मध्यप्रदेश के खंडवा जिले की तीर्थनगरी ओंकारेश्वर में घाटों पर गहरे पानी और तेज बहाव के चलते शनिवार को एक बड़ा हादसा होते-होते रह गया। ओंकारेश्वर में नर्मदा नदी में स्नान के लिए उतरा एक बीटेक का छात्र तेज बहाव के चलते अचानक गहरे पानी की ओर चला गया और डूबने लगा, जिसके बाद समय रहते स्थानीय युवकों, गोताखोरों और एसडीईआरएफ के जवानों की तत्परता से डूब रहे एक छात्र की जान बचा ली गई। रेस्क्यू टीम की मुस्तैदी से एक बड़ी अनहोनी टल गई। छात्र को नदी से बाहर निकालने के बाद उसे प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस पूरी घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें बचाव दल को नदी में डूबते छात्र को रेस्क्यू कर बाहर निकालते देखा जा सकता है।

ओंकारेश्वर दर्शन के लिए पहुंचा था छात्र

जानकारी के अनुसार, तेलंगाना निवासी 18 वर्षीय कल्याण अपने छह दोस्तों के साथ भगवान ओंकारेश्वर के दर्शन के लिए आया था। सभी छात्र गुजरात की पारुल यूनिवर्सिटी में बीटेक द्वितीय वर्ष के विद्यार्थी हैं। दर्शन करने के बाद सभी मित्र नर्मदा नदी में स्नान करने के लिए घाट पर पहुंचे। इसी दौरान कल्याण अचानक गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। उसे पानी में डूबता देख उसके दोस्तों ने शोर मचाया और मदद के लिए लोगों को बुलाया।

रेस्क्यू टीम की मुस्तैदी से टला हादसा

आवाज सुनते ही घाट पर मौजूद स्थानीय युवक, प्रशिक्षित गोताखोर और एसडीईआरएफ के जवान तुरंत मौके पर पहुंचे और बिना समय गंवाए उन्होंने नदी में रेस्क्यू शुरू कर छात्र को बाहर निकाला। काफी मशक्कत के बाद छात्र को नदी से सुरक्षित बाहर लाया गया। मौके पर मौजूद लोगों ने प्राथमिक उपचार दिया, जिसके बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए अस्पताल रेफर कर दिया गया। जानकारी के अनुसार समय पर मिले रेस्क्यू के कारण छात्र की जान बच सकी।

घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर खड़े हो रहे सवाल

घटना के बाद घाट पर मौजूद श्रद्धालुओं ने रेस्क्यू टीम की सराहना की। वहीं, इस हादसे ने एक बार फिर ओंकारेश्वर के घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है, कि श्रद्धालुओं की लगातार बढ़ती संख्या को देखते हुए सभी प्रमुख घाटों पर स्थायी गोताखोरों की तैनाती, पर्याप्त सुरक्षा उपकरण, चेतावनी बोर्ड और संवेदनशील स्थानों पर बैरिकेडिंग की व्यवस्था की जानी चाहिए। उनका मानना है, कि ऐसे इंतजाम भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोकने के लिए बेहद जरूरी है।

(खंडवा से प्रतीक मिश्रा की रिपोर्ट)

ये भी पढ़ेंः पत्नी से झगड़े के बाद शख्स ने स्कूल से किया बेटे का अपहरण, पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार





Source link

Write A Comment