Last Updated:
उत्तर प्रदेश का रामपुर शहर अपने नवाबी खानपान और खास मिठाइयों के लिए मशहूर है. इन दिनों यहां का शाही अंजीर हलवा लोगों की पहली पसंद बना हुआ है. देसी घी, दूध और सूखे अंजीर से घंटों की मेहनत के बाद तैयार होने वाली यह मिठाई अपने स्वाद के साथ-साथ सेहत के फायदों के लिए भी जानी जाती है.
रामपुर: उत्तर प्रदेश का रामपुर शहर हमेशा से अपने खास खान-पान और नवाबी जायके के लिए मशहूर रहा है. यहां की गलियों में कदम रखते ही आपको देसी घी की खुशबू और पुरानी मिठाइयों का वो स्वाद मिलेगा जो कहीं और मुमकिन नहीं.
इन्हीं मशहूर स्वादों के बीच इन दिनों अंजीर के हलवे का स्वाद लोगों के सिर चढ़कर बोल रहा है. यह कोई साधारण मिठाई नहीं है, बल्कि इसे तैयार करने का तरीका और इसमें लगने वाली मेहनत इसे बेहद खास बनाती है.
रामपुर की पुरानी और जानी मानी दुकान हकीम जी स्वीट्स पर तैयार हो रहा यह अंजीर का हलवा इन दिनों पसंद बना हुआ है. इस शाही मिठाई की कीमत 700 रुपये प्रति किलो है, फिर भी इसे खरीदने वालों की लंबी कतारें लगी रहती हैं. कारीगरों की मानें तो इस हलवे की सबसे बड़ी खूबी इसकी शुद्धता और इसे बनाने का वह पारंपरिक तरीका है, जिसे आज भी निभाया जा रहा है.
Add News18 as
Preferred Source on Google
कारीगर रजा अली खान बताते हैं कि अंजीर का हलवा तैयार करने में करीब 3 घंटे का समय लगता है. इस दौरान सबसे चुनौतीपूर्ण काम है कढ़ाई में लगातार हाथ चलाना.
अगर आंच थोड़ी भी तेज हुई या हाथ रुका, तो हलवा सख्त हो जाता है और उसका स्वाद पूरी तरह खराब हो सकता है. इसे बिल्कुल मुलायम और स्मूद रखने के लिए धीमी आंच पर घंटों तक पकाना पड़ता है, जब तक कि यह गहरा भूरा न हो जाए.
सबसे पहले बेहतरीन क्वालिटी के सूखे अंजीर को गर्म पानी में भिगोया जाता है. इसके बाद उन्हें अच्छी तरह साफ करके बारीक काटा जाता है. फिर कढ़ाई में दूध, शुद्ध देसी घी, चीनी, इलायची पाउडर और खसखस के साथ अंजीर को डाला जाता है. धीमी आंच पर पकते-पकते जब सारे मसाले और अंजीर एक साथ मिल जाते हैं, तब यह शाही हलवा बनकर तैयार होता है.
अंजीर को सेहत के लिए सबसे ताकतवर ड्राई फ्रूट्स में गिना जाता है. रजा अली खान के मुताबिक, लोग इसे सिर्फ स्वाद के लिए नहीं बल्कि इसके फायदों के कारण भी पसंद कर रहे हैं. माना जाता है कि अंजीर हड्डियों को मजबूत करने और खून साफ करने में काफी मददगार होता है. यही वजह है कि सर्दियों से लेकर गर्मियों तक, हर मौसम में इसकी मांग बनी रहती है.
रामपुर के इस नवाबी हलवे का जादू सिर्फ भारत तक सीमित नहीं है. रजा अली खान बताते हैं कि सऊदी अरब और दुबई जैसे देशों से आने वाले लोग भी इस हलवे को अपने साथ पैक कराकर ले जाते हैं. रामपुर की नवाबी खानपान परंपरा को यह अंजीर का हलवा एक नई पहचान दे रहा है.