Last Updated:
Recipe of Appalu: तेलंगाना के ग्रामीण अंचलों की पारंपरिक रसोई से निकला अप्पालु एक बेहद कुरकुरा और लज़ीज़ स्नैक है, जिसे चावल के आटे, तिल, अजवाइन और हरी मिर्च से तैयार किया जाता है. हथेलियों से थपथपाकर बेहद पतला फैलाया गया यह स्नैक गर्म तेल में तलकर पेपर-क्रिस्पी बन जाता है और गरमा-गरम चाय के साथ इसका स्वाद और भी खास हो जाता है.
हैदराबाद. तेलंगाना के ग्रामीण अंचलों की यात्रा तब तक अधूरी है जब तक आप वहां की पारंपरिक महमान नवाज़ी का स्वाद न चख लें. यहां के ग्रामीण इलाकों में शाम ढलते ही चाय की चुस्कियों के साथ एक बेहद अनोखा और पारंपरिक घरेलू स्नैक परोसा जाता है, जिसे स्थानीय भाषा में अप्पालु या चेक्कलू कहा जाता है. यह साधारण सा दिखने वाला चावल के आटे का क्रिस्पी स्नैक यहां की घरेलू पाक-कला का एक बहुत ही सुपाच्य और स्वादिष्ट उदाहरण है.
इस स्नैक की सबसे बड़ी खासियत इसे बनाने की कला में छिपी है. घर की अनुभवी महिलाएं इसके आटे की लोई को बेलन से बेलने के बजाय, अपनी हथेलियों पर तेल लगाकर थपथपाती हैं. वे इसे इतना पतला फैलाती हैं कि गर्म तेल में तलने के बाद यह एकदम पेपर-क्रिस्पी हो जाती है. आइए जानते हैं इस पारंपरिक और लाजवाब स्नैक को घर पर बनाने की आसान रेसिपी.
बेहद आसान है इसे बनाने की रेसिपी
पारंपरिक अप्पालु रेसिपी के लिए जरूरी सामग्री, चावल का आटा 2 कप, हरी मिर्च 4-5 बारीक कटी या कुचली हुई, सफेद तिल 2 चम्मच, अजवाइन 1 छोटा चम्मच, नमक स्वादानुसार, गर्म पानी आटा गूंथने के लिए, तेल तलने के लिए, बनाने की विधि, इसके आटे को तैयार करने का तरीका, एक बड़े बर्तन में चावल का आटा लें. इसमें बारीक कटी हरी मिर्च, सफेद तिल, अजवाइन और नमक डालकर अच्छी तरह मिला लें. अब इस मिश्रण में थोड़ा-थोड़ा उबलता हुआ गर्म पानी डालें और चम्मच से मिलाएं. जब यह छूने लायक हल्का गुनगुना हो जाए तो हाथों से मसलकर एक चिकना और कड़ा आटा गूंथ लें. गर्म पानी से आटा फटने से बचता है.
आटे की छोटी-छोटी नींबू के आकार की लोइयां बना लें. एक प्लास्टिक शीट या केले के पत्ते पर थोड़ा सा तेल लगाएं, एक लोई को इस पर रखकर अपनी हथेलियों और उंगलियों की मदद से दबाते हुए गोल और एकदम पतला फैलाएं. तलने के लिए एक कड़ाही में तेल गर्म करें. आंच को मध्यम रखें. अब बेहद सावधानी से इस पतले फैले हुए अप्पालु को शीट से हटाकर गर्म तेल में डालें. इसे कुरकुरा होने तक तलते रहे. इसे दोनों तरफ से हल्का सुनहरा और क्रिस्पी होने तक तल लें. तेल से निकालकर टिशू पेपर पर रखें, ठंडा होने के बाद इसे एयर-टाइट कंटेनर में स्टोर करें और कड़क चाय के साथ इसका आनंद लें.
About the Author
नमस्ते मेरा नाम मोनाली है, पेशे से पत्रकार हूं, ख़बरें लिखने का काम है. लेकिन कैमरे पर समाचार पढ़ना बेहद पसंद है. 2016 में पत्रकारिता में मास्टर्स करने के बाद पांच साल कैमरे पर न्यूज़ पढ़ने के साथ डेस्क पर खबरे…और पढ़ें