भारतीय मेंस और महिला क्रिकेट टीमों ने हाल ही में एशिया कप के खिताब जीते, लेकिन दोनों ही टीमों ने ट्रॉफी लेने से मना कर दिया था। इस वजह से ये ट्रॉफियां अभी तक भारतीय क्रिकेट बोर्ड (BCCI) को नहीं मिल पाई हैं। अब बीसीसीआई के सचिव देवजीत सैकिया ने भरोसा जताया है कि यह दोनों ट्रॉफियां एक न एक दिन भारत जरूर आएंगी, हालांकि इसके लिए उन्होंने अभी कोई तय समय नहीं बताया है।
एशिया कप ट्रॉफी को लेकर BCCI सचिव ने क्या कहा?
बीसीसीआई के सचिव देवजीत सैकिया ने भरोसा दिलाया है कि भारत द्वारा जीती गई एशिया कप की दोनों ट्रॉफियां जल्द ही देश वापस लाई जाएंगी। हालांकि, उन्होंने इसके लिए कोई तय समय बताने से मना कर दिया है। बीसीसीआई की 95वीं एजीएम मीटिंग के बाद सैकिया ने कहा कि एशिया कप की ट्रॉफियां एक दिन जरूर आएंगी। मैं आपको कोई समयसीमा नहीं बताऊंगा, लेकिन मैं भरोसा दिला सकता हूं कि दोनों ट्रॉफियां वानखेड़े स्टेडियम स्थित बीसीसीआई कार्यालय में पहुंचेंगी।
2025 में मेंस और 2026 में वुमेंस टीम ने जीती थी ट्रॉफी
भारतीय पुरुष टीम ने 2025 में और महिला टीम ने 2026 में एशिया कप का खिताब जीता, लेकिन दोनों टीमों ने एशियाई क्रिकेट काउंसिल के अध्यक्ष मोहसिन नकवी से ट्रॉफी लेने से साफ मना कर दिया था। इस वजह से दोनों टीमें बिना ट्रॉफी लिए ही वापस लौट आईं। अब बीसीसीआई जल्द से जल्द इन दोनों जीती हुई ट्रॉफियों को भारत वापस लाने की कोशिश कर रहा है। आपको बता दें कि कुछ दिनों पहले भारतीय महिला टीम ने श्रीलंका को हराकर एशिया कप की ट्रॉफी अपने नाम की थी।
एशियन गेम्स में गोल्ड मेडल जीत सकती वुमेंस टीम- देवजीत सैकिया
सैकिया ने इस दौरान भारतीय महिला क्रिकेट टीम के प्रदर्शन पर भी बात की। उन्होंने कहा कि बीसीसीआई को भरोसा है कि भारतीय महिला टीम एशियन गेम्स में गोल्ड मेडल जीत सकती है। उन्होंने कहा कि भारतीय महिला टीम ने जापान के खिलाफ पहला मुकाबला अच्छी तरह जीता है और उम्मीद है कि वह 22 सितंबर को एशियाई खेलों में गोल्ड मेडल जीतेगी। एशियन गेम्स 2026 में वुमेंस का आखिरी क्वार्टर फाइनल मैच आज इंडिया और जापान के बीच खेला गया। इस मैच में भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने बड़ी जीत दर्ज की और सेमीफाइनल में शान से एंट्री कर ली। पहले बल्लेबाजी करते हुए जापान की टीम सिर्फ 57 रन पर ढेर हो गई थी। भारत ने 5 ओवर में 58 रनों के लक्ष्य को 8 विकेट रहते हासिल कर लिया।
यह भी पढ़ें