भारतीय क्रिकेट टीम ने अफगानिस्तान के खिलाफ तीन मैचों की टी20 सीरीज के खेले गए पहले मुकाबले को 7 विकेट से अपने नाम करने में कामयाब रही। टीम इंडिया को पहले मुकाबले में 157 रनों का टारगेट मिला था, जिसको उन्होंने सिर्फ 13.4 ओवर्स में हासिल कर लिया जिसमें अभिषेक शर्मा के 82 रन और ईशान किशन के 42 रनों की पारी ने आसान जीत दिलाने में अहम भूमिका अदा की। इस मैच में ईशान किशन ने अपनी 42 रनों की पारी के साथ एक बड़ी उपलब्धि भी हासिल कर ली जिसमें वह एक साल में इंटरनेशनल क्रिकेट में 50 या उससे अधिक छक्के लगाने वाले सिर्फ 7वें भारतीय खिलाड़ी बन गए हैं।

ईशान किशन बने सचिन-रोहित के क्लब का हिस्सा

टीम इंडिया में लंबे समय के बाद जब ईशान किशन को इस साल की शुरुआत में वापसी करने का मौका मिला तो उन्होंने फिर पीछे मुड़कर नहीं देखा और उसके बाद से उनका बल्ले से जबरदस्त फॉर्म देखने को मिला है। ईशान किशन अभी मौजूदा समय में आईसीसी टी20 बल्लेबाजी रैंकिंग में नंबर-1 की पोजीशन पर काबिज हैं, वहीं टी20 के साथ वनडे में भी उनके बल्ले का कमाल देखने को मिला है। साल 2026 में ईशान किशन ने अब तक 29 इंटरनेशनल मुकाबले खेले हैं, जिसमें वह 28 पारियों में बल्लेबाजी करने में कामयाब रहे हैं जिसमें उन्होंने 36.71 के औसत से 1028 रन बनाए हैं और इस दौरान उनके बल्ले से 2 शतकीय और छह अर्धशतकीय पारियां देखने को मिली हैं। ईशान किशन के बल्ले से साल 2026 में अब तक 50 छक्के देखने को मिले हैं जिसके दम पर वह इंटरनेशनल क्रिकेट में सिर्फ 7वें ऐसे भारतीय खिलाड़ी बन गए हैं जो एक साल में 50 या उससे अधिक छक्के लगाने में कामयाब हो सके हैं।

एक साल में 50 या उससे अधिक छक्के लगाने वाले भारतीय खिलाड़ी

  • सचिन तेंदुलकर – 51 छक्के (साल 1998)
  • रोहित शर्मा – 65 छक्के (साल 2017)
  • रोहित शर्मा – 74 छक्के (साल 2018)
  • रोहित शर्मा – 78 छक्के (साल 2019)
  • सूर्यकुमार यादव – 74 छक्के (साल 2022)
  • रोहित शर्मा – 80 छक्के (साल 2023)
  • सूर्यकुमार यादव – 56 छक्के (साल 2023)
  • शुभमन गिल – 58 छक्के (साल 2023)
  • यशस्वी जायसवाल – 52 छक्के (साल 2024)
  • अभिषेक शर्मा – 54 छक्के (साल 2025)
  • ईशान किशन – 50 छक्के (साल 2026)*

एशियन गेम्स से पहले फॉर्म काफी अहम

टी20 क्रिकेट में मौजूदा समय में ईशान किशन की गिनती सबसे खतरनाक बल्लेबाजों में की जा रही है, जिसमें उन्होंने भारतीय टीम के लिए खुद को मैच विनर बल्लेबाज के रूप में साबित किया है। वहीं आगामी एशियन गेम्स से पहले ईशान के लिए अपने इसी फॉर्म को जारी रखना काफी अहम है। अब भारत और अफगानिस्तान के बीच टी20 सीरीज का दूसरा मुकाबला 15 सितंबर को खेला जाएगा।

ये भी पढ़ें

अभिषेक शर्मा ने रचा इतिहास, टी20 क्रिकेट में 6000 रन पूरे करने वाले बने सबसे तेज भारतीय खिलाड़ी

शेफाली वर्मा ने ध्वस्त किया स्मृति मंधाना का रिकॉर्ड, महिला टी20 एशिया कप में लगाई सबसे तेज फिफ्टी

Latest Cricket News





Source link

Write A Comment