Last Updated:

राजमा चावल उत्तर भारत का एक लोकप्रिय व्यंजन है. यहां स्वादिष्ट राजमा चावल बनाने की आसान रेसिपी बताई गई है. जिसे आप इस रविवार बनाकर आप सभी का दिल आसानी से जीत सकते हैं, जानिये बनाने का तरीका.

Zoom

रविवार का दिन परिवार और दोस्तों के साथ सुकून भरे समय का होता है. ऐसे में अगर खाने की थाली में गर्मागर्म राजमा चावल मिल जाएं, तो दिन और भी खास बन जाता है. राजमा चावल उत्तर भारत के सबसे लोकप्रिय व्यंजनों में से एक है, जिसे बच्चे से लेकर बड़े तक सभी पसंद करते हैं. इसका स्वाद, खुशबू और पौष्टिकता इसे एक परफेक्ट वीकेंड मील बनाते हैं. आइए जानते हैं स्वादिष्ट और होटल जैसे राजमा चावल बनाने की आसान रेसिपी.

राजमा बनाने के लिए आवश्यक सामग्री
1 कप राजमा
2 बड़े प्याज (बारीक कटे हुए)
3 टमाटर (प्यूरी बना लें)
1 बड़ा चम्मच अदरक-लहसुन पेस्ट
2 हरी मिर्च (बारीक कटी हुई)
1 छोटा चम्मच जीरा
1 छोटा चम्मच हल्दी पाउडर
1 छोटा चम्मच लाल मिर्च पाउडर
1 छोटा चम्मच धनिया पाउडर
1/2 छोटा चम्मच गरम मसाला
2 बड़े चम्मच तेल या घी
नमक स्वादानुसार
हरा धनिया सजाने के लिए

चावल के लिए सामग्री
1 कप बासमती चावल
2 कप पानी
1 छोटा चम्मच घी
स्वादानुसार नमक

  • राजमा बनाने की विधि
    सबसे पहले राजमा को अच्छी तरह धोकर रातभर पानी में भिगो दें. इससे राजमा जल्दी पकता है और स्वाद भी बेहतर आता है. अगले दिन राजमा का पानी निकालकर उसे कुकर में डालें. इसमें ताजा पानी और थोड़ा नमक मिलाकर 5 से 6 सीटी आने तक पकाएं.
  • अब एक कड़ाही में तेल या घी गर्म करें. इसमें जीरा डालकर तड़काएं. इसके बाद कटे हुए प्याज डालकर सुनहरा होने तक भूनें. फिर अदरक-लहसुन का पेस्ट और हरी मिर्च डालकर कुछ मिनट तक पकाएं.
  • अब टमाटर की प्यूरी डालें और मसाले हल्दी, लाल मिर्च, धनिया पाउडर और नमक मिलाएं. मसाले को तब तक पकाएं जब तक तेल ऊपर न आने लगे. यह स्टेप राजमा के स्वाद को बढ़ाने में सबसे महत्वपूर्ण होता है.
  • जब मसाला अच्छी तरह तैयार हो जाए तो इसमें उबला हुआ राजमा और उसका थोड़ा सा पानी डालें. मध्यम आंच पर 15 से 20 मिनट तक पकने दें ताकि ग्रेवी गाढ़ी हो जाए और मसालों का स्वाद राजमा में अच्छी तरह समा जाए. आखिर में गरम मसाला डालकर मिलाएं और ऊपर से हरा धनिया छिड़क दें.

चावल बनाने की विधि
चावल को अच्छी तरह धोकर 20 मिनट के लिए भिगो दें. एक बर्तन में पानी उबालें, उसमें नमक और घी डालें. अब चावल डालकर मध्यम आंच पर पकाएं. जब चावल पूरी तरह पक जाएं तो गैस बंद कर दें और अतिरिक्त पानी निकाल लें.

स्वाद बढ़ाने के खास टिप्स
राजमा को रातभर भिगोना न भूलें.
राजमा को धीमी आंच पर पकाने से उसका स्वाद और बेहतर होता है.
थोड़ा मक्खन या देसी घी डालने से होटल जैसा स्वाद आता है.
साथ में प्याज का सलाद, दही और अचार परोसें.



Source link

Write A Comment