Last Updated:
Crispy Suji Cutlet Recipe: बारिश के मौसम में कुरकुरे स्नैक्स का मजा लेना चाहते हैं तो सूजी और सब्जियों से बने ये खास कटलेट बेहतरीन ऑप्शन हैं. इन्हें बनाना बेहद आसान है और सबसे खास बात यह है कि एक बार तैयार करके इन्हें फ्रीजर में एक महीने तक स्टोर किया जा सकता है. जरूरत पड़ने पर सीधे निकालकर फ्राई करें और चाय के साथ बाजार जैसा स्वाद घर पर ही पाएं.
बारिश का मौसम आते ही गरमा-गरम और कुरकुरे स्नैक्स की मांग बढ़ जाती है. झमाझम बारिश के साथ बालकनी में चेयर लगाकर अगर टेस्टी कटलेट का स्वाद मिल जाए तो मौसम का मजा दोगुना हो जाता है. हालांकि रोज-रोज कटलेट तैयार करना कई लोगों के लिए मुश्किल होता है. ऐसे में आज हम आपको एक ऐसी आसान रेसिपी बता रहे हैं, जिसे एक बार बनाकर फ्रीजर में स्टोर किया जा सकता है. इसको पूरे महीने जरूरत के अनुसार इस्तेमाल किया जा सकता है. शेफ स्पर्श नरूला की यह रेसिपी स्वाद के साथ-साथ समय की भी बचत करती है.
इस खास कटलेट को बनाने के लिए सबसे पहले बारीक कटा हुआ प्याज, शिमला मिर्च और गाजर तैयार कर लें. आप चाहें तो अपनी पसंद की दूसरी सब्जियां भी इसमें शामिल कर सकते हैं. एक कड़ाही में थोड़ा सा तेल गर्म करें और उसमें इन सब्जियों को हल्का सा भून लें. सब्जियों को ज्यादा पकाने की जरूरत नहीं है, बस इतना भूनें कि उनका कच्चापन खत्म हो जाए और स्वाद निखरकर सामने आ जाए.
अब इसमें एक कटोरी सूजी डालें और लगातार चलाते हुए अच्छी तरह भूनें. सूजी को भूनने से कटलेट का स्वाद और बनावट दोनों बेहतर हो जाते हैं. जब सूजी हल्की सुनहरी दिखाई देने लगे, तब इसमें स्वादानुसार नमक, लाल मिर्च, काली मिर्च, चाट मसाला या अपनी पसंद के दूसरे मसाले डालकर अच्छी तरह मिला लें. मसालों की खुशबू आने लगे तो समझिए कि मिश्रण नेक्स्ट स्टेप के लिए तैयार है.
Add News18 as
Preferred Source on Google
इसके बाद इसमें दो कटोरी पानी डालें. ध्यान रखें कि पानी की मात्रा सूजी से दोगुनी होनी चाहिए. मिश्रण को लगातार चलाते रहें ताकि उसमें गांठें न पड़ें. कुछ ही मिनटों में इसमें उबाल आने लगेगा. उबाल आने के बाद गैस की आंच धीमी कर दें और बर्तन को ढककर पांच से सात मिनट तक पकाएं. इस दौरान सूजी पानी को पूरी तरह सोख लेगी और एक गाढ़ा साथ ही मुलायम मिश्रण तैयार हो जाएगा.
जब मिश्रण पूरी तरह तैयार हो जाए तो उसे एक बड़ी प्लेट या ट्रे में फैलाकर ठंडा होने के लिए रख दें. ठंडा होने के बाद यह मिश्रण काफी सख्त हो जाएगा. घबराएं नहीं, इससे कटलेट बनाना आसान हो जाता है. अब हाथों में थोड़ा सा तेल लगाकर अपनी पसंद के आकार की टिक्कियां या कटलेट तैयार कर लें. गोल, अंडाकार या दिल के आकार में भी इन्हें बनाया जा सकता है. अलग अलग आकार होने की वजह से बच्चों को भी यह स्नैक काफी पसंद आता है. आप चाहें तो इस मिश्रण को आटे की तरह थोड़ा सा तेल डालकर गूंथकर मुलायम भी कर सकते हैं.
कटलेट तैयार होने के बाद इन्हें दो तरीकों से पकाया जा सकता है. अगर आप बाजार जैसा कुरकुरा स्वाद चाहते हैं तो इन्हें गर्म तेल में डीप फ्राई करें. वहीं कम तेल में बनने वाला ऑप्शन पसंद करने वाले लोग तवे पर हल्का तेल लगाकर भी इन्हें सेंक सकते हैं. दोनों ही तरीकों में कटलेट बाहर से सुनहरे और कुरकुरे बनते हैं, जबकि अंदर से नरम और स्वादिष्ट रहते हैं. तैयार कटलेट को हरी चटनी, टोमैटो सॉस या दही की डिप के साथ परोसा जा सकता है.
इस रेसिपी की सबसे खास बात इसका स्टोरेज लंबा है. तैयार कटलेट या उनकी टिक्कियों को एक जिपलॉक बैग या एयरटाइट डिब्बे में रखकर फ्रीजर में स्टोर किया जा सकता है. सही तरीके से पैक करने पर ये लगभग एक महीने तक सुरक्षित रहते हैं. जब भी अचानक मेहमान आ जाएं या शाम की चाय के साथ कुछ खास खाने का मन करे, तो इन्हें सीधे फ्रीजर से निकालकर तल लें. कुछ ही मिनटों में बाजार जैसे कुरकुरे और स्वादिष्ट कटलेट तैयार हो जाएंगे. फ्रीजर से निकालकर तुरंत कढ़ाही में डालें, पिघलने का वेट न करें. साथ ही जिस बैग में या एयरटाइट डिब्बे में इन्हें स्टोर करें, उन्हें ठीक से बंद करें और साफ हाथ से ही कटलेट निकालें. बस फिर जब मन करे बरसात के मौसम का मजा इन स्नैक्स के साथ लीजिए.