नई दिल्ली: केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी की तबीयत खराब हो गई है। मांझी को रविवार शाम सांस लेने में तकलीफ और बुख़ार की शिकायत के बाद दिल्ली के AIIMS में भर्ती कराया गया। जानकारी के अनुसार, केंद्रीय मंत्री मांझी को शाम करीब 5 बजे इमरजेंसी विभाग में लाया गया और रात करीब 9 बजे ICU में शिफ्ट कर दिया गया।
डॉक्टरों की एक टीम रख रही है नजर
सूत्रों ने बताया कि डॉक्टरों की एक टीम उनकी हालत पर नज़र रख रही है और ज़रूरी मेडिकल जांच कर रही है। अस्पताल के सूत्रों के अनुसार, मांझी को डेंगू हो सकता है। हालांकि, AIIMS की ओर से अभी तक उनकी हालत के बारे में कोई जानकारी नहीं दी गई है।
इससे पहले पटना में भी बिगड़ गई थी तबीयत
इससे पहले अभी हाल में ही जीतन राम मांझी की तबीयत खराब हो गई थी। बीमार पड़ने के बाद उन्हें पटना के मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उनकी तबीयत में सुधार हुआ और उन्हें बुधवार को छुट्टी दे दी गई, लेकिन बुधवार देर रात उन्हें फिर से बुखार आ गया। डॉक्टरों की सलाह के बाद मांझी को आगे की जांच और इलाज के लिए तीन सितंबर को दिल्ली ले जाने का फैसला किया गया।
फिलहाल, परिवार के सदस्य और पार्टी नेता जांच के नतीजों और डॉक्टरों से और जानकारी मिलने का इंतज़ार कर रहे हैं। बिहार में पार्टी कार्यकर्ता और शुभचिंतक मांझी की तबीयत के बारे में पूछ रहे हैं और उनके जल्द ठीक होने की कामना कर रहे हैं।
तबीयत में सुधार की दी थी जानकारी
मांझी ने चार सितंबर को अपने एक्स हैंडल पर अपनी तस्वीर के साथ एक पोस्ट किया था। इसमें मांझी ने लिखा, ”कौन कहता है कि हम बीमार है, हम हर वक्त कर्म पथ पर चलने को तैयार हैं। आज थोड़ा ठीक महसूस कर रहा हूं तो लोक कल्याण का काम भी ज़रूरी है। सरकारी छुट्टियों के बीच लंबित कार्यों का निपटारा जारी है”।
कौन हैं जीतन राम मांझी
जीतन राम मांझी बिहार के गयाजी से सांसद हैं और केंद्र सरकार में मंत्री हैं। वह बिहार के मुख्यमंत्री भी रह चुके हैं। नीतीश कुमार से मनमुटाव के बाद उन्होंने जेडीयू छोड़कर हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा (सेक्युलर) नाम से पार्टी बनाई। अभी वह इस पार्टी के संरक्षक हैं। मांझी बिहार में दलित समाज के दिग्गज नेता हैं।
इनपुटः पीटीआई
ये भी पढ़ेंः दशरथ मांझी की जगह जीतनराम मांझी को श्रद्धांजलि देने लगे तेजस्वी, पूर्व सीएम बोले-नशा शराब में होता तो नाचती बोतल
‘वंदे मातरम् के टुकड़े-टुकड़े करने वालों के जनता करेगी टुकड़े-टुकड़े’, जीतन राम मांझी ने किया पोस्ट