Last Updated:

Moringa Paratha Recipe: मोरिंगा यानी सहजन की पत्तियों से बना पराठा स्वाद और पोषण को एक साथ थाली में लाने का आसान तरीका है. गेहूं के आटे, बेसन, मसालों और ताजी पत्तियों से इसे घर पर तैयार किया जा सकता है. दही, अचार या चटनी के साथ इसका स्वाद और बढ़ जाता है.

ख़बरें फटाफट

Zoom

मोरिंगा यानी सहजन के पत्तों से स्वादिष्ट पराठा बनाने की आसान रेसिपी जानें. (Image-AI generated)

Moringa Paratha Recipe: पराठा रोज के नाश्ते या खाने का हिस्सा है, लेकिन अगर इसमें स्वाद के साथ हरी पत्तियों की अच्छाई भी जोड़ दी जाए तो थाली कुछ अलग हो जाती है. मोरिंगा यानी सहजन की पत्तियों से बना पराठा ऐसी ही एक रेसिपी है, जिसे कम मसालों में आसानी से तैयार किया जा सकता है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की डाइट से जुड़ी इस रेसिपी का जिक्र शेफ और डिजिटल क्रिएटर मनीषा अग्रवाल ने भी किया है. यही वजह है कि मोरिंगा पराठा एक बार फिर चर्चा में है.

इसे बनाने के लिए बहुत ज्यादा सामग्री की जरूरत नहीं पड़ती. गेहूं के आटे और बेसन के साथ ताजी मोरिंगा की पत्तियां मिलाकर स्वादिष्ट और खस्ता पराठा तैयार किया जा सकता है.

मोरिंगा पराठे के लिए क्या चाहिए

इस पराठे के लिए 1 कप गेहूं का आटा, 1/4 कप बेसन और करीब 1 कप ताजी मोरिंगा की पत्तियां लें. स्वाद के अनुसार नमक डालें. मसालों में हल्दी, लाल मिर्च पाउडर और अजवाइन इस्तेमाल की जा सकती है. स्वाद बढ़ाने के लिए थोड़ी कुटी हुई हरी मिर्च और अदरक डालें. आटा गूंथने और पराठे सेंकने के लिए घी या तेल भी रखें.

सबसे पहले मोरिंगा की पत्तियां तैयार करें

मोरिंगा की टहनियों से पत्तियों को अलग करके अच्छी तरह साफ करें. पत्तियों को पानी से धोना जरूरी है ताकि उन पर लगी धूल-मिट्टी निकल जाए. इसके बाद इन्हें कुछ देर पानी सूखने के लिए रख दें. पत्तियों को बारीक काट सकते हैं या जरूरत के मुताबिक सीधे आटे में मिला सकते हैं.

मसालों के साथ गूंथें आटा

एक बड़ी परात में गेहूं का आटा और बेसन लें. इसमें नमक, हल्दी, लाल मिर्च पाउडर और अजवाइन डालें. अब कुटी हुई हरी मिर्च और अदरक के साथ मोरिंगा की पत्तियां मिला दें. एक चम्मच घी डालकर सारी सामग्री को अच्छी तरह मिलाएं. अब थोड़ा-थोड़ा पानी डालते हुए सामान्य नरम आटा गूंथ लें. ध्यान रखें कि आटा बहुत ज्यादा ढीला न हो. इसे कुछ मिनट के लिए रख देने से बेलना आसान हो जाता है.

सेहत, रिलेशनशिप, लाइफ या धर्म-ज्योतिष से जुड़ी है कोई निजी उलझन तो हमें करें WhatsApp, आपका नाम गोपनीय रखकर देंगे जानकारी.

ऐसे बनाएं खस्ता और परतदार पराठा

तैयार आटे की छोटी-छोटी लोइयां बना लें. एक लोई को सूखे आटे में लपेटकर बेलें. अगर आपको पराठा थोड़ा खस्ता और परतदार पसंद है तो बेली हुई रोटी पर हल्का घी लगाकर उसे तिकोना या चौकोर फोल्ड करें. इसके बाद इसे दोबारा बेल लें. इस तरीके से पराठे की परतें अच्छी बनती हैं और सेंकने के बाद उसका स्वाद भी बेहतर लगता है. बहुत ज्यादा पतला बेलने की जरूरत नहीं है. मध्यम मोटाई का पराठा इस रेसिपी के लिए ठीक रहता है.

मध्यम आंच पर सेंकें

तवा गर्म होने के बाद उस पर पराठा डालें. कुछ देर बाद जब एक तरफ हल्के निशान दिखने लगें तो इसे पलट दें. दोनों तरफ थोड़ा घी या तेल लगाकर मध्यम आंच पर सेंकें. पराठे के दोनों तरफ सुनहरा रंग आने और सतह के खस्ता होने तक इसे पलटते रहें. मोरिंगा पराठे को दही, अचार या हरी चटनी के साथ गर्मागर्म परोसा जा सकता है. सुबह के नाश्ते से लेकर लंच तक इसे खाने में शामिल किया जा सकता है.

मोरिंगा की पत्तियां क्यों जोड़ी जाती हैं?

मोरिंगा की पत्तियों में कैल्शियम, आयरन और एंटीऑक्सीडेंट जैसे पोषक तत्व पाए जाते हैं. इसी वजह से इन्हें पौष्टिक आहार का हिस्सा माना जाता है. हालांकि किसी एक खाद्य पदार्थ को सेहत का इलाज या किसी बीमारी से बचाव का साधन मानना सही नहीं है. संतुलित डाइट में अलग-अलग तरह की सब्जियां और पौष्टिक खाद्य पदार्थ शामिल करना ज्यादा महत्वपूर्ण है.

About the Author

Keerti Rajpoot

कीर्ति राजपूत हिंदी डिजिटल मीडिया और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया की एक अनुभवी पत्रकार हैं. उन्हें मीडिया इंडस्ट्री में करीब 13 साल का अनुभव है. वर्तमान में वह साल 2021 से News18 हिंदी की धर्म टीम के साथ जुड़ी हैं, जहां…

और पढ़ें



Source link

Write A Comment