Pineapple Kadhi Recipe: भारतीय खाने में कढ़ी की एक अलग ही पहचान है. दही और बेसन से बनने वाली पारंपरिक कढ़ी लगभग हर घर में बनाई जाती है. लेकिन इन दिनों सोशल मीडिया पर एक ऐसी कढ़ी की रेसिपी वायरल हो रही है जो न सिर्फ बेहद अलग है बल्कि बहुत कम समय में बनकर तैयार भी हो जाती है. मशहूर शेफ विकास खन्ना की यह खास पाइनएप्पल कढ़ी अपने अनोखे स्वाद की वजह से लोगों का ध्यान खींच रही है. मास्टरशेफ फेम ओइन्द्रिला बाला ने जब इस रेसिपी को साझा किया तो यह तेजी से वायरल हो गई. इस कढ़ी की सबसे खास बात यह है कि इसमें दही और बेसन का इस्तेमाल नहीं किया जाता. इसकी जगह नारियल का दूध, अनानास और कुछ साधारण मसालों का उपयोग किया जाता है. यही वजह है कि इसका स्वाद पारंपरिक कढ़ी से बिल्कुल अलग लेकिन बेहद स्वादिष्ट बनता है.
इस रेसिपी की खासियत क्या है
यह कढ़ी स्वाद के मामले में कई फ्लेवर का शानदार मेल मानी जाती है. इसमें अनानास की मिठास, नींबू की हल्की खटास, नारियल के दूध की क्रीमीनेस और मसालों का तीखापन एक साथ मिलता है. यही वजह है कि यह रेसिपी खाने वालों को एक नया अनुभव देती है. इसके अलावा यह बहुत जल्दी बन जाती है, इसलिए व्यस्त दिनों में भी इसे आसानी से तैयार किया जा सकता है.
किन चीजों की जरूरत होगी
इस खास कढ़ी को बनाने के लिए बहुत ज्यादा सामग्री की जरूरत नहीं पड़ती. इसके लिए ताजा अनानास के टुकड़े, नारियल का दूध, चावल का आटा, नमक, लाल मिर्च, कड़ी पत्ता, राई, जीरा, अदरक, लहसुन, हरी मिर्च, हल्दी, नींबू और थोड़ा सा नारियल तेल चाहिए. ये सभी चीजें मिलकर इस रेसिपी को खास बनाती हैं.
अनानास को पहले मैरिनेट करना जरूरी
इस रेसिपी की शुरुआत अनानास से होती है. कटे हुए अनानास के टुकड़ों में नमक, लाल मिर्च और बारीक कटे हुए कड़ी पत्ते मिलाकर कुछ देर के लिए छोड़ दिया जाता है. इस प्रक्रिया से मसालों का स्वाद अनानास के अंदर तक पहुंच जाता है. बाद में जब यह ग्रेवी में जाता है तो हर बाइट में शानदार स्वाद महसूस होता है.
तड़का बनाता है स्वाद को खास
कढ़ी का असली स्वाद उसके तड़के से आता है. इसके लिए पैन में नारियल तेल गर्म किया जाता है. फिर उसमें राई और जीरा डाला जाता है. इनके चटकने के बाद अदरक, लहसुन और हरी मिर्च डाली जाती है. आखिर में कड़ी पत्ते डालकर कुछ सेकंड तक भुना जाता है. इस तड़के की खुशबू पूरी रेसिपी को खास बना देती है.
नारियल के दूध से तैयार होता है ग्रेवी बेस
तड़का तैयार होने के बाद उसमें नारियल का दूध डाला जाता है. इसी समय हल्दी और चावल का आटा भी मिलाया जाता है. चावल का आटा ग्रेवी को हल्का गाढ़ापन देता है और टेक्सचर को स्मूद बनाता है. इस मिश्रण को धीमी आंच पर कुछ मिनट तक पकाया जाता है. ध्यान रखना जरूरी है कि नारियल के दूध को ज्यादा देर तक न उबाला जाए.
अनानास को हल्का भूनने का तरीका
एक अलग पैन में थोड़ा तेल गर्म करके मैरिनेट किए हुए अनानास के टुकड़ों को हल्का सा भून लिया जाता है. सिर्फ दो मिनट तक भूनने से अनानास का प्राकृतिक स्वाद और ज्यादा निखर कर सामने आता है. इससे उसमें हल्की कैरेमल जैसी मिठास भी आ जाती है, जो इस रेसिपी को और खास बनाती है.
View this post on Instagram