रुसो ब्रदर्स ने सोमवार को मार्वल फैंस को एक बड़ा सरप्राइज देते हुए बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘अवेंजर्स: डूम्सडे’ का पहला ट्रेलर जारी कर दिया। ट्रेलर आते ही सोशल मीडिया पर एक तरफ जहाँ उत्साह की लहर दौड़ गई, वहीं दूसरी तरफ इसके विजुअल इफेक्ट्स को लेकर विवाद भी शुरू हो गया। रिलीज के कुछ ही घंटों में लाखों व्यूज हासिल करने और टिकटों की रिकॉर्ड बिक्री के बावजूद दर्शकों का एक बड़ा वर्ग इसके अधूरे और कमजोर सीजीआई की आलोचना कर रहा है। कई लोगों का ये भी कहना है कि रामायण के विजुअल्स इससे काफी अच्छे हैं। कई लोग इसे हॉलीवुड vs बॉलीवुड मान रहे हैं।

फैंस ने उठाए ‘अधूरे’ VFX पर सवाल

ट्रेलर सामने आने के तुरंत बाद सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर इसके विजुअल इफेक्ट्स को लेकर बहस छिड़ गई। कई दर्शकों ने इसके क्लोज़-अप शॉट्स और लाइटिंग में फिनिशिंग की कमी को आड़े हाथों लिया। एक यूजर ने निराशा जताते हुए लिखा कि फिल्म का विजुअल स्टैंडर्ड उम्मीद के मुताबिक नहीं है और कई जगह ग्रीन स्क्रीन का इस्तेमाल साफ झलक रहा है। वहीं, एक अन्य यूजर का कहना था कि थॉर और डॉक्टर डूम के सीन में वीएफएक्स को बेहतर करने की सख्त जरूरत है। हालांकि इस आलोचना के बीच कई मार्वल फैंस का यह भी मानना है कि रिलीज से पहले अक्सर ट्रेलर्स में वीएफएक्स अधूरे होते हैं। फैंस को उम्मीद है कि दिसंबर में सिनेमाघरों में दस्तक देने से पहले मेकर्स इन खामियों को दुरुस्त कर लेंगे। इसके अलावा एक्स-मेन और अवेंजर्स को एक साथ पर्दे पर देखने का उत्साह इतने बड़े बजट की फिल्म की छोटी-मोटी कमियों पर भारी पड़ता दिख रहा है।

भारतीय फैंस ने की ‘रामायण’ से तुलना

इस पूरे विवाद में सबसे दिलचस्प पहलू भारतीय दर्शकों की प्रतिक्रिया रही। भारतीय मार्वल फैंस ने ‘अवेंजर्स: डूम्सडे’ के ट्रेलर की तुलना नितेश तिवारी के निर्देशन और नामित मल्होत्रा के प्रोडक्शन में बन रही बहुचर्चित फिल्म ‘रामायण’ से करनी शुरू कर दी। सोशल मीडिया पर कई यूजर्स ने दावा किया कि ‘रामायण’ की पहली झलक और लीक हुए फुटेज का वीएफएक्स मार्वल की इस विशालकाय फिल्म से कहीं अधिक समृद्ध और बेहतर नजर आता है। यूजर्स का तर्क था कि जहां भारतीय सिनेमा की तकनीक को अक्सर आंका जाता है, वहीं ‘रामायण’ का 1 मिनट का लीक ट्रेलर भी 4K में आए ‘डूम्सडे’ के ट्रेलर से ज्यादा प्रभाव छोड़ता है। कई लोगों ने यह भी लिखा कि अगर हम भारतीय फिल्मों के विजुअल्स पर सवाल उठाते हैं, तो हमें हॉलीवुड के भारी-भरकम बजट वाली फिल्मों की कमियों को भी बिना किसी पक्षपात के स्वीकार करना चाहिए।

वीएफएक्स विवाद के बीच भी एडवांस बुकिंग में रचा इतिहास

ट्रेलर के वीएफएक्स को लेकर चाहे कितनी भी आलोचना हो रही हो, लेकिन बॉक्स ऑफिस पर फिल्म के लिए दीवानगी में कोई कमी नहीं आई है। 18 दिसंबर को रिलीज होने जा रही इस फिल्म के प्रीमियम शो की टिकटे बिक्री शुरू होते ही कुछ ही घंटों में पूरी तरह से बिक गईं। बॉक्स ऑफिस ट्रैकर्स के मुताबिक रिलीज से पांच महीने पहले ही ‘अवेंजर्स: डूम्सडे’ ने प्री-सेल के कई पुराने रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। इसने ‘स्पाइडर-मैन: ब्रांड न्यू डे’ और ‘द फैंटास्टिक फोर: फर्स्ट स्टेप्स’ जैसी बड़ी फिल्मों की एडवांस बुकिंग को शुरुआती दो घंटों में ही पीछे छोड़ दिया।

सितारों की फौज और दिसंबर में होगा महामुकाबला

जो और एंथनी रुसो के निर्देशन में बनी इस फिल्म में हॉलीवुड के दिग्गज कलाकारों की पूरी फौज नजर आने वाली है। फिल्म में रॉबर्ट डाउनी जूनियर, क्रिस इवांस, क्रिस हेम्सवर्थ, पेड्रो पास्कल, टॉम हिडलेस्टन, पैट्रिक स्टीवर्ट, इयान मैकेलेन, फ्लोरेंस प्यू और सेबेस्टियन स्टेन जैसे दर्जनों बड़े नाम एक साथ दिखाई देंगे। यह महागाथा 18 दिसंबर को दुनिया भर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी, जहाँ बॉक्स ऑफिस पर इसका सीधा मुकाबला ‘ड्यून्स: पार्ट थ्री’ से देखने को मिलेगा। अब देखना यह होगा कि क्या मार्वल अपनी इस सबसे बड़ी रिलीज से पहले वीएफएक्स की इन कमियों को दूर कर दर्शकों की उम्मीदों पर खरा उतर पाता है या नहीं।

ये भी पढ़ें: महीनों के सस्पेंस के बाद ‘जन नायकन’ का धमाकेदार प्रोमो रिलीज, विजय के एक्शन अवतार ने मचाया गदर

Latest Bollywood News





Source link

Write A Comment