Achari Mathri Recipe: चाय के साथ कुछ कुरकुरा खाने की बात हो तो मठरी का नाम सबसे पहले याद आता है. यह ऐसा स्नैक है जिसे एक बार बनाकर कई दिनों तक आराम से रखा जा सकता है. त्योहारों, मेहमानों की खातिरदारी, सफर या शाम की चाय के लिए मठरी हमेशा पसंद की जाती है. हालांकि कई लोगों की शिकायत रहती है कि घर पर बनी मठरी बाजार जैसी खस्ता और परतदार नहीं बनती. कभी वह ज्यादा सख्त हो जाती है तो कभी तलने के बाद नरम पड़ जाती है. अगर आपके साथ भी ऐसा होता है तो अब परेशान होने की जरूरत नहीं है.

कुकिंग एक्सपर्ट मनीषा अग्रवाल ने अचारी मठरी की ऐसी आसान रेसिपी बताई है जिसमें सही मोयन, खास अचारी मसाला और सही तलने की तकनीक अपनाकर आप बिल्कुल बाजार जैसी स्वादिष्ट मठरी घर पर तैयार कर सकते हैं. इसकी सबसे खास बात इसका मसालेदार अचारी स्वाद और परतदार बनावट है जो हर किसी को पसंद आएगी.

सही आटे से शुरू होती है खस्ता मठरी
अचारी मठरी का स्वाद जितना जरूरी है, उससे भी ज्यादा जरूरी उसका आटा होता है. सबसे पहले एक कप मैदा में एक चौथाई कप बारीक सूजी मिलाएं. अब इसमें स्वादानुसार नमक, थोड़ी अजवाइन और एक बड़ा चम्मच घी डालें. घी को अच्छी तरह हाथों से मिलाएं ताकि मिश्रण मुट्ठी में दबाने पर बंधने लगे. यही मोयन मठरी को खस्ता बनाता है. इसके बाद हल्के गर्म पानी की मदद से सख्त आटा गूंथ लें और उसे 15 से 20 मिनट ढककर रख दें.

घर पर तैयार करें स्वादिष्ट अचारी मसाला
मठरी का असली स्वाद उसके मसाले में छिपा होता है. इसके लिए पीली सरसों, मेथी दाना, सौंफ, कश्मीरी लाल मिर्च और हल्दी को मिक्सर में डालकर दरदरा पीस लें. मसाले को ज्यादा बारीक न करें क्योंकि दरदरा मसाला मठरी में बेहतर स्वाद और टेक्सचर देता है. अगर चाहें तो तैयार अचारी मसाले का भी इस्तेमाल कर सकते हैं.

सेहत, रिलेशनशिप, लाइफ या धर्म-ज्योतिष से जुड़ी है कोई निजी उलझन तो हमें करें WhatsApp, आपका नाम गोपनीय रखकर देंगे जानकारी.

बेसन के साथ तैयार करें मसाले की स्टफिंग
अब एक पैन में थोड़ा तेल गर्म करें. इसमें जीरा, कलौंजी और चुटकी भर हींग डालें. इसके बाद तैयार अचारी मसाला डालकर कुछ सेकंड तक भूनें. अब इसमें दो चम्मच बेसन डालें और दो से तीन मिनट तक चलाते हुए भूनें ताकि उसका कच्चापन खत्म हो जाए. आखिर में स्वादानुसार नमक, थोड़ा आमचूर और दो चम्मच पानी डालकर अच्छी तरह मिला लें. इससे मसाला अच्छी तरह बंध जाता है.

आम के अचार का मसाला देगा अलग स्वाद
जब मसाला थोड़ा ठंडा हो जाए तो उसमें डेढ़ चम्मच आम के अचार का मसाला और थोड़ा अचार का तेल मिला दें. अगर अचार में बड़े टुकड़े हों तो उन्हें अलग कर दें. हाथों से हल्का मसलते हुए मसाले को अच्छी तरह मिला लें. यही स्टेप इस रेसिपी को खास बनाता है और मठरी में असली अचारी स्वाद लाता है.

रोल बनाकर तैयार करें परतदार मठरी
अब तैयार आटे की मध्यम मोटाई की रोटी बेलें. उसके ऊपर ब्रश की मदद से थोड़ा पानी लगाएं ताकि मसाला अच्छी तरह चिपक जाए. अब पूरी रोटी पर अचारी मसाला फैलाएं और हाथों से हल्का दबाएं. इसके बाद रोटी का टाइट रोल बना लें. किनारों को पानी लगाकर अच्छी तरह बंद करें. अब रोल को छोटे टुकड़ों में काटें और हल्के हाथ से दबाकर थोड़ा चपटा कर लें.

धीमी आंच पर तलना है सबसे जरूरी
एक कढ़ाही में तेल हल्का गर्म करें. अब तैयार मठरियों को धीमी आंच पर तलें. जब मठरियां अपने आप ऊपर आने लगें तब उन्हें पलटें. दोनों तरफ से सुनहरा और कुरकुरा होने तक तलें. अगर तेल में मसाला निकल जाए तो उसे छलनी से निकाल दें ताकि अगली मठरियां साफ और सुंदर बनें.

मठरी को लंबे समय तक कुरकुरी कैसे रखें
मठरी पूरी तरह ठंडी होने के बाद ही उसे एयरटाइट डिब्बे में भरें. अगर गर्म रहते हुए डिब्बे में रख देंगे तो उसकी कुरकुराहट कम हो सकती है. सही तरीके से स्टोर करने पर यह मठरी दो से तीन हफ्ते तक आसानी से चल सकती है.

परफेक्ट अचारी मठरी के आसान टिप्स
मठरी का आटा हमेशा सख्त रखें. मोयन की मात्रा कम न करें. मसाले को दरदरा ही रखें. तलते समय आंच धीमी रखें क्योंकि तेज आंच पर मठरी बाहर से जल्दी लाल हो जाएगी लेकिन अंदर से कच्ची रह सकती है. मठरी पूरी तरह ठंडी होने के बाद ही स्टोर करें.



Source link

Write A Comment