Last Updated:

Aam Ka Angura Recipe: आद्रा नक्षत्र शुरू होते ही देवघर के घर-घर में आम का अंगूरा बनने लगता है. आखिर क्या है इस खट्टे-मीठे व्यंजन की खासियत और कैसे मिनटों में तैयार होती है यह पारंपरिक रेसिपी, जानिए इस रिपोर्ट में.

परमजीत: देवघर में आद्रा नक्षत्र का विशेष महत्व माना जाता है. जैसे ही आद्रा नक्षत्र की शुरुआत होती है, यहां के घरों में पारंपरिक व्यंजनों की खुशबू फैलने लगती है. खासकर आम का अंगूरा और सत्तू का पराठा इस मौसम की पहचान माने जाते हैं. वर्षों से चली आ रही यह परंपरा आज भी लोगों के बीच उतनी ही लोकप्रिय है. ग्रामीण इलाकों से लेकर शहर तक, कई परिवार आद्रा नक्षत्र के अवसर पर आम का अंगूरा जरूर बनाते हैं. इसका स्वाद खट्टा, मीठा और हल्का तीखा होता है, जो बरसात के मौसम में खाने का आनंद कई गुना बढ़ा देता है.

किन किन सामग्री की होती है जरूरत 
आम का अंगूरा बनाने के लिए बहुत अधिक सामग्री या ज्यादा समय की आवश्यकता नहीं पड़ती. घर में उपलब्ध कच्चे या हल्के पके आम, गुड़, नमक, जीरा, सौंफ, मेथी दाना, सूखी मिर्च और तेजपत्ता जैसी सामान्य सामग्री से इसे आसानी से तैयार किया जा सकता है. यही वजह है कि यह रेसिपी वर्षों से लोगों की पहली पसंद बनी हुई है. देवघर के बुजुर्ग बताते हैं कि आद्रा नक्षत्र के दौरान आम का अंगूरा खाने की परंपरा पीढ़ियों से चली आ रही है और आज भी लोग इसे बड़े चाव से बनाते हैं.

जानिए बनाने की आसान रेसिपी 
आम का अंगूरा रेसिपी को तैयार करने के लिए सबसे पहले कच्चे आम का ऊपरी हिस्सा काटकर कुछ देर पानी में डालकर रखा जाता है ताकि उसके अंदर की गर्मी निकल जाए. हालांकि यदि आम पहले से फ्रिज में रखा हुआ है तो यह प्रक्रिया जरूरी नहीं होती. इसके बाद आम को अच्छी तरह धोकर उसका छिलका हटा दिया जाता है.आम को चारों तरफ से काटकर छोटे-छोटे टुकड़ों में कर लिया जाता है. कई लोग आम की गुठली में मौजूद गूदे का भी उपयोग करते हैं ताकि स्वाद और बढ़ जाए.

अंगूरा बनाने के लिए ये हैं सामग्री
इसके बाद अंगूरा में डालने वाली सभी सामग्री को पहले से तैयार करके रख लिया जाता है. अब कड़ाही को गर्म कर उसमें थोड़ा तेल डाला जाता है. तेल गर्म होने पर सबसे पहले जीरा, मेथी दाना, तेजपत्ता और सूखी लाल मिर्च डाली जाती है. जब मसालों की खुशबू आने लगे तो अंत में सौंफ डालकर कटे हुए आम के टुकड़े उसमें मिला दिए जाते हैं. इसके बाद धीमी आंच पर लगातार चलाते हुए आम को पकाया जाता है. जरूरत के अनुसार थोड़ा-थोड़ा पानी डालकर करीब 10 से 15 मिनट तक उबाला जाता है ताकि आम पूरी तरह नरम हो जाए.

सत्तू पराठा के साथ इन व्यंजनों के साथ परोसे
जब आम अच्छी तरह पक जाए तो उसे अलग बर्तन में निकालकर रख लिया जाता है. इसके बाद उसी कड़ाही में गुड़ डालकर उसे पिघलाया जाता है. जब गुड़ पूरी तरह घुल जाए तो उसमें पहले से उबाला हुआ आम मिला दिया जाता है. फिर इसे लगभग पांच मिनट तक और पकाया जाता है. कुछ ही देर में खट्टे-मीठे स्वाद वाला पारंपरिक आम का अंगूरा तैयार हो जाता है. देवघर में इसे सत्तू के पराठे, कचौरी, रोटी या अन्य पारंपरिक व्यंजनों के साथ परोसा जाता है. आद्रा नक्षत्र के दौरान यह व्यंजन सिर्फ एक रेसिपी नहीं बल्कि स्थानीय संस्कृति और परंपरा का हिस्सा बन जाता है, जो लोगों को अपनी मिट्टी और विरासत से जोड़कर रखता है.

About the Author

Amit ranjan

मैंने अपने 12 वर्षों के करियर में इलेक्ट्रॉनिक, प्रिंट और डिजिटल मीडिया में काम किया है। मेरा सफर स्टार न्यूज से शुरू हुआ और दैनिक भास्कर, दैनिक जागरण, दैनिक भास्कर डिजिटल और लोकल 18 तक पहुंचा। रिपोर्टिंग से ले…और पढ़ें



Source link

Write A Comment