कानपुर: बर्रा थाना क्षेत्र में किराए के कमरे में रहकर एसएससी (SSC) प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहे 21 वर्षीय छात्र ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी उस समय हुई जब शनिवार शाम उसका दोस्त उससे मिलने कमरे पर पहुंचा। दरवाजा काफी देर तक खटखटाने के बावजूद कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद मकान मालिक और पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने दरवाजा तोड़कर कमरे में प्रवेश किया तो छात्र का शव पंखे के सहारे फंदे से लटका मिला। पुलिस ने फोरेंसिक टीम की जांच के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, हमीरपुर जिले के टिकरौली गांव निवासी अमित साहू (21) पिछले दो वर्षों से कानपुर के बर्रा स्थित दामोदर नगर में किराए पर रहकर एसएससी प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहा था। वह दिनेश दीक्षित के मकान की तीसरी मंजिल पर बने कमरे में अकेला रहता था। परिवार में पिता सिद्ध गोपाल साहू किसान हैं, जबकि मां रीता गृहिणी हैं। अमित के दोनों बड़े भाई अनिल और सुमित रेलवे में कार्यरत हैं।

मकान मालिक ने क्या बताया?

मकान मालिक दिनेश दीक्षित ने बताया कि शनिवार शाम करीब 6:30 बजे अमित का दोस्त लकी उससे मिलने आया था। काफी देर तक दरवाजा खटखटाने और आवाज लगाने के बाद भी अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। कमरे की खिड़की और दरवाजा दोनों अंदर से बंद थे। अनहोनी की आशंका होने पर उसने मकान मालिक को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस और परिजनों को बुलाया गया।

मौके पर पहुंची बर्रा थाना पुलिस ने फोरेंसिक टीम की मौजूदगी में दरवाजा तोड़कर कमरे के अंदर प्रवेश किया। अंदर का दृश्य देखकर सभी हैरान रह गए। अमित का शव पंखे के सहारे फंदे से लटका हुआ था। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आवश्यक साक्ष्य जुटाए।

बर्रा इंस्पेक्टर ने क्या बताया?

बर्रा इंस्पेक्टर रवींद्र कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि शुरुआती जांच में आत्महत्या का मामला सामने आया है, लेकिन इसके पीछे की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस ने मृतक का मोबाइल फोन कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। कॉल डिटेल, मोबाइल डेटा और अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है ताकि आत्महत्या के कारणों का पता लगाया जा सके।

पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल किसी भी तरह का सुसाइड नोट बरामद होने की पुष्टि नहीं हुई है। घटना के बाद परिवार में शोक का माहौल है और प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहे छात्रों में भी इस घटना को लेकर चर्चा बनी हुई है।

इससे पहले IIT कानपुर में 25 साल के PhD छात्र ने सुसाइड किया था। इस घटना से हड़कंप मच गया था। (रिपोर्ट- अनुराग श्रीवास्तव)

ये भी पढ़ें

गाजियाबाद: NEET परीक्षा से पहले 22 साल के छात्र ने फांसी लगाकर आत्महत्या की, पिता सरकारी विभाग में काम करते हैं





Source link

Write A Comment