Last Updated:
Coconut Ladoo Recipe: त्योहार का मौका हो या कोई शुभ अवसर, मीठे के बिना हर खुशी अधूरी लगती है. ऐसे में अगर घर पर ही कम समय और कम सामग्री में शुद्ध और स्वादिष्ट मिठाई बन जाए, तो जश्न का मज़ा दोगुना हो जाता है. नारियल के लड्डू एक ऐसी ही पारंपरिक भारतीय मिठाई है, जो स्वाद में बेमिसाल और बनाने में बेहद आसान है. आइए जानते हैं कंचन सिंह से इसे घर पर आसानी से बनाने की पूरी और सही विधि.
नारियल का लड्डू भारतीय पारंपरिक मिठाइयों में से एक है. इसका प्रयोग पूजा-पाठ, व्रत, त्योहार और पारिवारिक आयोजनों में बेहतर माना जाता है. इसकी सबसे बड़ी खासियत यह है कि इसको बनाने में ज्यादा समय नहीं लगता है और स्वाद बेहद लाजवाब होता है. इसको बच्चे, बड़े या हर कोई खूब पसंद करता है. यह मिठाई अगर घर में बनाई जाए, तो शुद्धता और अपनापन दोनों का खास अनुभव होता है.
नारियल की स्वादिष्ट मिठाई बनाने के लिए दो कप कद्दूकस किया हुआ ताजा या सूखा नारियल, एक कप कंडेंस्ड मिल्क (गाढ़ा दूध), एक कप चीनी, दो चम्मच घी, आधा चम्मच इलायची पाउडर और बारीक कटे हुए काजू और बादाम की जरूरत पड़ती है. इसमें किशमिश या पिस्ता भी डाला जा सकता है.
नारियल का लड्डू बनाने के लिए सबसे पहले एक कढ़ाही में घी गर्म करें. अब इसमें कद्दूकस किया हुआ नारियल डालकर धीमी आंच पर दो से तीन मिनट तक हल्का भून दें. इससे नारियल की कच्ची महक दूर हो जाती है और उसकी प्राकृतिक खुशबू आने लगती है. यह छोटा-सा कदम लड्डू के स्वाद को और भी बेहतर बना देता है.
Add News18 as
Preferred Source on Google
आनंद नगर निवासी कंचन सिंह के अनुसार, अब भुने हुए नारियल में गाढ़ा दूध मिलाना चाहिए. यदि चीनी का उपयोग कर रहे हैं, तो उसे इसी चरण में डाल दें और लगातार चलाते रहना चाहिए. मध्यम आंच पर मिश्रण को तब तक पकाएं, जब तक वह गाढ़ा होकर कढ़ाही छोड़ने न लगे. यही सही समय होता है, जब लड्डू के लिए मिश्रण पूरी तरह से तैयार होता है.
जब मिश्रण गाढ़ा हो जाए, तब उसमें इलायची पाउडर और कटे हुए ड्राई फ्रूट्स डालकर अच्छी तरह मिला लें. अब गैस बंद कर मिश्रण को थोड़ा ठंडा होने दें, पूरा नहीं. ध्यान दें मिश्रण इतना ठंडा हो जाए कि उसे आसानी से हाथों से आकार दिया जा सके, लेकिन पूरी तरह सख्त यानी कठोर नहीं होना चाहिए.
इतना करने के बाद हथेलियों पर थोड़ा-सा घी लगाकर मिश्रण से छोटे-छोटे गोल लड्डू बनाएं. सभी लड्डुओं को एक समान आकार देने की कोशिश करें. हां, तैयार लड्डुओं को सूखे नारियल के बुरादे में हल्का-सा लपेट दें. ऐसा करने से लड्डुओं का स्वाद और आकार दोनों आकर्षक बन जाते हैं.
नारियल के लड्डुओं को एयरटाइट डिब्बे में भरकर फ्रिज में पांच से सात दिनों तक एकदम सुरक्षित रखा जा सकता है. पूजा के प्रसाद, मेहमानों, बच्चों के टिफिन या मीठे नाश्ते के रूप में भी यह शानदार विकल्प साबित हो सकते हैं. घर में बनी मिठाई की बात ही निराली होती है. इसकी शुद्धता भी विश्वसनीय होती है.
अगर आप भी कम समय में स्वादिष्ट और पारंपरिक मिठाई का आनंद लेना चाहते हैं, तो आपके लिए नारियल का लड्डू बेहतरीन विकल्प हो सकता है. सरल विधि, कम सामान और लाजवाब स्वाद हर किसी को खूब भाता है. आप भी यह मिठाई एक बार घर पर बनाएं, यकीन मानिए इसकी मिठास लंबे समय तक यादगार रहेगी.