श्रीनगरः जम्मू-कश्मीर में अमरनाथ यात्रा को अगले आदेश तक के लिए सस्पेंड कर दिया गया है। कश्मीर के डिविजनल कमिश्नर अंशुल गर्ग ने बताया कि अगले कुछ दिनों में खराब मौसम के अनुमान और तीर्थयात्रियों की सुरक्षा व भलाई को ध्यान में रखते हुए 19 जुलाई से पहलगाम और बालटाल दोनों मार्गों से श्री अमरनाथजी यात्रा अस्थायी रूप से स्थगित रहेगी। यह अस्थायी रोक इसलिए लगाई गई है क्योंकि मौसम विभाग ने जम्मू-कश्मीर के कुछ हिस्सों में भारी बारिश का अनुमान लगाया है, जिससे अचानक बाढ़, भूस्खलन और मौसम से जुड़ी अन्य आपदाओं की आशंका बढ़ गई है।

श्रद्धालु दोनों बेस कैंप से आगे नहीं जा पाएंगे

आदेश के अनुसार, 19 जुलाई से अगले आदेश तक बालटाल और नुनवान/चंदनवाड़ी बेस कैंप से तीर्थयात्रियों को आगे जाने की अनुमति नहीं होगी। प्रशासन ने कहा कि यात्रा तभी फिर से शुरू होगी जब मौसम की स्थिति का पूरी तरह से आकलन कर लिया जाएगा और यह पुष्टि हो जाएगी कि रास्ते तीर्थयात्रियों के लिए सुरक्षित हैं। यात्रा फिर से शुरू होने के बारे में नई जानकारी समय आने पर दी जाएगी।

प्रदेश में कैसा रहेगा मौसम

मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों में कुछ जगहों पर आंधी-तूफान, बिजली कड़कने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ़्तार से हवाएं चलने की चेतावनी भी दी है। 20 जुलाई से 23 जुलाई के बीच कुछ इलाकों में भारी बारिश हो सकती है, जिससे भूस्खलन, मडस्लाइड, पत्थर गिरने, अचानक बाढ़ और जलभराव का खतरा बढ़ सकता है। स्थानीय मौसम पूर्वानुमान के अनुसार, रविवार को श्रीनगर में आसमान में आंशिक रूप से या आमतौर पर बादल छाए रहने की संभावना है और अधिकतम तापमान लगभग 31 डिग्री सेल्सियस रहेगा। जम्मू में हल्की बारिश या आंधी-तूफान की संभावना है और अधिकतम तापमान लगभग 32 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

श्रीनगर में पड़ रही भीषण गर्मी

बता दें कि जम्मू-कश्मीर की राजधानी श्रीनगर में शनिवार को इस मौसम का सबसे ज़्यादा तापमान 35.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, क्योंकि पूरी घाटी में लू का असर बढ़ गया है। यह तापमान सामान्य से 5.8 डिग्री ज़्यादा था। हालांकि, शहर का अधिकतम तापमान पिछले साल 6 जुलाई को दर्ज किए गए 37.4 डिग्री सेल्सियस के उच्चतम स्तर से कम ही रहा। श्रीनगर में 29 जुलाई, 2024 को भी 36.2 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया था।

कश्मीर के कई इलाकों में भी असामान्य रूप से ज़्यादा तापमान दर्ज किया गया। कुपवाड़ा में 35.6 डिग्री सेल्सियस, बारामूला और गांदरबल में 34.5-34.5 डिग्री सेल्सियस, शोपियां में 34.4 डिग्री सेल्सियस, पुलवामा में 33.4 डिग्री सेल्सियस, कोकेरनाग में 33.1 डिग्री सेल्सियस और काजीगुंड में 32.6 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। मशहूर हिल रिसॉर्ट गुलमर्ग में तापमान 25.6 डिग्री सेल्सियस रहा।

ये भी पढ़ेंः  अमरनाथ यात्रा के दौरान ITBP जवान का दिल छू लेने वाला अंदाज, गीतकार गुलज़ार भी तारीफ किए बिना रह न सके





Source link

Write A Comment