ACC वूमेन्स एशिया कप 2026 में अब खिताब की रेस में सिर्फ चार टीमें बची हैं। बांग्लादेश ने ग्रुप स्टेज के अपने आखिरी मुकाबले में UAE को 34 रन से हराकर सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली। इस नतीजे के साथ ही टूर्नामेंट के अंतिम-4 का पूरा लाइनअप तय हो गया है। बांग्लादेश सेमीफाइनल में पहुंचने वाली चौथी टीम है। इससे पहले भारत, पाकिस्तान और श्रीलंका ने सेमीफाइनल का टिकट कटाया था।
बांग्लादेश की इस जीत की सबसे बड़ी वजह उसके गेंदबाज रहे, जिन्होंने UAE के सामने 104 रन का लक्ष्य रखा और पूरी पारी के दौरान बल्लेबाजों को खुलकर खेलने का मौका नहीं दिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए बांग्लादेश ने शुरुआती 6 ओवर में दो विकेट गंवाकर सिर्फ 21 रन बनाए। हालांकि टीम ने धीरे-धीरे पारी को संभाला और 20 ओवर में 7 विकेट पर 103 रन तक पहुंचने में कामयाब रही।
छोटे लक्ष्य का पीछा करने उतरी UAE की शुरुआत और भी खराब रही। बांग्लादेशी गेंदबाजों ने पावरप्ले में ही दो विकेट निकाल दिए और UAE 6 ओवर के बाद 2 विकेट पर सिर्फ 15 रन बना सकी। 10 ओवर पूरे होने तक टीम का स्कोर 3 विकेट पर 34 रन था। इसके बाद भी बांग्लादेश ने दबाव कम नहीं होने दिया और लगातार विकेट हासिल करते हुए यूएई की रन गति पर लगाम लगाए रखी। UAE की टीम 20 ओवर में 9 विकेट पर 69 रन ही बना सकी। इस तरह बांग्लादेश ने 34 रन से मुकाबला अपने नाम किया और सेमीफाइनल में पहुंचने वाली चौथी टीम बन गई।
भारत का बांग्लादेश से मुकाबला
भारत ने टूर्नामेंट में सबसे पहले सेमीफाइनल के लिए क्वालीफाई किया था। इसके बाद श्रीलंका ने ग्रुप बी से अंतिम-4 में जगह बनाई। पाकिस्तान ने 7 सितंबर की रात अपना सेमीफाइनल टिकट पक्का किया और अब बांग्लादेश की जीत के साथ चारों टीमों का फैसला भी हो गया। ग्रुप ए में भारत शीर्ष पर रहा, जबकि पाकिस्तान दूसरे स्थान पर रहा। वहीं श्रीलंका ने ग्रुप बी में पहला स्थान हासिल किया और बांग्लादेश दूसरे नंबर पर रहा। पहले सेमीफाइनल में अब भारत का सामना बांग्लादेश से होगा, जबकि दूसरे सेमीफाइनल में श्रीलंका और पाकिस्तान भिड़ेंगे।
कब और कहां होंगे सेमीफाइनल?
एशिया कप 2026 का पहला सेमीफाइनल 10 सितंबर को दुबई में खेला जाएगा, जहां भारत और बांग्लादेश आमने-सामने होंगे। इसके अगले दिन 11 सितंबर को दुबई में ही श्रीलंका और पाकिस्तान के बीच दूसरा सेमीफाइनल होगा। दोनों मुकाबले भारतीय समयानुसार रात 8 बजे शुरू होंगे। टूर्नामेंट का फाइनल 13 सितंबर को दुबई में खेला जाएगा।
यह भी पढ़ें:
दलीप ट्रॉफी जीतने के करीब पहुंची ईस्ट जोन की टीम, तिलक वर्मा की धीमी पारी ने किया बोर
पाकिस्तान क्रिकेट में हड़कंप के बीच मैदान में उतरेगी टीम, कप्तान बाबर आजम के सामने कठिन चुनौती