पटना: गंगा और पुनपुन नदी के बढ़ते जलस्तर का असर अब पटना के कई इलाकों में दिखाई देने लगा है। बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में जहां प्रशासन राहत और बचाव कार्य में पूरी तरह मुस्तैद है, वहीं दीदारगंज फोरलेन नेशनल हाईवे के पास स्थित ट्रैक्टर वेयरहाउस में भी पानी घुस गया है। जलजमाव के कारण गोदाम परिसर में खड़े कई नए ट्रैक्टर पानी में पूरी तरह डूब गए हैं। इससे वाहनों को भारी नुकसान की आशंका जताई जा रही है।
अधिकारियों ने हालात का जायजा लिया
वहीं बाढ़ की स्थिति को देखते हुए पटना जिला प्रशासन की ओर से राहत, बचाव और सहायता कार्य तेज कर दिए गए हैं। जिलाधिकारी एसपी ने गंगा के विभिन्न घाटों, सामुदायिक रसोई केंद्रों और पुनपुन क्षेत्र का जायजा लिया। अधिकारियों ने प्रभावित लोगों से बातचीत कर उनकी समस्याओं की जानकारी ली और संबंधित पदाधिकारियों को संवेदनशीलता के साथ राहत कार्य संचालित करने का निर्देश दिया।
प्रशासन के अनुसार बाढ़ प्रभावित इलाकों में सुरक्षित आवागमन और राहत कार्यों के लिए 189 नौकाएं लगाई गई हैं। स्वास्थ्य सेवाओं के लिए 34 एम्बुलेंस और 20 मेडिकल कैंप सक्रिय हैं। प्रभावित लोगों के लिए 34 सामुदायिक रसोई केंद्र संचालित किए जा रहे हैं, जहां जरूरतमंदों को भोजन उपलब्ध कराया जा रहा है।
पशुधन की सुरक्षा के लिए 15 पशु शिविर लगाए गए हैं और अब तक करीब 1,680 पशुओं का इलाज किया जा चुका है। वहीं एक हजार क्विंटल से अधिक पशुचारा वितरित किया गया है। प्रभावित परिवारों को राहत के लिए 6,018 पॉलीथीन शीट्स भी उपलब्ध कराई गई हैं।
SDRF की आठ और SSB की दो टीमें तैनात
रेस्क्यू कार्य को तेज करने के लिए SDRF की आठ और SSB की दो टीमें तैनात हैं। दियारा क्षेत्रों में बाढ़ के कारण वन्यजीवों के आबादी वाले क्षेत्रों में आने की आशंका को देखते हुए वन विभाग की रेस्क्यू टीम को भी सक्रिय रखा गया है।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में सावधानी बरतें और जंगली जानवर दिखाई देने पर उसके करीब जाने के बजाय तत्काल प्रशासन या वन विभाग को सूचना दें। अधिकारियों की नजर गंगा-पुनपुन के जलस्तर, तटबंधों, सड़कों, राहत केंद्रों और संवेदनशील इलाकों पर लगातार बनी हुई है।
पटना-गया रेलखंड प्रभावित
इससे पहले मध्य पूर्व रेलवे ने एक अधिसूचना जारी कर कहा था कि पटना-गया खंड पर पुनपुन और परसा बाजार स्टेशनों को जोड़ने वाली पुल संख्या 21 पर जलस्तर खतरनाक रूप से बढ़ जाने के कारण कुछ रेलगाड़ियों को रद्द कर दिया गया है या फिर उनका मार्ग बदला गया है।
वैशाली जिले के राघोपुर के तेरेसिया में महात्मा गांधी सेतु के पाया नंबर-9,10 के पास गंगा में 11 लोगों से भरी नाव पलट गई। इस हादसे में 9 लोगों को बचा लिया गया जबकि दो लोगों की तलाश जारी है। मंगलवार दोपहर को यह नाव राघोपुर से दीघा की ओर जा रही थी, तभी गांधी सेतु पुल के पास तेज धारा में फंसकर अनियंत्रित हो गई।
रिपोर्ट-बिट्टू कुमार, पटना
ये भी पढ़ें:
पटना में बाढ़ से हाहाकार! दीघा की बिंद टोली जलमग्न, 1500 परिवार बेघर होकर सड़क पर रहने को मजबूर