द ग्रेट खली उर्फ रेसलर दिलीप सिंह 29 अगस्त 2026 को एक दुर्घटना का शिकार हो गए। शनिवार को हरियाणा के पानीपत में एक टोल प्लाजा पर रेसलर की SUV एक कार से टकरा गई। इस दुर्घटना का एक वीडियो जल्द ही सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। इसके बाद ग्रेट खली ने अब एक वीडियो इंस्टाग्राम पर शेयर करके अपने फैंस को अपनी सलामती के बारे में बताया है और दुर्घटना के बारे में जानकारी दी। ‘बिग बॉस 4’ फेम खली ने फैंस को इसे मामूली दुर्घटना बताया और कहा कि यह कोई बड़ी बात नहीं है। साथ ही हेल्थ अपडेट देते हुए, कहा कि वह सुरक्षित हैं।
एक्सीडेंट के बाद ग्रेट खली की हालत कैसी है
खली ने इंस्टाग्राम पर वीडियो शेयर कहा, ‘कल मेरी कार का एक्सीडेंट हो गया था और तब से मुझे अपनी खैरियत जानने के लिए बहुत सारे फोन कॉल और मैसेज मिल रहे हैं, लेकिन सब ठीक है। मैं बिल्कुल ठीक हूं। यह आप लोगों का और भगवान का आशीर्वाद है जो मेरे साथ है। यह एक मामूली दुर्घटना थी और इसीलिए मैं किसी को इसके बारे में बताना नहीं चाहता था, क्योंकि मैं इसे कोई बड़ी बात नहीं बनाना चाहता था, लेकिन फिर वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया इसलिए मैं बस साफ करना चाहता था, लेकिन मैं बिल्कुल ठीक हूं। अपना ध्यान रखें, जय हिंद।’
कार एक्सीडेंट में बाल-बाल बचे खली
एक्सीडेंट के वायरल वीडियो में एक व्हाइट कार का अगला हिस्सा टूटा दिख रहा है। हालांकि, वीडियो में खली चलते हुए और एक दूसरी गाड़ी काली स्कॉर्पियो में बैठते हुए दिखाई दे रहे हैं। ड्राइवर खली के गाड़ी में बैठने का इंतजार करता है और फिर गाड़ी आगे बढ़ाता है, जिससे पता चलता है कि एक्सीडेंट के बाद रेसलर को कोई चोट नहीं आई।
ग्रेट खली का शानदार करियर
रेसलिंग करियर के अलावा, ग्रेट खली टीवी शो ‘बिग बॉस 4’ के रनर-अर रहे हैं और ये सीजन श्वेता तिवारी ने जीता था। उन्होंने 2005 में ‘द लॉन्गेस्ट यार्ड’ में टर्ली के तौर पर फिल्मों में डेब्यू किया। इसके बाद उन्होंने ‘गेट स्मार्ट’, ‘मैकग्रुबर’ और भारतीय फिल्मों ‘कुश्ती’, ‘रामा: द सेवियर’ और ‘हौबा! ऑन द ट्रेल ऑफ द मार्सुपिलामी’ में भी भूमिकाएं निभाईं। 2023 में वह बांग्लादेशी थ्रिलर फिल्म ‘MR-9: डू ऑर डाई’ में नजर आए। उन्होंने कई कॉमेडी और टॉक शो में भी हिस्सा लिया है, जिनमें ‘आप की अदालत’, ‘कॉमेडी नाइट्स विद कपिल’, ‘कॉमेडी नाइट्स बचाओ’ और ‘द कपिल शर्मा शो’ शामिल हैं।
ये भी पढ़ें – द ग्रेट खली ने सुनाई खुशखबरी, घर में गूंजी किलकारी; दूसरी बार बने पिता