Amiri Khaman Recipe: आप उन लोगों में हैं जिन्हें हल्के, स्वादिष्ट और झटपट बनने वाले स्नैक्स पसंद हैं, तो अमीरी खमन का नाम आपने जरूर सुना होगा. गुजरात की गलियों से निकलकर देशभर के फूड लवर्स के दिलों तक पहुंच चुका यह व्यंजन इन दिनों फिर चर्चा में है. खास बात यह है कि यह सिर्फ एक स्नैक नहीं, बल्कि बची हुई खमन को नए अंदाज में पेश करने की एक शानदार कला भी है. अहमदाबाद और सूरत जैसे शहरों में अमीरी खमन लंबे समय से लोगों की पसंद रहा है. सुबह के नाश्ते से लेकर शाम की चाय तक, इसका स्वाद हर मौके पर फिट बैठता है.

मुलायम खमन, हल्का मीठा-तीखा स्वाद, ऊपर से डाली गई बारीक सेव, ताजा नारियल और अनार के दाने इसे बाकी स्नैक्स से अलग पहचान देते हैं. यही वजह है कि आज भी फूड स्टॉल से लेकर घरों की रसोई तक इसकी लोकप्रियता बनी हुई है.

खमन और ढोकला को एक समझना सबसे बड़ी भूल
देश के कई हिस्सों में लोग खमन और ढोकला को एक ही डिश मान लेते हैं, लेकिन असल में दोनों अलग हैं. खमन मुख्य रूप से बेसन या चना दाल से बनाया जाता है, जबकि ढोकला में चावल और दाल का मिश्रण इस्तेमाल होता है. दोनों को भाप में पकाया जाता है, लेकिन स्वाद, बनावट और तैयारी का तरीका अलग होता है. खमन की पहचान उसके नरम और स्पंजी टेक्सचर से होती है. इसमें हल्की मिठास और खट्टापन भी महसूस होता है, जो इसे खाने में बेहद मजेदार बनाता है. यही खमन जब नए तरीके से तैयार किया जाता है तो वह अमीरी खमन बन जाता है.

आखिर क्या है अमीरी खमन?
अमीरी खमन को खमन का शाही रूप कहा जाए तो गलत नहीं होगा. आमतौर पर बचा हुआ खमन या ऐसा खमन जो परोसने लायक न दिखे, उसे तोड़कर या क्रम्बल करके दोबारा तैयार किया जाता है. फिर इसमें ताजा तड़का, हल्की मिठास, नींबू का स्वाद और कई तरह की गार्निशिंग जोड़ दी जाती है. इस पूरी प्रक्रिया के बाद साधारण खमन एक आकर्षक और बेहद स्वादिष्ट स्नैक में बदल जाता है. ऊपर से डाली गई बारीक सेव, अनार के दाने, हरा धनिया और ताजा नारियल इसकी खूबसूरती और स्वाद दोनों को कई गुना बढ़ा देते हैं.

सेव खमनी और अमीरी खमन में क्या फर्क है?
कई लोग अमीरी खमन और सेव खमनी को एक ही डिश समझते हैं, लेकिन दोनों में अंतर है. सेव खमनी आमतौर पर चना दाल से बने खास खमन से तैयार की जाती है, जबकि अमीरी खमन किसी भी प्रकार के खमन से बनाया जा सकता है. दोनों की प्रस्तुति और स्वाद में भी थोड़ा फर्क होता है.

सेहत, रिलेशनशिप, लाइफ या धर्म-ज्योतिष से जुड़ी है कोई निजी उलझन तो हमें करें WhatsApp, आपका नाम गोपनीय रखकर देंगे जानकारी.

घर पर ऐसे बनाएं स्वादिष्ट अमीरी खमन
अमीरी खमन बनाने के लिए सबसे पहले खमन को हाथों से अच्छी तरह तोड़ लिया जाता है. इसके बाद कड़ाही में तेल गर्म करके सरसों, तिल और हींग का तड़का लगाया जाता है. फिर अदरक, लहसुन और हरी मिर्च का दरदरा पेस्ट डालकर हल्का भून लिया जाता है.

अब इसमें टूटा हुआ खमन मिलाया जाता है. जरूरत के अनुसार नमक, चीनी और थोड़ा नींबू का रस मिलाया जाता है. कुछ मिनट हल्की आंच पर पकाने के बाद इसे सर्विंग बाउल में निकाला जाता है. आखिर में ऊपर से बारीक सेव, कद्दूकस किया हुआ नारियल, हरा धनिया और अनार के दाने डालकर परोसा जाता है.

छोटे-छोटे टिप्स बढ़ा देंगे स्वाद
अच्छा अमीरी खमन बनाने के लिए कुछ बातों का ध्यान रखना जरूरी है. खमन को ज्यादा देर तक नहीं भूनना चाहिए, वरना उसका मुलायमपन खत्म हो सकता है. गार्निशिंग में सेव और अनार की मात्रा कम नहीं रखनी चाहिए, क्योंकि यही इसकी खास पहचान है. इसके अलावा पिसी हुई चीनी का इस्तेमाल स्वाद को बेहतर बनाता है, अगर खमन में पहले से खट्टापन मौजूद है तो नींबू का रस बहुत कम डालें. इससे स्वाद संतुलित बना रहता है.

क्यों बढ़ रही है अमीरी खमन की लोकप्रियता?
आज के दौर में लोग ऐसे स्नैक्स पसंद कर रहे हैं जो स्वादिष्ट होने के साथ हल्के भी हों. अमीरी खमन इस जरूरत पर पूरी तरह खरा उतरता है. इसमें कम तेल लगता है, यह जल्दी तैयार हो जाता है और परिवार के हर सदस्य को पसंद आता है. सोशल मीडिया पर भी इसकी रंग-बिरंगी प्रस्तुति लोगों को आकर्षित कर रही है. कई फूड ब्लॉगर और होम शेफ इसे नए-नए अंदाज में पेश कर रहे हैं, जिससे इसकी लोकप्रियता लगातार बढ़ रही है. अमीरी खमन इस बात का शानदार उदाहरण है कि बची हुई चीजों को भी थोड़ा रचनात्मक बनाकर एक नई और स्वादिष्ट डिश में बदला जा सकता है. यही कारण है कि गुजरात का यह पारंपरिक स्नैक आज देशभर में अपनी खास जगह बना चुका है.



Source link

Write A Comment