Last Updated:

Jamshedpur Hotel Serving Aloo Chaap-Roti: आपने शायद ही यह कॉम्बिनेशन कभी सुना हो पर सोनारी के भरत होटल में आलू चाप और रोटी का कॉम्बो परोसा जाता है. न कोई चटनी, न कोई ग्रेवी बस ये दो आइटम. लोगों को यह स्वाद इतना पसंद आता है कि सुबह से लाइन लग जाती है और 47 साल से लोग यहां इसका मजा लेने आ रहे हैं.

ख़बरें फटाफट

जमशेदपुर. जमशेदपुर को खान-पान के शौकीनों का शहर कहा जाए तो गलत नहीं होगा. यहां तरह-तरह के व्यंजन और अनोखे स्वाद लोगों को आकर्षित करते हैं. लेकिन शहर के सोनारी इलाके में एक ऐसा नाश्ता मिलता है, जिसका नाम सुनकर ही लोग हैरान हो जाते हैं. यह कॉम्बिनेशन है आलू चाप और रोटी का. पिछले 47 वर्षों से भरत होटल में यह अनोखा नाश्ता लोगों को परोसा जा रहा है और आज भी इसकी लोकप्रियता में कोई कमी नहीं आई है. लोग बड़े चाव से ये कॉम्बिनेशन खाते हैं.

47 साल पहले शुरू हुआ था होटल
सोनारी स्थित भरत होटल की शुरुआत करीब 47 साल पहले हुई थी. उस समय संचालक भरत ने बेहद साधारण तरीके से लोगों को आलू चाप और रोटी खिलाना शुरू किया था. धीरे-धीरे इसका स्वाद लोगों की जुबान पर चढ़ गया और यह नाश्ता इलाके की पहचान बन गया. आज भी सुबह होते ही यहां ग्राहकों की भीड़ लगनी शुरू हो जाती है. कई लोग तो वर्षों से इस होटल के नियमित ग्राहक बने हुए हैं.

दूर-दूर से खाने आते हैं लोग
हैरानी की बात यह है कि यहां आलू चाप के साथ न तो कोई चटनी दी जाती है और न ही मटर या दूसरी कोई सब्जी. सिर्फ गर्मागर्म रोटी और मसालेदार आलू चाप का स्वाद ही लोगों को अपनी ओर खींचता है. साधारण दिखने वाला यह कॉम्बिनेशन स्वाद के मामले में इतना खास है कि शहर के अलग-अलग इलाकों से लोग इसे खाने के लिए पहुंचते हैं.

कभी 25 पैसे था दाम
होटल संचालक भरत बताते हैं कि शुरुआती दिनों में मात्र 25 पैसे में दो पीस आलू चाप और दो रोटी मिलती थी. समय के साथ महंगाई बढ़ी और कीमतों में बदलाव आया. आज एक आलू चाप की कीमत 10 रुपये और एक रोटी की कीमत 5 रुपये है. हालांकि दाम बढ़ने के बावजूद ग्राहकों की संख्या में कोई कमी नहीं आई है. लोग आज भी उसी उत्साह के साथ यहां नाश्ता करने आते हैं.

सालों से नहीं बदला स्वाद
नाश्ता करने पहुंचे ग्राहक रोहित बताते हैं कि उन्होंने कई जगहों पर अलग-अलग तरह के व्यंजन खाए हैं, लेकिन आलू चाप और रोटी जैसा कॉम्बिनेशन कहीं देखने को नहीं मिला. उनका कहना है कि इस होटल का स्वाद वर्षों से एक जैसा बना हुआ है और यही वजह है कि लोग बार-बार यहां लौटकर आते हैं. कई ग्राहक अपने बच्चों और परिवार के सदस्यों को भी यहां का स्वाद चखाने लेकर आते हैं.

खास पहचान बना चुका है यह होटल
जमशेदपुर की पहचान केवल उद्योग और स्टील सिटी के रूप में ही नहीं है, बल्कि यहां के अनोखे खान-पान के लिए भी है. सोनारी का भरत होटल इसका बेहतरीन उदाहरण है, जहां 47 वर्षों से एक साधारण-सा दिखने वाला आलू चाप और रोटी का कॉम्बिनेशन लोगों के दिलों पर राज कर रहा है. बदलते दौर में भी यह स्वाद और परंपरा आज तक बरकरार है, जो इसे शहर की खास पहचान बनाती है.

About the Author

Raina Shukla

बुंदेलखंड यूनिवर्सिटी से मास कम्यूनिकेशन एंड जर्नलिज़्म में मास्टर्स, गोल्ड मेडलिस्ट. पत्रकारिता का सफर दैनिक जागरण से शुरू हुआ, फिर प्रभात खबर और ABP न्यूज़ से होते हुए News18 Hindi तक पहुंचा. करियर और देश की …और पढ़ें



Source link

Write A Comment