हैदराबाद: तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद और दक्कन के दस्तरख्वान की बात हो और मिठाइयों का जिक्र न आए, ऐसा हो ही नहीं सकता. यहां के खानपान में जहां बिरयानी, हलीम और कबाब अपनी खास पहचान रखते हैं, वहीं पारंपरिक मिठाइयां भी लोगों के स्वाद और संस्कृति का अहम हिस्सा हैं. ऐसी ही एक बेहद खास और लजीज रिवायती मिठाई है मामू पूरी, जिसे गुलबर्गा और हैदराबादी खानपान से जोड़कर देखा जाता है. यह मिठाई अपने अनोखे स्वाद और बनाने के खास अंदाज के कारण दूसरी पूरियों से बिल्कुल अलग नजर आती है.
मामू पूरी बाहर से खस्ता और सुनहरी होती है, जबकि इसके अंदर भुना हुआ मावा भरा जाता है. मावे में इलायची और जायफल की खुशबू मिलकर इसका स्वाद और भी खास बना देती है. पूरी को तलने के बाद जब इसके ऊपर मीठी चाशनी डाली जाती है तो इसका स्वाद और निखर जाता है. चाशनी में डूबी खस्ता पूरी और अंदर का मुलायम मावा मुंह में जाते ही घुलने लगता है. दक्कन की यह पारंपरिक मिठाई त्योहारों, शादी-ब्याह और खास मौकों पर खास तौर पर बनाई जाती है. मामू पूरी में नवाबी दौर की मिठास और दक्कनी रसोई की रिवायत दोनों का स्वाद मिलता है.
मामू पूरी बनाने के लिए जरूरी सामाग्री
मामू पूरी बनाने की विधि
मामू पूरी बनाने के लिए मैदे में घी, नमक और बेकिंग पाउडर डालकर अच्छे से मिला लें. इसके बाद थोड़ा-थोड़ा पानी डालते हुए मैदा गूंथ लें और इसे 10-15 मिनट के लिए ढककर रख दें. इसके बाद एक पैन में खोवा लें और 1 चम्मच घी डालकर धीमी आंच पर भूनें.हल्का रंग बदलने पर इसमें पिसी हुई चीनी, इलायची पाउडर और जायफल पाउडर डालकर अच्छी तरह मिलाते हुए भून लें फिर इसे ठंडा होने के लिए रख दें. अब एक बर्तन में 150 ग्राम चीनी, 1 कप पानी और 2 कुटी हुई इलायची डालें. इसे चीनी घुलने और 1-2 उबाल आने तक ही पकाएं. ध्यान रहे तार वाली चाशनी नहीं बनानी है.
इस तरह तैयार की जाती है हैदराबाद की फेमस मामू पूरी
इस पूरी प्रक्रिया के बाद आटे के छोटे-छोटे नींबू के आकार के पेड़े बना लें दो छोटी पूरियां बेल लें, एक पूरी पर 2-3 चम्मच मावे की स्टफिंग रखें, किनारों पर हल्का पानी लगाएं और दूसरी पूरी ऊपर रखकर किनारों को दबाकर सील करें, किनारों को हाथ से मोड़ते हुए सुंदर डिज़ाइन बना लें. इसके बाद तेल गरम कर पूरियों को धीमी आंच पर दोनों तरफ से सुनहरा भूरा होने तक तलें और निकाल लें. तली हुई पूरियों को कांटे की मदद से हल्का-सा छेद कर लें ताकि चाशनी अंदर जा सके. चम्मच से ऊपर से चाशनी डालें और लगभग 30 मिनट के लिए रख दें ताकि पूरी नरम और रसदार हो जाए. इस प्रकार मामू पूरी बनकर तैयार हो जाएगी और इसे खुद या फिर मेहमानों को परोस सकते हैं.