How to Make Mini Samosa: हल्की बारिश की आवाज़, ठंडी हवाएं और हाथ में चाय का कुल्हड़ अगर इस शानदार माहौल में किसी चीज़ की कमी है, तो वह है कोई चटपटा और मज़ेदार स्नैक. सालों से हम आलू और प्याज़ के पकौड़ों के साथ बारिश का स्वागत करते आए हैं, लेकिन हर बार वही पुराना स्वाद क्यों? इस बारिश में अपने स्वाद को कुछ नयापन दें. आज ही घर पर कुरकुरे मिनी समोसे बनाकर देखें बिल्कुल वैसे ही, जैसे सड़क किनारे स्टॉल पर मिलते हैं. इनका छोटा साइज़ और कुरकुरापन आपकी शाम की चाय का मज़ा दोगुना कर देगा…
समाग्री
आटे के लिए 1.5 कप मैदा, ½ छोटा चम्मच अजवायन, 3 बड़े चम्मच तेल या घी (मोयन के लिए), और स्वादानुसार नमक, मसालेदार भरावन के लिए 3 आलू (मैश किए हुए), ¼ कप मटर, 1 छोटा चम्मच कटी हुई हरी मिर्च और अदरक, ½ छोटा चम्मच हल्दी पाउडर, 1 छोटा चम्मच धनिया पाउडर, ½ छोटा चम्मच भुना जीरा पाउडर, 1 छोटा चम्मच अमचूर पाउडर या चाट मसाला, थोड़ी सूखी मेथी (कसूरी मेथी), और तलने के लिए तेल.
बनाने का सबसे आसान तरीका
स्टेप 1: सबसे पहले एक मिक्सिंग बाउल में मैदा, अजवायन, नमक और मोयन (घी या तेल) को हाथों से अच्छी तरह मिलाएं. जब आटा मुट्ठी में दबाने पर बंधने लगे, तो थोड़ा-थोड़ा गुनगुना पानी डालकर सख्त आटा गूंथ लें. इसे कपड़े से ढककर 15-20 मिनट के लिए रख दें.
स्टेप 2: एक पैन में तेल गरम करें. अदरक, हरी मिर्च और मटर डालकर थोड़ी देर भूनें. अब मसाले, नमक और मैश किए हुए आलू डालें. मिश्रण को 3-4 मिनट तक अच्छी तरह पकाएं, आखिर में कसूरी मेथी मिलाएं और स्टफिंग को ठंडा होने दें.
स्टेप 3: आटे की छोटी-छोटी लोइयां बनाएं और उन्हें छोटी, पतली रोटियों जैसा बेल लें. हर रोटी को दो हिस्सों में काट लें. एक टुकड़े के सीधे किनारे पर थोड़ा पानी लगाएं, उसे कोन का आकार दें और उसमें आलू का मिश्रण भरें. किनारों को अच्छी तरह दबाकर सील करें ताकि समोसा बन जाए.
स्टेप 4: तलने के लिए तेल गरम करें. ध्यान रखें कि तेल बहुत ज़्यादा गरम न हो. मिनी समोसों को धीमी-मध्यम आंच पर तलें और बीच-बीच में पलटते रहें, जब तक कि वे सुनहरे भूरे और एकदम खस्ता न हो जाएं.
क्रंच पाने के लिए समोसों को कभी भी तेज़ आंच पर न तलें। धीमी आंच पर तलने से बाहरी परत पर बुलबुले नहीं बनते और वे लंबे समय तक खस्ता रहते हैं, बिल्कुल बाज़ार जैसे. आपके गरमा-गरम, स्ट्रीट-स्टाइल मिनी समोसे तैयार हैं. इन्हें हरी पुदीने की चटनी, मीठी इमली की चटनी (सोंठ) और तली हुई हरी मिर्च के साथ परोसें. इस बारिश में आम पकौड़ों को छोड़ें और इन मज़ेदार मिनी समोसों का आनंद लें!
( Disclaimer : इस खबर में दी गई जानकारी और सलाह विशेषज्ञों से हुई बातचीत पर आधारित है. ये सामान्य जानकारी है, व्यक्तिगत सलाह नहीं. इसलिए किसी भी सलाह को अपनाने से पहले विशेषज्ञ की सलाह जरूर लें. किसी भी नुकसान के लिए न्यूज-18 जिम्मेदार नहीं रहेगा.