्होंने लोगों से कहा था कि वे बातों को बढ़ा-चढ़ाकर न बताएं। अब हाल ही में वायरल हुए वीडियो के बाद फिर से शुरू हुई अटकलों के बीच करीना की यह नई इंस्टाग्राम स्टोरी सामने आई है।
प्रेग्नेंसी की अफवाहें कैसे शुरू हुईं?
दरअसल, हाल ही में सोशल मीडिया पर करीना कपूर का एक वीडियो वायरल हुआ। वीडियो में वह जिम से निकलकर अपनी कार की ओर जाती नजर आईं और उनकी टीम का एक सदस्य छाता लेकर उन्हें पैपराजी के कैमरों से दूर रखने की कोशिश करता दिखा। वीडियो सामने आने के बाद, कुछ सोशल मीडिया यूज़र्स ने उनके लुक को देखकर ये अंदाजा लगाना शुरू कर दिया कि एक्ट्रेस तीसरी बार प्रेग्नेंट हैं। हालांकि, वीडियो वायरल होने के बाद करीना की ननद सबा अली खान पटौदी ने एक पोस्ट शेयर करते हुए इन अफवाहों को खारिज कर दिया। इसी के साथ सबा ने अपील की कि किसी की निजी जिंदगी के बारे में इस तरह अफवाहें न फैलाई जाएं।
ये भी पढ़ेंः करीना कपूर ने शेयर की वेकेशन फोटो, समुद्र किनारे बिता रहीं छुट्टियां, कूल अंदाज में दिखे सैफ अली खान